लाइव टीवी

Karthik vs Dhoni: पहली बार धोनी पर खुलकर बोले नाराज कार्तिक, कहा- 'वो बगल में बैठा था लेकिन..'

Updated Apr 23, 2020 | 19:21 IST

Dinesh Karthik on his CSK love: दिग्गज भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने पहली बार महेंद्र सिंह धोनी और अपनी पसंदीदा आईपीएल टीम को लेकर खुलकर बातचीत की है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
Dinesh Karthik and MS Dhoni
मुख्य बातें
  • दिनेश कार्तिक पहली बार खुलकर महेंद्र सिंह धोनी के बारे में बोले
  • बताया कैसे धोनी और उनके बीच की टक्कर ने उन्हें पहुंचाया दुख
  • 13 साल से दिनेश कार्तिक इस चीज का कर रहे हैं इंतजार

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट में एक खिलाड़ी ऐसा रहा जिसकी स्थिति हमेशा ही अजीब रही। वो सीनियर होने के बावजूद हमेशा पीछे ही रहा। खुद को साबित करने के बाद भी कई बार उसे नजरअंदाज किया गया। हम बात कर रहे हैं भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक कि जिन्हें महेंद्र सिंह धोनी की एंट्री के बाद से लगातार दूसरे या तीसरे विकल्प के रूप में देखा गया। लेकिन इस खिलाड़ी को सबसे ज्यादा दुख जिस बात का है, वो आईपीएल से जुड़ा है। कार्तिक ने इस बार कई बड़े खुलासे किए हैं।

दरअसल, दिनेश कार्तिक हमेशा से चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलना चाहते थे। वो बेशक आज कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान हैं लेकिन उन्हें ये बोलने में कोई गुरेज नहीं है कि चेन्नई सुपर किंग्स हमेशा से उनकी पहली पसंद थी। कार्तिक ने बताया कि उन्हें लगा था कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पहले संस्करण में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम उन्हें खरीदेगी।

मैं इंतजार करता रह गया

दिनेश कार्तिक ने बताया कि वो तमिलनाडु का बड़ा नाम थे और इसलिए पूरी तरह से आश्वस्त थे कि चेन्नई की फ्रेंचाइजी उन्हें अपनी टीम में शामिल करेगी। लेकिन चेन्नई ने महेंद्र सिंह धोनी को खरीदा और कार्तिक इंतजार करते रह गए। आईपीएल टीम चेन्नई सुपर किंग्स ने 2008 की पहली नीलामी के दौरान तमिलनाडु के स्टार क्रिकेटर कार्तिक की जगह धोनी को चुनना बेहतर समझा और उसके बाद जो हुआ वो सबने देखा।

वो बगल में बैठे थे लेकिन बताया नहीं..

विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कर्तिक ने क्रिकबज से कहा, '2008 में मैं ऑस्ट्रेलिया में था और नीलामी हो रही थी। मैं उस समय तमिलनाडु का बड़ा नाम था और देश के लिए भी क्रिकेट खेल रहा था। मुझे पूरी उम्मीद थी कि चेन्नई सुपर किंग्स मुझे खरीदेगी। सवाल यह था कि क्यो वो मुझे कप्तान बनाएगी या नहीं। यह मेरे दिमाग में चल रहा था.. उन्होंने पहला खिलाड़ी जो खरीदा वो थे महेंद्र सिंह धोनी, 15 करोड़ रुपये में और वो मेरे साथ कॉर्नर में बैठे थे। उन्होंने मुझे बताया भी नहीं कि चेन्नई उन्हें खरीदने वाली है।'

वो मेरे दिल पर सबसे बड़ी चोट थी

कार्तिक ने कहा, 'शायद वो (धोनी) जानते नहीं थे। लेकिन मेरे दिल पर यह सबसे बड़ी चोट थी। मैंने सोचा कि वो लोग मुझे बाद में खरीद लेंगे। 13 साल हो गए और मैं अभी तक चेन्नई सुपर किंग्स के बुलावे का इंतजार कर रहा हूं।

कई टीमों के लिए खेले कार्तिक

आईपीएल में दिनेश कार्तिक कई टीमों के लिए खेल चुके हैं। वो दिल्ली डेयरडेविल्स, किंग्स इलेवन पंजाब, मुंबई इंडियंस के लिए खेल चुके हैं और अब कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेल रहे हैं। हालांकि उनका पहला प्यार हमेशा चेन्नई की टीम ही रही। आपको बता दें कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दिनेश कार्तिक महेंद्र सिंह धोनी से कुछ महीने सीनियर हैं। वो उनसे पहले आए थे लेकिन धोनी के धमाल के बाद कार्तिक को जैसे भुला दिया गया। आलम ये है कि चयनकर्ताओं की नजरों में आज वो दूसरा विकल्प भी नहीं हैं। अगर रिषभ पंत कभी चोटिल हुए तब शायद उनके बारे में सोचा जा सकता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल