लाइव टीवी

Gold Price 25 May 2021: सोना लुढ़का, चांदी में भी गिरावट, जानिए 14 से लेकर 24 कैरेट तक का ताजा भाव

Updated May 25, 2021 | 17:03 IST

Gold Rate Today (सोना का ताजा भाव) 25 मई 2021 : सोना-चांदी की कीमतों में फिर गिरावट हुई है। यहां आप 14 कैरेट से लेकर 24 कैरेट तक का ताजा भाव जान सकते हैं।

Loading ...
सोना और चांदी के भाव में गिरावट (तस्वीर-istock)

Gold/Silver Rate 25 May 2021 : लगातार तीन दिन बढ़ोतरी के बाद सोने और चांदी की कीमतों में मंगलवार को गिरावट हुई। अंतरराष्ट्रीय बजारों में गिरावट के बीच भारतीय बाजारों में भी आज (25 मई) सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को सोना 102 रुपए की गिरावट के साथ 48,025 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया। सोमवार को यह 48,127 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। चांदी 269 गिरकर 70,810 रुपए प्रति किलो हो गई। पिछले दिन यह  71,079 रुपए प्रति किलो पर बंद हुई थी। दोनों के वायदा भाव में भी गिरावट हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 1,882.50 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी 27.67 डॉलर प्रति औंस पर सपाट थी। पिछले सत्र में, सोना 0.26% बढ़कर 4 महीने के उच्च स्तर पर बंद हुआ था, जबकि चांदी 1% से अधिक बढ़ गई थी। 

इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट (ibjarates.com) के मुताबिक सोने की कीमत में 136 रुपए की गिरावट हुई। जबकि चांदी की कीमत में 67 रुपए की गिरावट हुई। अब 24 कैरेट वाले 10 ग्राम सोने का भाव 48540 रुपए है जबकि 22 कैरेट वाले 10 ग्राम सोने का भाव 44460 रुपए है। नीचे शुद्धता के आधार पर 14 से लेकर 24 कैरेट सोने का ताजा भाव जानिए।  

धातु शुद्धता कीमत प्रति 10 ग्राम
सोना 999(24 कैरेट) 48536 रुपए
सोना 995(23 कैरेट) 48342 रुपए
सोना 916(22 कैरेट) 44459 रुपए
सोना 750(18 कैरेट) 36402 रुपए
सोना 585(14 कैरेट) 28394 रुपए
चांदी 999 70948 रुपए किलो

सोना वायदा कीमतों में गिरावट

कमजोर हाजिर मांग के बीच सटोरियों ने अपने सौदों के आकार को घटाया जिससे स्थानीय वायदा बाजार में मंगलवार को सोने का भाव 61 रुपए की गिरावट के साथ 48,492 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में जून महीने की डिलिवरी के लिए सोने की कीमत 61 रुपए यानी 0.13% की गिरावट के साथ 48,492 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गई। इसमें 5,469 लॉट के लिए कारोबार हुआ। बाजार एक्सपर्ट्स ने कहा कि कारोबारियों द्वारा अपने सौदों की कटान करने से सोना वायदा कीमतों में गिरावट आई। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर न्यूयॉर्क में सोने की कीमत 0.19% की गिरावट के साथ 1,883.10 डॉलर प्रति औंस रह गई।

चांदी वायदा कीमतों में गिरावट

कमजोर मांग के कारण कारोबारियों ने अपने सौदों के आकार को घटाया जिससे वायदा कारोबार में मंगलवार को चांदी की कीमत 411 रुपए की हानि के साथ 71,400 रुपए प्रति किलो रह गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में चांदी के जुलाई डिलीवरी वाले वायदा कॉन्ट्रैक्ट का भाव 411 रुपए यानी 0.57% की गिरावट के साथ 71,400 रुपए प्रति किलो रह गया। इस वायदा कॉन्ट्रैक्ट में 10,722 लॉट के लिए सौदे किए गए। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, न्यूयॉर्क में चांदी का भाव 0.61% की हानि के साथ 27.74 डालर प्रति औंस रह गया।

अंतराष्ट्रीय बाजारों में, सोने की दरों में आज गिरावट आई क्योंकि बेहतर जोखिम लेने की क्षमता ने अंतरराष्ट्रीय इक्विटी बाजारों को उच्च स्तर पर पहुंचा दिया। हालांकि डॉलर और बॉन्ड यील्ड में नरमी ने कीमती धातु की गिरावट को सीमित कर दिया। हाजिर सोना 0.3% की गिरावट के साथ 1,876.24 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। अन्य कीमती धातुओं में चांदी 0.7% गिरकर 27.60 डॉलर प्रति औंस पर थी, जबकि प्लैटिनम 1,174 डॉलर पर स्थिर था।
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Business News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।