लाइव टीवी

पिछले साल तक दुनिया के टॉप 10 अमीरों में भी शामिल नहीं थे अडानी, अब जुकरबर्ग को भी छोड़ा पीछे

Updated Feb 09, 2022 | 14:25 IST

Gautam Adani: ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के अनुसार, एक साल में गौतम अडानी की संपत्ति में 9.83 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। इसके विपरीत मुकेश अंबानी की संपत्ति में करीब 749 मिलियन डॉलर की गिरावट आई है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspBCCL
पिछले साल तक दुनिया के टॉप 10 अमीरों में भी शामिल नहीं थे अडानी, अब जुकरबर्ग को भी छोड़ा पीछे
मुख्य बातें
  • एक साल पहले तक गौतम अडानी दुनिया के शीर्ष 20 धनकुबेरों में भी शामिल नहीं थे।
  • अब वे दुनिया के 11वें सबसे रईस शख्स हैं।
  • गौतम अडानी ने मार्क जुकरबर्ग को भी पीछे छोड़ दिया है।

Gautam Adani: दुनिया के टॉप अमीरों की लिस्ट में बड़ा बदलाव हुआ है। अडानी ग्रुप (Adani Group) के चेयरमैन गौतम अडानी (Gautam Adani) पिछले साल तक जहां दुनिया के 20 सबसे अमीर लोगों की सूची में भी नहीं आते थे, उन्होंने अब फेसबुक (Facebook) के सीईओ मार्क जुकरबर्ग (Mark Zuckerberg) को भी पीछे छोड़ दिया है।

मंगलवार को तो गौतम अडानी ने देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (Reliance Industries Limited) के चेयरमैन मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) को भी पीछे छोड़ दिया था, जिसके बाद वे एशिया के सबसे रईस शख्स बन गए थे। हालांकि अब अंबानी दोबारा एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं, लेकिन अडानी उन्हें कड़ी टक्कर दे रहे हैं।

एक साल पहले तक शीर्ष 20 धनकुबेरों में भी शामिल नहीं थे अडानी
एक साल पहले की बात करें, तो फोर्ब्स के अनुसार गौतम अडानी तब शीर्ष 20 धनकुबेरों में भी शामिल नहीं थे। वे 50.5 अरब डॉलर की संपत्ति से साथ 24वें स्थान पर थे। वहीं इस दौरान मुकेश अंबानी 84.5 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 10वें सबसे रईस शख्स थे। साल 2021 की पूरी लिस्ट देखने के लिए World's Billionaires List 2021 पर क्लिक करें।

मंगलवार को अंबानी से भी आगे निकल गए थे अडानी
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स (Bloomberg Billionaire Index) के अनुसार, मंगलवार को मुकेश अंबानी दुनिया के 11वें, जबकि गौतम अडानी दुनिया के 10वें सबसे अमीर शख्स थे। कल अंबानी और अडानी की संपत्ति क्रमश: 87.9 अरब डॉलर और 88.5 अरब डॉलर थी। मालूम हो कि अंबानी पिछले कई सालों से भारत के सबसे अमीर शख्स थे। 2015 में सन फार्मा के दिलीप शांगवी एक छोटी अवधि के लिए भारत के सबसे रईस शख्स बने थे, लेकिन बाद में अंबानी दोबारा पहले स्थान पर आ गए। अब गौतम अडानी की संपत्ति मुकेश अंबानी से थोड़ी ही कम है।

फिलहाल इतनी है अंबानी, अडानी और जुकरबर्ग की संपत्ति
फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर की लिस्ट के अनुसार, मौजूदा समय में मुकेश अंबानी कुल 90.7 अरब डॉलर की कुल संपत्ति (Mukesh Ambani Net Worth) है और वे दुनिया के 10वें सबसे अमीर शख्स हैं। वहीं गौतम अडानी दुनिया के 11वें सबसे अमीर शख्स हैं और वे 90.2 अरब डॉलर की संपत्ति (Gautam Adani Net Worth) के मालिक हैं। अंबानी और अडानी ने जुकरबर्ग को पीछे छोड़ दिया, जिनकी दौलत अभी 78.7 अरब डॉलर है। वे दुनिया के 14वें सबसे रईस शख्स हैं। वर्तमान की पूरी लिस्ट देखने के लिए World's Billionaires List 2022 पर क्लिक करें।

अडानी के ये दांव हुए हिट
अडानी का पोर्ट बिजनेस सबसे सफल वेंचर में से एक रहा है। इसमें पिछले वर्षों में तेजी से विस्तार देखा गया है। देश में कई नए पोर्ट्स के अधिग्रहण के साथ, अडानी की सहायक कंपनी की बाजार हिस्सेदारी बढ़ी है। अडानी ग्रुप भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र में अब अग्रणी भूूमिका के रूप में उभरा है। पिछले कुछ सालों में अडानी ने देश के प्रमुख हवाई अड्डों में पैसे लगाए हैं। उन्होंने 2025 तक अपनी अक्षय ऊर्जा क्षमता को लगभग आठ गुना बढ़ाने की योजना का अनावरण किया है।

1980 के दशक के अंत में एक कमोडिटी ट्रेडर के रूप में शुरुआत करने के बाद, अडानी अब मार्क जुकरबर्ग से भी अधिक अमीर हैं। उनका कारोबार माइन्स, पोर्ट्स, बिजली संयंत्रों और डेटा केंद्रों सहित कई क्षेत्रों में फैला है। अडानी द्वारा साल 2010 में ऑस्ट्रेलिया में एक कोयला परियोजना जीतने के बाद वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आए थे। इसी हफ्ते अडानी समूह (Adani Group) की कंपनी अडानी विल्मर (Adani Wilmar) के शेयर बाजार में लिस्ट हुए हैं।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Business News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।