ढाका: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भारत और श्रीलंका की साझा मेजबानी में आयोजित होने वाले टी20 विश्व कप 2026 के मैच भारत में नहीं खेलने का फैसला किया है। आईसीसी से अल्टीमेटम मिलने के बाद बीसीबी ने ढाका में आयोजित एक बैठक में ये फैसला किया। एएनआई द्वारा जारी किए गए बयान में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के प्रेसिंडेट अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने कहा, हम आईसीसी के साथ बातचीत जारी रखेंगे। हम वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं, लेकिन हम भारत में नहीं खेलेंगे। हम लड़ते रहेंगे। आईसीसी की बोर्ड मीटिंग में कुछ चौंकाने वाले फैसले लिए गए। मुस्तफिजुर का मामला कोई अकेला मामला नहीं है। उस मामले में वे (भारत) ही अकेले फैसला लेने वाले थे।
आईसीसी से बांग्लादेश को है न्याय की उम्मीद
पीटीआई ने अपनी रिपोर्ट में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के हवाले से कहा, बांग्लादेश की टीम भारत में T20 वर्ल्ड कप नहीं खेलेगी, लेकिन उसे अभी भी ICC से न्याय की उम्मीद है। भारत में खेलने को लेकर सुरक्षा का खतरा अभी भी बना हुआ है।' बांग्लादेश सरकार के खेल सलाहकार आसिफ नज़रुल ने कहा, हमें उम्मीद है कि आईसीसी हमें श्रीलंका में खेलने की इजाजत देकर न्याय करेगा। अगर ICC हमें जगह नहीं दे पाता है, तो यह वर्ल्ड क्रिकेट के लिए एक बड़ा नुकसान होगा और मेजबान देश के लिए भी एक नाकामी होगी।
आईसीसी ने सिरे से खारिज की वेन्यू में बदलाव की मांग
आईसीसी ने बुधवार को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की टी20 विश्व कप 2026 में भागीदारी के लिए वेन्यू में बदलाव की मांग को सिरे से खारिज कर दिया था। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा का हवाला देते हुए अपने मैच भारत से श्रीलंका स्थानांतरित करने की मांग की थी। आईसीसी ने बीसीबी को 24 घंटे का वक्त दिया था जिसमें उसे टी20 विश्व कप में भागीदारी पर फैसला करना था। आईसीसी ने अपने बयान में कहा, यह फैसला सभी सुरक्षा आकलनों पर विचार करने के बाद लिया गया है, जिनमें स्वतंत्र रिव्यू भी शामिल था। इससे संकेत मिला कि देश में किसी भी टूर्नामेंट स्थल पर बांग्लादेशी खिलाड़ियों, मीडिया कर्मियों, अधिकारियों और प्रशंसकों को कोई खतरा नहीं है।'
टी20 विश्व कप 2026 के लिए बांग्लादेश का कार्यक्रम
बांग्लादेश को टी20 विश्व कप 2026 के लिए इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, इटली और नेपाल के साथ ग्रुप सी में जगह मिली है। बांग्लादेश को अपने मैच 7 फरवरी, 9 फरवरी और 14 फरवरी को वेस्टइंडीज, इटली और इंग्लैंड के खिलाफ कोलकाता के इडेन गार्डन्स मैदान पर खेलने हैं। वहीं ग्रुप दौर का चौथा और आखिरी मुकाबला उसे नेपाल के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 17 फरवरी को खेलना है। लेकिन बांग्लादेश ने दोनों वेन्यू में खेलने से इनकार कर दिया है।
टी20 विश्व कप 2026 के लिए बांग्लादेश टीम (Bangladesh T20 World Cup Squad)
लिटन कुमार दास (कप्तान), तंजीद हसन, मोहम्मद परवेज हुसैन इमोन, मोहम्मद सैफ हसन, एमडी तौहीद ह्रदय, एमडी शमीम हुसैन, काजी नूरुल हसन सोहन, शाक महेदी हसन, एमडी रिशाद हुसैन, नसुम अहमद, एमडी मुस्तफिजुर रहमान, एमडी तंजीम हसन साकिब, तस्कीन अहमद, एमडी शैफ उद्दीन, एमडी शोरीफुल इस्लाम।
