लाइव टीवी

Bank loan : बैंक लोन में 5.49% की वृद्धि, पहुंचा 102.11 लाख करोड़ रुपए तक

Updated Sep 15, 2020 | 10:51 IST

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के आंकड़ों के अनुसार 28 अगस्त को समाप्त पखवाड़े में सालाना आधार पर बैंक कर्ज बढ़कर 102.11 लाख करोड़ रुपए पहुंच गया।

Loading ...
बैंक लोन में बढ़ोतरी

मुंबई : बैंक कर्ज 28 अगस्त को समाप्त पखवाड़े में सालाना आधार पर 5.49% बढ़कर 102.11 लाख करोड़ रुपए पहुंच गया जबकि बैंक जमा 10.92% बढ़कर 141.76 लाख करोड़ रुपए रही। रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार 30 अगस्त, 2019 को समाप्त पखवाड़े में बैंकों का कर्ज 96.80 लाख करोड़ रुपए और जमा 127.80 लाख करोड़ रुपए था। इससे पहले, 14 अगस्त, 2020 को समाप्त पखवाड़े में बैंक कर्ज 5.52% बढ़कर 102.19 लाख करोड़ रुपए और जमा 11.04% बढ़कर 140.80 लाख करोड़ रुपए थी।

रिजर्व बैंक के जुलाई 2020 के बैंक के कर्ज के आंकड़े के अनुसार सालाना आधार पर गैर-खाद्य कर्ज में जुलाई माह में 6.7% की वृद्धि हुई जबकि पिछले साल के इसी माह में इसमें 11.4% की वृद्धि हुई थी। उद्योग को कर्ज में वृद्धि आलोच्य महीने में 0.8% बढ़ा जबकि इससे पूर्व 2019 के इसी माह में इसमें 6.1% की बढ़ोतरी हुई थी।

कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों को जुलाई महीने में दिये गये कर्ज में 5.4% की वृद्धि हुई जबकि एक साल पहले इसी माह में इसमें 6.8% की वृद्धि हुई थी। आंकड़े के अनुसार सेवा क्षेत्र को कर्ज जुलाई 2020 में 10.1% बढ़ा जबकि एक साल पहले इसी महीने में 15.2% की वृद्धि हुई थी।

व्यक्तिगत कर्ज के मामले में आलोच्य महीने में 11.2% की वृद्धि हुई जबकि जुलाई 2019 में इसमें 17% की वृद्धि हुई थी। आंकड़े के अनुसार वाहन कर्ज में जुलाई 2020 में 8.1% की वृद्धि हुई जबकि एक साल पहले इसी महीने में इसमें 4.9% की वृद्धि हुई थी।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Business News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।