लाइव टीवी

Khesari Lal yadav Fees: भोजपुरी एक्‍टर खेसारी लाल यादव ने बढ़ा दी फीस, अब एक फिल्म के लिए लेंगे इतनी रकम

Updated Mar 18, 2020 | 10:14 IST

भोजपुरी सिनेमा के सलमान खान कहे जाने वाले एक्‍टर खेसारी लाल यादव ने अपनी फीस में इजाफा कर दिया है। कभी लिट्टी चोखा और दूध बेचने वाले खेसारी अब एक फ‍िल्‍म के ल‍िए भारी रकम वसूलेंगे। 

Loading ...
Khesari lal yadav

Khesari Lal yadav Fees: खेसारी लाल यादव भोजपुरी सिनेमा के उन सितारों में जिनकी लोकप्रियता बॉलीवुड एक्‍टर्स जैसी है। उन्‍हें भोजपुरी सिनेमा का सलमान खान कहा जाता है। उनकी फ‍िल्‍में जब रिलीज होती हैं तो फैंस में जबरदस्‍त क्रेज देखने को मिलता है। उनके गाने आते हैं तो यूट्यूब पर लाखों व्‍यूज कुछ ही घंटे में मिल जाते हैं। खेसारी लाल का किसी भी फ‍िल्‍म में होना उस फ‍िल्‍म के हिट होने की गारंटी माना जाता है। भोजपुरी सिनेमा का हर फ‍िल्‍ममेकर उनके साथ काम करना चाहता है। 

खेसारी लाल यादव ने लोकप्रियता और सफलता के उस पायदान को छू लिया है जो बहुत कम सितारों को नसीब होता है। शायद यही वजह है कि खेसारी लाल यादव ने अपनी फीस में इजाफा कर दिया है। अब खेसारी एक फ‍िल्‍म के ल‍िए भारी रकम वसूलेंगे। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो खेसारी लाल यादव अब एक फ‍िल्‍म के ल‍िए 40 से 45 लाख रुपये लेंगे। इतना ही नहीं खेसारी लाल यादव ने स्‍टेज कार्यक्रमों का भी रेट बढ़ा दिया है। अब वह कार्यक्रम का 10 से 15 लाख रुपये लेंगे।

15 मार्च 1986 को बिहार के सीवान में खेसारी लाल का जन्‍म हुआ था। 34 साल के हो चुके खेसारी ने आर्थ‍िक तंगी झेली लेकिन मेहनत और लगन के बल पर YouTube King का ख‍िताब हास‍िल किया है। खेसारी लाल यादव को भोजपुरी स‍िनेमा और देशभर में इसी नाम से जाना जाता है लेकिन ये उनका असली नाम नहीं है। खेसारी का असली नाम है शत्रुघ्न कुमार यादव।

बिहार से दिल्‍ली आकर उन्‍होंने दूध बेचने का काम शुरू किया। वह भैंसे चराते थे और दूध बेचते थे। जब खर्चा नहीं न‍िकलता था तो दूध में पानी म‍िलाते थे। उसके बाद उन्‍होंने लिट्टी चोखा भी बेचा था। इसके बाद उनके प‍िता ने उन्‍हें बीएसएफ में नौकरी करने के ल‍िए कहा। खेसारी ने एक इंटरव्‍यू में बताया कि नौकरी में उनका मन नहीं लगा और वह भाग आए।

खेसारी लाल यादव ने पहली बार 2011 में भोजपुरी फ‍िल्‍म साजन चले ससुराल में काम किया था। उसके बाद 2012 में उनकी पांच फ‍िल्‍में और 2013 में 10 फ‍िल्‍में आईं। खेसारी अब तक 50 से ज्‍यादा भोजपुरी फ‍िल्‍मों में काम कर चुके हैं।