लाइव टीवी

Agra: ताज महल के मकबरे का तीन दिन न कर सकेंगे दीदार! जानें- नो एंट्री के पीछे क्या है कारण

Updated Aug 13, 2022 | 14:39 IST

Agra Taj News: ताजमहल में आज से पर्यटक शाहजहां-मुमताज की कब्र वाले मुख्य मकबरे में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। निशुल्क प्रवेश की सुविधा के कारण प्रतिदिन लगभग 75 हजार से ज्यादा पर्यटक पहुंच रहे थे, इस कारण से पर्यटकों और स्मारक की सुरक्षा पर खतरा बढ़ गया था।  

Loading ...
आगरा किला में दोपहर में पर्यटकों का प्रवेश बंद करना पड़ा।
मुख्य बातें
  • आज से पर्यटक शाहजहां-मुमताज की कब्र वाले मुख्य मकबरे में प्रवेश नहीं कर पाएंगे
  • निशुल्क प्रवेश की सुविधा के कारण प्रतिदिन लगभग 75 हजार से ज्यादा पर्यटक पहुंच रहे
  • 13 से 15 अगस्त तक ताज के मुख्य गुंबद पर प्रवेश बंद रहेगा

Agra Taj News: आगरा के ताजमहल में आज शनिवार से सोमवार तक पर्यटक शाहजहां-मुमताज की कब्र वाले मुख्य मकबरे में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। 15 अगस्त तक निशुल्क प्रवेश की सुविधा के कारण प्रतिदिन ताजमहल पर 75 हजार से ज्यादा पर्यटक पहुंच रहे हैं, इस कारण से पर्यटकों और स्मारक की सुरक्षा पर खतरा बढ़ गया था। इसको देखते हुए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग ने यह निर्णय लिया है।  

आगरा अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. राजकुमार पटेल ने कहा कि शनिवार, रविवार और सोमवार को पर्यटक चमेली फर्श से ऊपर मुख्य मकबरे में नहीं जाएंगे। इस मकबरे के लिए सामान्य दिनों में 200 रुपये का अतिरिक्त शुल्क था, लेकिन निशुल्क प्रवेश के दौरान गुंबद पर भारी भीड़ पहुंच रही थी, जिसके कारण हादसे की आशंका थी।

चमेली फर्श की सीढ़ियों को पर्यटकों के लिए किया गया बंद

वहीं शुक्रवार को भारी भीड़ के कारण आगरा किले में दोपहर में पर्यटकों का प्रवेश बंद करना पड़ा। इसे देखते हुए तय किया गया कि 13 से 15 अगस्त तक ताज के मुख्य गुंबद पर प्रवेश बंद रहेगा। इन दिनों चमेली फर्श की सीढ़ियों को आम पर्यटकों के लिए बंद कर दिया जाएगा। पर्यटक चमेली फर्श, मेहमान खाने और मस्जिद की ओर घूम सकते हैं। 

भीड़ के कारण 2017 में भी हुआ था बंद 

आपको बता दें कि 31 दिसंबर 2017 को भी एएसआई ने मुख्य मकबरे में पर्यटकों का प्रवेश रोक दिया था। उस समय भी 50 से 75 हजार तक पर्यटक हर दिन पहुंच रहे थे। हालांकि अगले दिन ही इसे खोल दिया गया था, इससे सबक लेते हुए मुख्य गुंबद पर 200 रुपये का अतिरिक्त शुल्क लगा दिया गया था। तब से अब तक पर्यटकों की सीमित संख्या ही मकबरे पर जा रही थी। 

रक्षाबंधन पर गेट पर हालात बेकाबू  

आपको बता दें कि रक्षाबंधन पर दोपहर बाद आगरा किले में जबरदस्त भीड़ उमड़ी। किले के गेट पर प्रवेश के लिए 12 कतारें लग गईं। धक्का-मुक्की के कारण कतार में लगीं कई महिलाएं गिर कर चोटिल भी हो गईं। बच्चों की चीख-पुकार मची तो गेट पर हालात बेकाबू हो गए। एसआईएस और पर्यटन पुलिस से हालात न संभले तो क्षेत्रीय थाने से पुलिस बल बुलाया गया। शुक्रवार को ताजमहल की साप्ताहिक बंदी हुआ करती है। दोपहर में दो घंटे केवल नमाजियों के लिए ताजमहल खोला जाता है। ऐसे में रक्षाबंधन की छुट्टी पर फ्री में ताजमहल देखने आए लोगों को मायूस होना पड़ा। ताजमहल बंद मिलने पर पर्यटक महताब बाग और दशहरा घाट जा पहुंचे। 

Agra News in Hindi (आगरा समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।