लाइव टीवी

RBI ने टाली MPC की बैठक, आज से होनी थी शुरू, अब इस दिन आएगा लोन ईएमआई का फैसला

Updated Feb 07, 2022 | 10:13 IST

RBI MPC meeting: आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति की बैठक अब आठ फरवरी को होगी। केंद्रीय बैंक द्वारा इस बैठक के नतीजे 10 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।

Loading ...
RBI ने टाली MPC की बैठक, आज से होनी थी शुरू, अब इस दिन आएगा लोन ईएमआई का फैसला (Pic: iStock)
मुख्य बातें
  • भारत रत्न दिवंगत लता मंगेशकर के सम्मान में आज महाराष्ट्र में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।
  • भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की बैठक को भी टाल दिया गया है।
  • होम और ऑटो लोन ग्राहक इस बार रेपो रेट में कटौती की उम्मीद कर रहे हैं।

RBI MPC meeting: भारतीय रिजर्व बैंक (Reserve Bank of India) ने महाराष्ट्र सरकार के 7 फरवरी को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने के कारण मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक को एक दिन के लिए टाल दिया है। रविवार को भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन (Lata Mangeshkar Death) पर शोक व्यक्त करने के लिए महाराष्ट्र में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। महान गायिका लता मंगेशकर का रविवार सुबह मुंबई के ब्रीचकैंडी अस्पताल में निधन हो गया था।

अब इस तारीख को आएंगे नतीजे
पहले यह बैठक सात फरवरी यानी आज से नौ फरवरी 2022 को होनी थी। लेकिन अब यह बैठक आठ फरवरी को शुरू होगी और इस बैठक के नतीजे 10 फरवरी 2022 को घोषित किए जाएंगे। इस संदर्भ में आरबीआई ने एक बयान में कहा कि, 'महाराष्ट्र सरकार ने भारत रत्न दिवंगत मंगेशकर के सम्मान में सात फरवरी 2022 को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इसकी वजह से एमपीसी की बैठक अब आठ से 10 फरवरी 2022 तक होगी।

फिक्स्ड बनाम फ्लोटिंग रेट डिपॉजिट: जानिए आपके लिए कौन सा विकल्प बेहतर

पिछली बैठक में नहीं किया गया था रेपो रेट में बदलाव
भारतीय रिजर्व बैंक की इससे पिछली मौद्रिक नीति समिति की बैठक दिसंबर में हुई थी। तब केंद्रीय बैंक ने नीतिगत दरों में कोई बदलाव नहीं किया था। पिछली समीक्षा बैठक में लगातार नौवीं बार प्रमुख नीतिगत दर रेपो रेट को 4 फीसदी पर बरकरार रखा गया था। 

ग्राहकों को राहत की उम्मीद
कोरोना काल में ग्राहक रेपो रेट में कटौती की उम्मीद कर रहे हैं। मालूम हो कि अगर आरबीआई रेपो रेट कम करता है तो इससे होम और ऑटो लोन ग्राहक प्रभावित होंगे। ऐसा इसलिए क्योंकि लोन ज्यादातर रेपो रेट से जुड़े होते हैं। रेपो रेट कम होने से लोन की ईएमआई में भी कमी आती है। बजट 2022-23 के बाद अपनी पहली एमपीसी बैठक में आरबीआई प्रमुख नीतिगत दरों पर यथास्थिति कायम रख सकता है। हालांकि एक्सपर्ट्स का मानना है कि आरबीआई नीतिगत रुख को 'उदार; से 'तटस्थ (Accommodative) में बदल सकता है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Business News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।