युद्ध से यूक्रेन में व्‍यापक तबाही, रूस ने अब हाइपरसोनिक मिसाइल से किया हमला, हथियार भंडार नष्‍ट

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 19, 2022, 04:19 PM IST

रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध बीते तीन सप्‍ताह से भी अधिक वक्‍त से जारी है। इस बीच रूस ने यूक्रेन पर हाइपरसोनिक मिसाइसलों से हमला किए जाने की बात कही है। रूस का दावा है कि इसकी जद में आकर यूक्रेन का हथियार भंडार तबाह हो गया है।

युद्ध से यूक्रेन में व्‍यापक तबाही, रूस ने अब हाइपरसोनिक मिसाइल से किया हमला, हथियार भंडार नष्‍ट
Photo Credit: AP

कीव : रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध को तीन सप्‍ताह से अधिक का वक्‍त बीत चुका है, लेकिन दोनों ओर से शांति की कोई संभावना अभी तक नजर नहीं आ रही है। अब युद्ध के 23वें दिन रूस ने यूक्रेन में हाइपरसोनिक मिसाइल से हमला किया है। रूस का दावा है कि उसने पश्चिमी यूक्रेन में एक भूमिगत हथियार भंडार को निशाना बनाकर इसका इस्‍तेमाल किया, जो सफल रहा।

रूसी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, पश्चिमी यूक्रेन में एक भूमिगत हथियार भंडार को निशाना बनाने के लिए हाइपरसोनिक मिसाइल का इस्तेमाल किया गया, जो पूरी तरह सफल रहा और इससे यूक्रेन के इवानो-फ्रैंकिव्स्क क्षेत्र में स्थित हथियारों का भंडार तबाह हो गया। रूस ने दावा किया है कि यूक्रेन ने यहां कई तरह की मिसाइलें और हवा में मार करने वाले हथियार रखे थे, जो अब नष्‍ट हो गया है।

उन्नत किस्म की होती हैं ये मिसाइलें

यूक्रेन में 24 फरवरी को सैन्‍य कार्रवाई के बाद यह पहली बार है जब रूस ने युद्ध के दौरान हाइपरसोनिक मिसाइलों के इस्‍तेमाल की बात स्‍वीकार की है। यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में रूस अब तक कई घातक हथियारों का इस्‍तेमाल कर चुका है। दोनों पक्षों के बीच कई दौर की बातचीत भी हो चुकी है, लेकिन अब तक इनका कोई ठोस नतीजा निकलकर सामने नहीं आया है।

रूस ने यूक्रेन में जिस हाइपरसोनिक मिसाइलों के इस्‍तेमाल का दावा किया है, वे बेहद उन्नत किस्म की मिसाइलें होती हैं। ये ध्‍वनि से भी पांच गुना तेज गति से चलती है। रूस का दावा है कि इस तरह की मिसाइलें हवाई व मिसाइल डिफेंस सिस्‍टम को चकमा दे सकती हैं। ये मिसाइलें दो हजार किलोमीटूर दूर तक अपने लक्ष्‍य को भेद सकती हैं और उसे नष्‍ट कर सकती हैं। ये 480 किलोमीटर तक परमाणु हथियार और अन्‍य परंपरागत हथियार अपने साथ ले जा सकती हैं।

End of Article