लाइव टीवी

कुशीनगर और दिल्ली के बीच पहली यात्री हवाई सेवा 26 नबंवर से, अगले माह से कोलकाता और मुंबई के लिए 

कुंदन सिंह | Special Correspondent
Updated Nov 24, 2021 | 20:00 IST

Kushinagar to Delhi First Flight: दिल्ली से कुशीनगर और कुशीनगर से दिल्ली के बीच यह सेवा सप्ताह में चार दिन, सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को उपलब्ध होगी।

Loading ...
कुशीनगर से दिल्ली की फ्लाइट 1:55 पर टेकऑफ होगी

पूर्वांचल के कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली यात्री उड़ान सेवा शुक्रवार 26 नवम्बर को शुरू हो रही है। पहली पैसेंजर फ्लाइट दिल्ली और कुशीनगर के बीच होगी। इससे दिल्ली की यात्रा महज डेढ़ से दो घण्टे में पूरी हो जाएगी। अगले माह से कुशीनगर से कोलकाता और मुंबई के लिए भी यात्री उड़ान सेवा प्रारंभ हो जाएगी। एयरपोर्ट कुशीनगर ने न केवल इस जिले समेत आसपास के जिलों और सीमावर्ती बिहार के लोगों की सुगम हवाई यात्रा का मार्ग प्रशस्त किया है बल्कि पर्यटन विकास और निवेश के नए द्वार भी खोल दिया। 

कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली यात्री उड़ान सेवा 26 नवम्बर को शुरू हो रही है। इस दिन  स्पाइस जेट की फ्लाइट दिन में 12 बजे दिल्ली से उड़ान भरकर 1:35 बजे कुशीनगर पहुंचेगा। यानी सड़क मार्ग से लगने वाला अमूमन 15 घण्टे का समय महज डेढ़ घण्टे में सिमट जाएगा। कुशीनगर से दिल्ली की फ्लाइट 1:55 पर टेकऑफ होगी और लैंडिंग 3:55 बजे होगी। कुशीनगर से दिल्ली पहुंचने में सिर्फ दो घण्टे लगेंगे। 

कुशीनगर से कोलकाता और मुंबई के लिए भी हवाई सेवा प्रारम्भ हो जाएगी

इसके साथ ही दिसम्बर माह में कुशीनगर से कोलकाता और मुंबई के लिए भी हवाई सेवा प्रारम्भ हो जाएगी। इसके लिए भी स्पाइस जेट ने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया से मंजूर शेड्यूल जारी कर दिया है। कोलकाता के लिए 17 दिसम्बर और मुंबई के लिए 18 दिसम्बर से फ्लाइट शुरू होगी। स्पाइस जेट का विमान 17 दिसम्बर को दोपहर में 1:35 बजे कोलकाता से उड़ान भरकर दोपहर बाद 3:20 बजे कुशीनगर पहुंचेगा जबकि 3:40 बजे कुशीनगर से उड़ान भरकर कोलकाता वापसी शाम 5:15 बजे होगी। कुशीनगर-मुंबई के बीच हवाई सेवा सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बुधवार व शुक्रवार के लिए होगी। 

कुशीनगर से मुंबई की वापसी उड़ान दोपहर बाद 3 बजे से होगी

इसी तरह 18 दिसम्बर को मुंबई से स्पाइस जेट की कुशीनगर के लिए पहली फ्लाइट 12:10 बजे से उड़ान भरकर दोपहर बाद 2:25 बजे पहुंचेगी। कुशीनगर से मुंबई की वापसी उड़ान दोपहर बाद 3 बजे से होगी। वापसी की फ्लाइट शाम 5:35 बजे मुंबई पहुंचेगी। कुशीनगर व मुंबई के बीच उड़ान की सुविधा सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार व शनिवार को उपलब्ध होगी।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Business News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।