लाइव टीवी

Bhopal Crime News: साधु बनकर ठगी, ले भागे जेवरात, ग्रामीणों ने जमकर की धुनाई, 6 आरोपी गिरफ्तार

Updated Aug 07, 2022 | 13:38 IST

Bhopal Police: भोपाल में एक महिला को भूत भगाने का झांसा देकर 6 फर्जी साधुओं ने ठग लिया। महिला के जेवर लेकर वे भाग रहे थे। ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ा और ढोंगी साधुओं को जमकर पीटा। पुलिस ने मौके से सभी फर्जी साधुओं को गिरफ्तार कर लिया।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspBCCL
भोपाल में साधु बनकर ठगी करने वालों की धुनाई, गिरफ्तार (प्रतीकात्मक तस्वीर)
मुख्य बातें
  • आरोपियों ने एक महिला को भूत भगाने का दिया था झांसा
  • महिला के जेवर लेकर भाग रहे फर्जी साधुओं को ग्रामीणों ने पकड़कर पीटा
  • पुलिस ने किया ढोंगी साधुओं को गिरफ्तार, यूपी के हैं सभी आरोपी

Bhopal Crime News: भोपाल के रायसेन में साधु के वेश में आए आधा दर्जन ठगों को लोगों ने लात-घूंसों से जमकर धुनाई की। आरोपी फर्जी साधुओं ने गांव में एक महिला को प्रेतबाधा दूर करने का झांसा दिया था। फर्जी साधु महिला को बेहोश कर जेवर लूटकर भागने लगे। भनक लगते ही गांव वालों ने उन्हें घेरकर पीछा करते हुए पकड़ लिया। पुलिस ने यूपी के रहने वाले 6 फर्जी साधुओं को गिरफ्तार किया है। मामला रायसेन के मंडीदीप के पोलाहा गांव का बताया जा रहा है।

ज्ञात हो कि, मंडीदीप थाना प्रभारी मनोज सिंह ने बताया है कि, साधुओं की टोली गांव में पहुंची। गांव वालों ने साधुओं को खूब खिलाया पिलाया। सभी साधु गांव में ही रुके। सुबह साधु घर-घर जाकर भिक्षा मांग रहे थे। इसी बीच, वह गांव में रहने वाले मनोज लोवंशी के घर पहुंच गए। उन्होंने मनोज की पत्नी सरिता को भूत-प्रेतों की बाधा बताई। इससे वह काफी डर गई। महिला ने साधुओं से बाधा को दूर करने का उपाय पूछ लिया। इस पर साधुओं ने उससे कहा कि जेवर में भूत-प्रेत की माया चली गई है। जेवर की तंत्र- मंत्र से पूजा-पाठ करना पड़ेगा। महिला ने पोटली में घर के जेवर लाकर साधुओं को दे दिए। साथ ही, पांच हजार रुपए नगद भी रख दिए। थोड़ी देर बाद महिला को साधुओं ने भभूति खिला दी।

महिला को प्रेतबाधा बताकर खिलाई भभूति

महिला ने बताया है कि, भभूति खाने के बाद वह बेहोश हो गई। इस कारण उसे कुछ याद नहीं आ रहा है। थोड़ी देर बाद मनोज घर पहुंच गया तो पत्नी से पूजा-पाठ के बारे में पूछने लगा। उसने बताया कि, साधुओं ने उसके घर पूजा की है। पोटली में जेवर देखे तो सारे गायब मिले। तुरंत ही मनोज ने ये सारी बात गांव वालों को बताई। ग्रामीण बाइक से साधुओं के पीछे लग गए। गांव से थोड़ी दूर पर ही सभी फर्जी साधुओं को घेर लिया। इसके बाद गांव वालों ने सभी साधुओं को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी। फिर पुलिस के हवाले कर दिया।

पकड़े गए सभी आरोपी यूपी के

बता दें कि, पकड़े गए सभी 6 आरोपी यूपी में चित्रकूट के निवासी हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वह साधु के वेश में गांव-गांव भ्रमण करते हैं। लोगों में भूत-प्रेत का डर दिखाकर उन्हें ठगी का शिकार बनाते हैं। आरोपियों ने बताया कि वह हाथ की सफाई से जेवर ठग लिया करते हैं। लोगों को जब तक पता चलता है, तब तक भाग चुके होते हैं। इसके बाद उनकी टीम का कोई सदस्य इलाके के आसपास कभी नहीं जाता।

Bhopal News in Hindi (भोपाल समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) से अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।