लाइव टीवी

कोरोना काल में जानिए सॉलिड वित्तीय प्रबंधन, महिलाओं के लिए निवेश के टॉप 10 विकल्प

Updated Aug 21, 2020 | 17:35 IST

Investment tips for women: कोरोना काल में निवेश चुनौती भरा है। महिलाएं इस समय में भी उचित विकल्पों के तहत निवेश कर अपना भविष्य सुरक्षित कर सकती है।

Loading ...
top 10 investment options for women
मुख्य बातें
  • आजकल महिलाओं की रूचि वित्तीय मामलों में बढ़ रही है
  • कोरोना काल में सहीं जगह पर निवेश एक चुनौती है
  • महिलाएं इसके लिए कई विकल्पों के तहत निवेश कर सकती है

शानू मेहता

कोरोना के कारण चल रही छंटनी में अर्चित की नौकरी चली गई। ज्यादा खर्च होने के कारण अर्चित ने कोई सेविंग नहीं की थी। शाम को घर पहुंचकर उसने ये बात बड़े ही बेमन, चिंता और डर से अपनी पत्नी रचना को बताई और कहा अब घर कैसे चलेगा? रचना ने कहा कि चिंता की कोई बात नहीं है मेरे पास 2 लाख रुपए हैं। अर्चित को ये जानकर हैरानी हुई कि घर खर्च में से कुछ पैसे बचाकर अर्चना ने म्यूचुअल फंड एसआईपी में निवेश किया था और इसी के चलते इतनी रकम इकट्ठा हुई।

आजकल महिलाओं की रूचि वित्तीय मामलों में बढ़ रही है। खासकर कामकाजी महिलाओं का रुझान सेविंग, टैक्स और निवेश जैसे वित्तीय मामलों की तरफ अधिक हो रहा है। कोरोना के कारण बचत का काफी महत्व बढ़ गया है। आपकी बचत पर अच्छा रिटर्न मिलना चाहिए नहीं तो आपका उद्देश्य बेकार हो जाएगा। इससे आपके परिवार को बड़ा सहयोग मिलेगा।

महिलाओं के लिए निवेश के 10 बेहतरीन विकल्प

बचत की गई रकम आपके बच्चों की शिक्षा और शादी समेत कई तरह के खर्च में काम आ सकती है। अगर आपने निवेश का मन बना लिया है तो लंबे समय के लिए निवेश करें इसमें आपको ज्यादा रिटर्न मिलेगा। आज हम आपको महिलाओं के लिए निवेश के ऐसे ही 10 विकल्प बता रहे हैं।

1. सुकन्या समृद्धि योजना
आप अपनी बेटी के नाम पर सुकन्या समृद्धि योजना में निवेश कर सकती हैं। इसमें किए गए निवेश पर आपको इनकम टैक्स नहीं देना होता है। इस योजना में सालाना कम से कम 1 हजार रुपए और अधिकतम 1.5 लाख रुपए निवेश किया जा सकता है। इसमें आपको 7.6 फीसदी ब्याज मिलेगा। 10 वर्ष से कम उम्र की लड़की के लिए सुकन्या समृद्धि खाता खोला जा सकता है। इसे आप बैंक और पोस्ट ऑफिस में खुलवा सकती हैं। लड़की की उम्र 21 वर्ष होने पर इस खाते को बंद किया जाता है।

2. पोस्ट ऑफिस डिपॉजिट स्कीम
पोस्ट ऑफिस में आप 2 तरह से निवेश कर सकती हैं। पहला डिपॉजिट और दूसरा मंथली इनकम स्कीम (MIS) के तहत निवेश किया जा सकता है। पोस्ट ऑफिस में 1 साल, 2 साल, 3 साल और 5 साल की टाइम डिपॉजिट स्कीम में निवेश किया जा सकता है। इसके अलावा 5 साल की एमआईएस में भी निवेश किया जा सकता है। इसमें 5 साल में आपकी रकम ब्याज के साथ मिल जाएगी। इसमें फिलहाल ब्याज की दर 6.7 फीसदी है। इसमें आपको हर महीने ब्याज की रकम मिलेगी। आप एमआईएस स्कीम को एक पोस्ट ऑफिस से दूसरे में ट्रांसफर करवा सकती हैं। इसमें आपके मूलधन पर कोई टीडीएस नहीं कटता है हालांकि ब्याज पर टैक्स देना होता है।

3. बैंक एफडी
आमतौर पर बैंक एफडी सबसे पसंदीदा निवेश का विकल्प है हालांकि इसमें ब्याज कम मिलता है। आप सरकारी या प्राइवेट बैंक किसी में भी फिक्स्ड डिपॉजिट करवा सकती हैं। इसमें अधिकतम निवेश की कोई सीमा नहीं है। अगर आप तय समय से पहले बैंक एफडी तोड़ती हैं तो आपको पेनल्टी देनी होगी। इसमें आपको अलग-अलग बैंक में 5 से 7 फीसदी तक ब्याज मिल जाता है। अगर एक वित्तवर्ष में ब्याज की रकम 10 हजार रुपए से ज्यादा होती है तो इस पर आपको इनकम टैक्स देना होता है। आप रिकरिंग डिपॉजिट भी कर सकती हैं।

4. पीपीएफ (पब्लिक प्रोविडेंट फंड)
आप पीपीएफ खाता आसानी से पोस्ट ऑफिस या बैंक में खुलवा सकती हैं। इसमें 15 साल के लिए आपका पैसा लॉक रहता है। इसमें सालाना 7.1 फीसदी रिटर्न मिलता है। इसमें टैक्स छूट का भी फायदा मिलता है। पीपीए में सालाना कम से कम 500 रुपए का निवेश और अधिकतम 1.5 लाख रुपए तक निवेश कर सकती हैं। इस पर लोन की सुविधा भी है।

5. नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट
आपके लिए नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट भी निवेश का अच्छा विकल्प है। इसको पोस्ट ऑफिस जारी करते हैं। अगर आप इसको खरीदती हैं तो ये आपका निवेश माना जाएगा। इसमें 5 या 10 साल के लिए आपका पैसा लॉक हो जाता है। इसमें ब्याज वार्षिक आधार पर दिया जाता है। इसमें आप न्यूनतम 100 रुपए के निवेश से शुरूआत कर सकती हैं। 5 साल के नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट पर 6.8 फीसदी ब्याज मिलता है।

6. म्यूचुअल फंड
महंगाई से लड़ने के लिए म्यूचुअल फंड से बेहतर कोई निवेश नहीं हैं। आप इसमें लंपसंप या एसआईपी (सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान) के जरिए निवेश कर सकती हैं। इसके लिए डीमैट खाता आप खुलवा सकती हैं। कई बैंक डीमैट खाता खोलने की सुविधा देते हैं। इसमें 500 रुपए की रकम से निवेश की शुरूआत की जा सकती है। लंबे समय में आपको इससे बेहतर रिटर्न नहीं मिलेगा। म्यूचुअल फंड कई तरह के होते हैं। इसमें इक्विटी फंड और डेट फंड प्रमुख हैं। इसमें अलग-अलग फंड में आपको 10 से 20 फीसदी का भी रिटर्न मिल सकता है। इसमें निवेश पर जोखिम होता है।

7. सोना, चांदी
जब आपको कुछ भी ना सूझ रहा हो तो आप सोने, चांदी में भी निवेश कर सकती हैं। फिलहाल सोने, चांदी के भाव आसमान पर हैं। चांदी का भाव तो मार्च 2020 से अब तक दोगुना हो चुका है। वैसे भी सोने के गहनें महिलाओं को पसंद होते हैं। अगर आप निवेश के उद्देश्य से खरीद रही हैं तो गहनों की बजाय सिक्के या बार ज्यादा अच्छे रहेंगे। इनको आप जब बेचने जाएंगी तो आपको गहनों के मुकाबले अधिक रकम मिलेगी। आजकल कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म सोने में डिजिटल तरीके से निवेश का विकल्प दे रहे हैं। जहां आप 1 रुपए से भी शुरूआत कर सकती हैं।

8. रियल एस्टेट
अगर आप किराए के मकान में रह रही हैं तो अपने लिए होम लोन पर घर खरीदना अच्छा विकल्प है। अगर पति-पत्नि दोनों ही नौकरी करते हैं तो किराए के बजाय खुद का मकान या फ्लैट लेना अच्छा रहेगा। महिलाओं को होम लोन लेने पर बैंक ब्याज दर में अतिरिक्त छूट देती हैं। आजकल 8 से 9 फीसदी ब्याज दर पर कई बैंक होम लोन की सुविधा दे रहे हैं। इसमें महिलाओं को 0.10 फीसदी से 0.15 फीसदी तक की अतिरिक्त छूट दी जाती है।

9. किसान विकास पत्र
आप पोस्ट ऑफिस के जरिए किसान विकास पत्र में भी निवेश कर सकती हैं। ये एक सुरक्षित निवेश है। इसमें फिलहाल 6.9 फीसदी ब्याज दर मिल रहा है। इसमें कम से कम 1 हजार रुपए से निवेश की शुरूआत की जा सकती है। अधिकतम निवेश की कोई सीमा नहीं है। इसमें निवेश पर कोई जोखिम नहीं होता है।

10. शेयर
आप शेयर बाजार में भी निवेश कर सकती हैं। अगर आपको शेयर बाजार की जानकारी नहीं है तो म्यूचुअल फंड के जरिए निवेश करना ही ज्यादा बेहतर रहता है। शेयर बाजार में निवेश पर ज्यादा जोखिम होता है। इसमें आपको एक्सपर्ट की मदद जरूरी है। शेयर बाजार में अधिकतम रिटर्न की सीमा नहीं है पर आपकी रकम डूबने का भी जोखिम रहता है।

(लेखिका आईआईएम इंदौर की  विजिटिंग फैकल्टी और एमएमसी कनवर्ट की  को-फाउंडर हैं)

Times Now Navbharat पर पढ़ें Business News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।