World Brain Tumor Day 2025 : दिमाग हमारे शरीर का कमांडिंग ऑर्गन होता है, इसलिए इसकी सेहत का ख्याल ठीक से रखना बहुत जरूरी होता है। आपने देखा होगा कि कुछ लोगों को अक्सर सिर में दर्द बना रहता है। ज्यादातर सिर का दर्द सामान्य होता है, लेकिन यदि ये दर्द हमेशा बना रहे और कभी तेज भी हो तो आपको सावधान हो जाना चाहिए। क्योंकि ये आपके सिर में होने वाले ट्यूमर का संकेत हो सकता है। जी हां ब्रेन ट्यूमर दुनिया भर में तेजी से फैल रही एक गंभीर समस्या है। इसकी गंभीरता को देखते हुए World Brain Tumor Day (8 जून) के मौके पर हमने बात की फोर्टिस अस्पताल, फरीदाबाद के निदेशक न्यूरोलॉजी डॉ. विनीत बंगा से...
ब्रेन ट्यूमर का सबसे आम लक्षण - Sign of Brain Tumor
डॉ. विनीत बंगा कहते हैं कि सिर दर्द आम समस्या है, लेकिन जब यह लगातार बना रहे या दिन-ब-दिन बढ़ता जाए, तो यह सिर्फ थकान या तनाव नहीं बल्कि किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है। ब्रेन ट्यूमर, यानी मस्तिष्क में असामान्य कोशिकाओं की वृद्धि, ऐसा ही एक खतरनाक रोग है, जिसके शुरुआती लक्षणों में लगातार सर दर्द प्रमुख रूप से शामिल होता है।
ब्रेन ट्यूमर क्या है? - What is Brian Tumor in Hindi
डॉ. विनीत बंगा की मानें तो, ब्रेन ट्यूमर मस्तिष्क या उसकी झिल्लियों में होने वाली एक असामान्य वृद्धि है। यह वृद्धि सौम्य (Benign) हो सकती है जो धीरे-धीरे बढ़ती है, या घातक (Malignant) जो तेज़ी से फैलती है और जानलेवा हो सकती है। ट्यूमर मस्तिष्क के किसी भी हिस्से को प्रभावित कर सकता है, जिससे शरीर के अलग-अलग हिस्सों में समस्या पैदा हो सकती हैं।
सिर दर्द कब बन सकता है खतरे की घंटी?
डॉ. विनीत बंगा की मानें तो जब सिर दर्द हर रोज एक ही समय पर हो इसके साथ दर्द के साथ उल्टी या मतली हो, सुबह उठते ही तेज दर्द महसूस हो, दर्द के साथ दृष्टि में धुंधलापन या दोहरी छवि दिखे, दर्द में दवा लेने के बाद भी आराम न मिले, साथ में दौरे (seizures) या बेहोशी जैसी समस्या हो तो ये सभी संकेत ब्रेन ट्यूमर की संभावना को दर्शाते हैं।
ब्रेन ट्यूमर के अन्य लक्षण - Symptoms of Brain Tumor
- याददाश्त में कमी।
- व्यवहार में बदलाव।
- बोलने या समझने में कठिनाई।
- शरीर के किसी एक हिस्से में कमजोरी या सुन्नपन।
ब्रेन ट्यूमर की जांच और इलाज
डॉ. विनीत बंगा ने बताया कि आप लेख में बताए गए उपरोक्त लक्षण लगातार महसूस कर रहे हैं, तो तुरंत एमआरआई (MRI), सीटी स्कैन (CT Scan) जैसी जांच करवानी चाहिए। इलाज में सर्जरी, रेडियोथेरेपी, और कीमोथेरेपी शामिल हो सकते हैं, जो ट्यूमर के प्रकार और स्थान पर निर्भर करता है।
निष्कर्ष
डॉ. विनीत बंगा कहते हैं कि हर सर दर्द खतरनाक नहीं होता, लेकिन बार-बार और असामान्य प्रकार का दर्द आपके शरीर के लिए चेतावनी हो सकता है। इसलिए, सिर दर्द को हल्के में न लें। समय रहते जांच और सही इलाज से ब्रेन ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारी को हराया जा सकता है।
