अध्यात्म

Fengshui Tips: घर में किस दिशा में लगानी चाहिए फैमिली फोटो, जानें बेडरूम में Family Photo लगाना सही या गलत

Fengshui Tips for Family Photos: फेंगशुई के अनुसार मास्टर बेडरूम में बहुत बड़ी फैमिली फोटो लगाने से बचना चाहिए। माना जाता है कि इससे पति-पत्नी के निजी रिश्तों में बाहरी हस्तक्षेप बढ़ सकता है

Image

घर पर फैमिली फोटो कहां और कैसे लगाएं (AI Image)

Fengshui Tips for Family Photos: घर में अकसर लोग अपनी और परिवार के दूसरे सदस्यों की फोटो लगाते हैं। ये तस्वीरें उनकी यादों का हिस्सा होती हैं। फेंगशुई की मानें तो ये तस्वीरें घर के माहौल और रिश्तों की ऊर्जा को भी प्रभावित करती है। इसके अनुसार, फैमिली फोटो सही दिशा और सही तरीके से लगाई जाए तो घर में सकारात्मक ऊर्जा, आपसी प्रेम और खुशहाली बनी रहती है। वहीं गलत जगह पर लगी तस्वीरें घर में तनाव का माहौल पैदा कर सकती हैं।

किस दिशा में लगानी चाहिए फैमिली फोटो?

फेंगशुई के मुताबिक फैमिली फोटो लगाने के लिए घर की पूर्व दिशा सबसे शुभ मानी जाती है। यह दिशा परिवार, स्वास्थ्य और रिश्तों से जुड़ी होती है। ड्रॉइंग रूम या लिविंग एरिया की पूर्वी दीवार पर मुस्कुराते हुए परिवार की तस्वीर लगाने से घर में पॉजिटिव एनर्जी बनी रहती है। इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम दिशा भी रिश्तों को मजबूत करने वाली मानी जाती है। यहां पति-पत्नी या पूरे परिवार की तस्वीर लगाना अच्छा माना जाता है।

कैसी तस्वीरें लगानी चाहिए?

घर में हमेशा खुश और सकारात्मक तस्वीरें ही लगानी चाहिए। ऐसी फोटो चुनें जिसमें परिवार के सभी सदस्य मुस्कुराते हुए नजर आएं। फेंगशुई मानता है कि तस्वीरों की भावनाएं भी घर के वातावरण को प्रभावित करती हैं। बहुत उदास, अकेलेपन वाली या झगड़े के समय की तस्वीरें लगाने से बचना चाहिए। इसके अलावा टूटी हुई फ्रेम या धुंधली तस्वीरें भी नकारात्मक ऊर्जा बढ़ा सकती हैं।

बेडरूम में फैमिली फोटो लगाना सही या गलत

फेंगशुई के अनुसार मास्टर बेडरूम में बहुत बड़ी फैमिली फोटो लगाने से बचना चाहिए। माना जाता है कि इससे पति-पत्नी के निजी रिश्तों में बाहरी हस्तक्षेप बढ़ सकता है। बेडरूम में कपल की खुशहाल तस्वीर लगाना बेहतर माना जाता है। बच्चों के कमरे में उनकी मुस्कुराती हुई फैमिली फोटो लगाना आत्मविश्वास और भावनात्मक सुरक्षा बढ़ाने वाला माना जाता है।

घर में कहां भूलकर भी न लगाएं तस्वीरें

फैमिली फोटो को कभी भी बाथरूम, सीढ़ियों के नीचे या स्टोर रूम जैसी जगहों पर नहीं लगाना चाहिए। फेंगशुई में इन स्थानों को ऊर्जा के लिहाज से कमजोर माना जाता है। इसके अलावा मृत परिजनों की तस्वीरें भी लिविंग रूम में लगाने से बचने की सलाह दी जाती है। उन्हें घर के किसी शांत और सम्मानजनक स्थान पर रखना बेहतर माना जाता है।

फेंगशुई के मुताबिक ये बातें भी हैं जरूरी

फोटो फ्रेम हमेशा साफ और सही हालत में होने चाहिए। धूल जमी या टूटी फ्रेम रिश्तों में ठहराव का संकेत मानी जाती है। समय-समय पर नई खुशहाल यादों की तस्वीरें लगाना भी घर में ताजगी और सकारात्मकता बनाए रखता है। इसलिए सही तस्वीर और सही दिशा चुनना रिश्तों में खुशहाली बनाए रखने का एक आसान लेकिन असरदार तरीका हो सकता है।

Suneet Singh
सुनीत सिंह author

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे ... और देखें

End of Article