लाइव टीवी

Agra News: राखी पर जेल जा रही बहनों को बरतनी होगी ये सावधानी, रोडवेज में होगी मुफ्त यात्रा, जानिए क्यों

Updated Aug 10, 2022 | 22:39 IST

Agra News: राखी पर पुरुष कैदियों को राखी बांधने आने वाली बहनों को आरटीपीसीआर की नेगेटिव रिपोर्ट या फिर कोविड की दोनों डोज लगे होने का सर्टिफिकेट दिखाना जरूरी होगा। मुंह मीठा करवाने के लिए साथ लाई जाने वाली मिठाई डिब्बे में पैक होना जरूरी होगी।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspANI
आगरा में जेल में भाइयों को राखी बांधने के लिए करना होगा ये
मुख्य बातें
  • पुरुष कैदियों को राखी बांधने आने वाली बहनों को कोविड डोज का सर्टिफिकेट दिखाना जरूरी होगा
  • मुंह मीठा करवाने के लिए साथ लाई जाने वाली मिठाई डिब्बे में पैक होना जरूरी
  • महिला कैदियों से मिलने आने वाले भाइयों पर भी यह नियम लागू होंगे

Agra News: अगर आप जेल में सजा काट रहे भाई को रक्षा बंधन के त्योहार पर राखी बांधने जा रही हो तो ये खबर आपके लिए जरूरी है। ताजनगरी आगरा की जेल में प्रशासन ने इस बार कैदियों की सुरक्षा को लेकर खास इंतजाम किए हैं। आगरा शहर की जेल में राखी के त्योहार पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। डिस्ट्रिक्ट जेल अधीक्षक के मुताबिक राखी के त्योहार को लेकर विशेष प्रबंध किए गए हैं। वर्तमान में जेल में 3 हजार 3 सौ पुरुष व 160 महिला कैदी बंद हैं। जिसमें राखी पर पुरुष कैदियों को राखी बांधने आने वाली बहनों को आरटी पीसीआर की नेगेटिव रिपोर्ट या फिर कोविड की दोनों डॉज लगे होने का सर्टिफिकेट दिखाना जरूरी होगा।

वहीं मुंह मीठा करवाने के लिए साथ लाई जाने वाली मिठाई डिब्बे में पैक होना जरूरी होगी। इसी प्रकार बहनों को मिठाई के तौर पर सोन पापड़ी, गोला व रोली ले जाने की छूट होगी। खुली मिठाई लाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इसी कड़ी में महिला कैदियों से मिलने आने वाले भाइयों पर भी यह नियम लागू होंगे। जेल अधीक्षक के मुताबिक नियमों में कड़ाई करने की वजह आगरा में तेजी से बढ़ रहे कोविड मामले हैं। कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जिसमें कुल संक्रमित 70 हो गए हैं। शहर में बूस्टर डोज लगवाने की सुविधा जारी है। सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को ये डोज लगाए जा रहे हैं। वहीं आरटी पीसीआर भी मुफ्त में की जा रही है। आपको बता दें कि जिला प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक अब तक आगरा जनपद में कोरोना के चलते 466 लोगों की मौत हो चुकी है। 

15 अगस्त तक रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा

यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार ने रक्षा बंधन सहित स्वतंत्रता दिवस पर 15 अगस्त तक रोडवेज की बसों में निशुल्क यात्रा की घोषणा की है। राज्य परिवहन निगम की ओर से इसे लेकर सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी है। जिसमें सभी मार्गों पर एक्स्ट्रा बसें चलाई जाएंगी। निगम अधिकारियों के मुताबिक रक्षा बंधन के त्योहार पर होने वाली महिलाओं की भीड़ के दबाव को देखते हुए मार्गों पर बसों का संचालन किया जाएगा। आपको बता दें कि इस बार राखी के त्योहार की तिथि को लेकर लोगों में भ्रम की स्थिति है। कुछ 11 अगस्त तो कुछ 12 अगस्त को रक्षाबंधन का त्योहार मान रहे हैं। मगर निगम अधिकारियों का कहना है 15 अगस्त तक मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जा रही है। ऐसे में तिथि कोई भी हो हमारी तैयारियां पूरी व पुख्ता है। सभी कार्मिकों की छुट्टियां रद्द कर दी गई है। इस बार बेहतर काम करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को इनाम दिया जाएगा। 

Agra News in Hindi (आगरा समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।