लाइव टीवी

दुनिया के इस शहर में रहते हैं सबसे ज्यादा मिलेनियर्स, जानिए लिस्ट में भारत के कौन से शहर हैं शामिल

Updated Sep 15, 2022 | 13:36 IST

अमेरिका के न्यूयॉर्क (New York) शहर में 3,45,600 मिलेनियर्स रहते हैं, जिनमें 737 सेंटी-मिलिनियर (100 मिलियन अमेरिकी डॉलर या अधिक की संपत्ति के साथ) शामिल हैं।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspBCCL
दुनिया के किस शहर में रहते हैं सबसे ज्यादा मिलेनियर्स?
मुख्य बातें
  • 20 शहरों की सूची में 6 शहरों के साथ अमेरिका टॉप पर।
  • भारत के मुंबई शहर में रहते हैं 60,600 मिलेनियर्स।
  • रिपोर्ट के अनुसार, 2030 तक टॉप-20 में शामिल होंगे दुबई, मुंबई और शेंझेंन।

नई दिल्ली। हेनली ऐंड पार्टनर्स (Henley & Partners) ग्रुप के ग्लोबल सिटीजन रिपोर्ट (Global Citizens Report) 2022 Q3 के मुताबिक अमेरिका के न्यूयॉर्क में 3,45,600 मिलेनियर्स रहते हैं, इसके बाद नाम आता है जापान (Japan) के टोक्यो (Tokyo) और सैन फ्रांसिस्को खाड़ी क्षेत्र (San Francisco Bay Area) का नाम, जो क्रमशः 3,04,900 मिलेनियर्स के साथ दूसरे और 2,76,400 मिलेनियर्स के साथ तीसरे स्थान पर हैं। इस सूची में लंदन, सिंगापुर, बीजिंग, शंघाई, सिडनी हॉन्ग-कॉन्ग, फ्रैंकफर्ट, टोरंटो, ज्यूरिख, सियोल, मेलबर्न, जिनेवा और पेरिस भी टॉप-20 में शामिल हैं।

अमेरिका सबसे अधिक मिलेनियर्स के साथ दुनिया के टॉप-20 शहरों की सूची में पहले स्थान पर है। सूची में न्यूयॉर्क समेत सैन फ्रांसिस्को, लॉस एंजिल्स, शिकागो, ह्यूस्टन और डलास जैसे अन्य अमेरिकी शहर शामिल हैं। मेगा सिटी न्यूयॉर्क दुनिया के दो सबसे बड़े स्टॉक एक्सचेंज हैं। शहर के लोगों के पास कुल निजी संपत्ति (Private Wealth) 3 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक है।

भविष्य में तेजी से बढ़ेंगे दुबई, मुंबई और शेंझेंन
न्यू वर्ल्ड वेल्थ (New World Wealth) के रिसर्च प्रमुख एंड्रयू अमोइल्स के अनुसार, दुबई, मुंबई और शेनझेन की मिलेनियर्स आबादी तेजी से बढ़ रही है और इन तीन शहरों के 2030 तक शीर्ष 20 सबसे अमीर शहरों में शामिल होने की उम्मीद है। दुबई वर्तमान में 67,900 मिलेनियर्स के साथ 23 वें स्थान पर है। शेंझेंन भी 43,600 मिलेनियर्स के साथ 30 वें स्थान पर है

वहीं मुंबई 60,600 मिलेनियर्स के साथ विश्व में 25वें पायदान पर हैं, जिनमें 243 सेंटी-मिलेनियर्स हैं। भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई नेशनल स्टॉक एक्सचेंज और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का घर है, दोनों ही मार्केट कैप के लिहाज से दुनिया के 10 सबसे बड़े स्टॉक एक्सचेंजों में शुमार हैं।

एंड्रयू अमोइल्स का कहना है कि मजबूत तेल और गैस इंडस्ट्रीज वाले शहर इस साल अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, जिनमें रियाद, शारजाह, लुआंडा, अबू धाबी, दोहा और लागोस शामिल हैं। सबसे तेजी से बढ़ने वाली सूची में 'भारत की सिलिकॉन वैली' कहा जाने वाला शहर बेंगलुरू भी शामिल है।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ग्लोबल वेल्थ फॉरमेशन के लिहाज से 2022 की पहली छमाही कुछ खास नहीं रही। पहले 6 महीने की अवधि में जून 2022 तक दुनिया भर में हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल की संख्या में 5 फीसदी की गिरावट आई थी। यह गिरावट मुख्य रूप से प्रमुख शेयर बाजारों के खराब प्रदर्शन के कारण थी - S&P 500 इंडेक्स में 20 फीसदी की गिरावट आई, जबकि अधिकांश अन्य प्रमुख इंडेक्स भी इसी तरह के प्रतिशत से नीचे गिरे।

रिपोर्ट इस साल 30 जून 2022 तक के आंकड़ों के लिहाज से तैयार की गई है। 'मिलिनियर' या 'हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल' या 'HNWI' का मतलब है वो लोग जिनके पास 1 मिलियन अमेरिकी डॉलर या उससे अधिक की निवेश योग्य संपत्ति है। केवल प्रत्येक शहर में रहने वाले निवासी मिलिनियर्स ही शामिल हैं। रिपोर्ट में ज्यूरिख और जिनेवा के लिए शहर के बजाय कैंटन का उल्लेख किया गया है और सैन फ्रांसिस्को खाड़ी क्षेत्र में सिलिकॉन वैली (Silicon Valley) भी शामिल है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Business News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।