लाइव टीवी

आजमगढ़ से दूसरी बार चुनाव लड़ रहे Nirahua, अभिनेता से नेता बन चुके हैं ये भोजपुरी एक्टर्स

Updated Jun 07, 2022 | 10:29 IST

दिनेश लाल यादव निरहुआ पहले भोजपुरी कलाकार नहीं हैं जो राजनीति में हाथ आजमा रहे हैं। उनके पहले अभिनेता से राजनेता बनने वालों की लंबी लिस्ट रही है।

Loading ...
Bhojpuri Actor Turned Politician
मुख्य बातें
  • बीजेपी ने आजमगढ़ से दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' को उम्मीदवार घोषित किया गया है।
  • निरहुआ पहले भोजपुरी कलाकार नहीं हैं जो राजनीति में हाथ आजमा रहे हैं।
  • नगमा, रवि किशन, मनोज तिवारी जैसे सितारे भी राजनीति में नाम कमा चुके हैं।

Bhojpuri Actor Turned Politician: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 23 जून को होने वाले आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम की घोषणा शनिवार को की। बीजेपी ने आजमगढ़ से दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' को उम्मीदवार घोषित किया गया है। भोजपुरी फिल्मों के अभिनेता और लोकगायक दिनेश लाल यादव 2019 के लोकसभा चुनाव में आजमगढ़ में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के विरूद्ध भाजपा के उम्मीदवार थे और उन्हें हार मिली थी। इस बार उप चुनाव में भाजपा ने दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' पर फिर से दांव लगाया है।

दिनेश लाल यादव निरहुआ पहले भोजपुरी कलाकार नहीं हैं जो राजनीति में हाथ आजमा रहे हैं। उनके पहले अभिनेता से राजनेता बनने वालों की लंबी लिस्ट रही है। अब इस लिस्ट में निरहुआ का नाम भी है। आइये जानते हैं कि उनसे पहले कौन कौन राजनीति में अपना परचम लहरा चुका है।  

नगमा

सबसे पहले नाम आता है नगमा का जिन्होंने भोजपुरी फिल्मों के अलावा हिन्दी, तेलुगू, तमिल, कन्नड़, मलयालम, बंगाली, पंजाबी और मराठी जैसी इंडस्ट्री में काम किया है। भोजपुरी सिनेमा की माधुरी दीक्षित के नाम से मशहूर नगमा 2004 में कांग्रेस पार्टी के साथ राजनीति में आईं। 2007 में कांग्रेस पार्टी द्वारा आंध्र प्रदेश की राज्य सभा सीट के लिए नगमा की सिफारिश की गई थी। वहीं 2014 में वह मेरठ से चुनाव लड़ी थीं। वहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

रवि किशन
दूसरा नाम आता है रवि किशन का। फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अदाकारी का लोहा मनवा चुके रवि किशन सक्रिय राजनीति में हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सीएम बनने के बाद खाली हुई गोरखपुर लोकसभा सीट से वह बीजेपी प्रत्याशी बनाए गए और सांसद बने। 

मनोज तिवारी

अभिनेता, गायक और गीतकार मनोज तिवारी भोजपुरी इंडस्ट्री के सबसे बड़े नामों में से जाने जाते हैं। वह भी सक्रिय राजनीति में आ चुके हैं। वह भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़कर लोकसभा में पहुंचे हैं। मनोज तिवारी भाजपा के दिल्ली के प्रदेशाध्यक्ष भी रह चुके हैं। 

संजय यादव
संजय यादव ने साल 2015 में राजनीति में अपने कदम रखा और RJD यानी राष्ट्रीय जनता दल की टिकट पर चुनाव लड़े एवं विधानसभा पहुंचे। 2020 में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उनका टिकट काट दिया था।