लाइव टीवी

Punjab Budget 2022: AAP सरकार ने पेश किया अपना पहला बजट, कई राहतों का हुआ ऐलान

Updated Jun 27, 2022 | 14:06 IST

Punjab Budget 2022: वित्त वर्ष 2022-23 के लिए बजट पेश करते हुए पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पंजाब की जनता ने आम आदमी पार्टी में अपार विश्वास जताया है। इस बार लोगों ने बदलाव के लिए वोट किया है।

Loading ...
Punjab Budget 2022: वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने पेश किया बजट
मुख्य बातें
  • मुख्यमिंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार ने एक 'रंगला पंजाब' बनाने का वादा किया है।
  • ये आर्थिक समृद्धि, सामाजिक विश्वास और समावेश का प्रतीक है।
  • आप सरकार ने भ्रष्टाचार, माफिया सरकार को खत्म करने और कानून व्यवस्था बहाल करने का संकल्प दोहराया।

नई दिल्ली। पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार ने 27 जून 2022 तो अपना पहला बजट पेश किया। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा (Harpal Singh Cheema) ने विधानसभा में बजट (Punjab Budget 2022) पेश किया। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई वाली सरकार के पहले बजट (वित्त वर्ष 2022-23 के लिए) में कई राहतों की घोषणा की गई। वित्त मंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने के कुछ दिनों बाद ही चुनावी वादों को पूरा किया है। सरकार ने 26454 कर्मचारियों की नई भर्ती को मंजूरी दी। अगले कुछ महीनों में यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इसके अलावा सरकार ने36,000 संविदा कर्मचारियों को नियमित करने का भी अहम फैसला लिया है।

फ्री में होगी 300 यूनिट घरेलू बिजली की आपूर्ति
हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सभी नागरिकों को 1 जुलाई 2022 से 300 यूनिट घरेलू बिजली की आपूर्ति मुफ्त में उपलब्ध कराने का फैसला किया है। पंजाब की जनता को इससे बड़ी राहत मिलेगी। आप वित्त मंत्री ने विश्वास दिलाया कि वे इस योजना को वित्तपोषित करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी खजाने का एक- एक पैसा सिर्फ लोगों के कल्याण के लिए खर्च होगा।

बजट में की गई मुख्य घोषणाएं-

  • इस साल सरकार 117 मोहल्ला क्लीनिक स्थापित करने की योजना बना रही है। इसके लिए 77 करोड़ का प्रारंभिक आवंटन प्रस्तावित किया जा रहा है। इनमें से 75 मोहल्ला क्लीनिक 15 अगस्त 2022 तक चालू हो जाएंगे।
  • आप सरकार सुनिश्चित करेगी कि सड़क दुर्घटना से पीड़ित हर व्यक्ति की जान बच सके। इसके लिए नई दिल्ली में फरिश्ते योजना की तर्ज पर पंजाब में एक योजना शुरू की जाएगी। इसके तहत कोई भी व्यक्ति सड़क दुर्घटना के शिकार लोगों को किसी भी अस्पताल में भर्ती करा सकता है। पीड़ितों का इलाज मुफ्त में होगा। खर्च पंजाब सरकार वहन करेगी।
  • अनुसूचित जाति के छात्रों के लिए प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना: वित्तीय वर्ष 2022-23 के दौरान 2.40 लाख अनुसूचित जाति के छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान करने के लिए 79 करोड़ रुपये का प्रस्ताव है।
  • वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार के पोर्टल और ई-मेल के जरिए 20,384 सुझाव मिलने के बाद बजट तैयार किया गया है। इसमें स्वास्थ्य और शिक्षा सहित कई सेक्टर पर ध्यान दिया गया है। पहले साल में सरकार का ध्यान तीन मुख्य बातों पर होगा - बिगड़ती राजकोषीय सेहत को ठीक करना, सरकारी धन का प्रभावी इस्तेमाल सुनिश्चित करके सुशासन के वादों को पूरा करना और स्वास्थ्य एवं शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करना।
  • पंजाब युवा उद्यमी कार्यक्रम शुरू करने का प्रस्ताव दिया गया है। इसके तहत 11वीं कक्षा के छात्र अपने व्यावसायिक प्रस्तावों को दे सकेंगे। इस कार्यक्रम के तहत हर छात्र को 2,000 रुपये की राशि देगी। सरकार पांच सालों में 16 नए मेडिकल कॉलेज स्थापित करेगी।
  • वित्त मंत्री ने कहा कि, 'मैं वित्त वर्ष 2022-23 के लिए 1,55,860 करोड़ रुपये के बजट व्यय का प्रस्ताव करता हूं। यह साल 2021-22 की तुलना में 14.20 फीसदी ज्यादा है।'
  • आप सरकार कृषि क्षेत्र को मुफ्त बिजली देना जारी रखेगी।

'एक विधायक एक पेंशन' की हुई शुरुआत
पंजाब के मुख्यमंत्री ने 'एक विधायक एक पेंशन' (One MLA, One Pension) की शुरुआत की है। इससे पहले कई पूर्व विधायकों को एक से ज्यादा पेंशन मिल रही थी। लेकिन अब इस फैसले से सालाना 19.53 करोड़ रुपये की बचत होगी।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Business News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।