लाइव टीवी

बेन स्टोक्स-डॉम सिबली की जोड़ी ने तोड़ा स्टीव स्मिथ और माइकल क्लार्क का 7 साल पुराना पार्टनरशिप रिकॉर्ड 

Updated Jul 18, 2020 | 01:48 IST

Dom Sibley Ben Stokes pair created new Partnership Record: मैनचेस्टर टेस्ट में शतकवीर बेन स्टोक्स और डॉम सिबली की जोड़ी ने साझेदारी का नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspAP
डॉम सिबली और बेन स्टोक्स की साझेदारी
मुख्य बातें
  • बेन स्टोक्स और डॉम सिबली के बीच हुई 260 रन की साझेदारी
  • दोनों ने मिलकर किया 94.4 ओवर तक कैरेबियाई गेंदबाजों का सामना
  • गेंद और रन दोनों के हिसाब से कायम कर दिए साझेदारी के नए रिकॉर्ड

मैनचेस्टर: इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान में खेले जा रहे सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन डॉम सिबली और बेन स्टोक्स ने शानदार शतकीय पारियां खेलकर रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। एक तरफ डॉम सिबली ने जहां घर पर टेस्ट क्रिकेट में पहला टेस्ट शतक जड़ा। वहीं बेन स्टोक्स ने अपने टेस्ट करियर की गेदों के लिहाज से सबसे लंबी पारी खेली। पहली बार एक पारी में स्टोक्स ने 300 से ज्यादा गेंद का सामना किया।

पहले दिन 81 रन पर 3 विकेट गंवाकर इंग्लैंड की टीम मुश्किल में आ गई थी। ऐसे में ओपनर डॉम सिबली के साथ मिलकर उपकप्तान बेन स्टोक्स ने पारी को संभाला और पहले दिन स्कोर को 207/3 तक पहुंचा दिया। ऐसे में दूसरे दिन दोनों बल्लेबाजों ने अपनी साझेदारी को जारी रखते हुए कई नए रिकॉर्ड कायम किए और मैच में अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इसी साझेदारी की बदौलत इंग्लैंड की टीम पहली पारी में 9 विकेट पर 469 रन बनाने में सफल हुई।  

नया रिकॉर्ड बनाने से 6 गेंद से चूके 
चौथे विकेट के लिए दोनों बल्लेबाजों ने 260 रन की साझेदारी की। इस दौरान दोनों बल्लेबाजो ने कुल 568 गेंद का सामना किया। इस साझेदारी में स्टोक्स ने 155 और सिबली ने 85 रन का योगदान दिया। रन और गेंद दोनों हिसाब से देखा जाए तो इस साझेदारी को रिकॉर्ड बुक्स में जगह मिल गई। 

गेंदों के लिहाज से दोनों बल्लेबाजों ने एक दूसरे के साथ कुल 94.4 ओवर यानी 568 गेंद तक बल्लेबाजी की। पारी के 31.2 ओवर में जो रूट आउट हुए थे और 126वें ओवर की आखिरी गेंद पर सिबली लपके गए। ऐसे में दोनों ने 94.4 ओवर तक एक दूसरे का साथ दिया। ये जोड़ी महज 6 गेंद के अंतर से 21वीं सदी में गेंदों के लिहाज से इंग्लैंड के लिए सबसे लंबी साझेदारी का रिकॉर्ड अपने नाम करने से चूक गई। ये रिकॉर्ड स्टुअर्ट ब्रॉड और जॉनेथन ट्रॉट की जोड़ी के नाम दर्ज है। दोनों ने साल 2010 में लॉर्ड्स में 8वें विकेट के लिए 95.4 ओवर बल्लेबाजी की थी। 

स्टोक्स और सिबली की जोड़ी से पहले इंग्लैंड के लिए 500 से ज्यादा गेंद की साझेदारी एलेस्टर कुक और निक क्रॉम्पटन के बीच न्यूजीलैंड के खिलाफ डब्लिन में हुई थी। दोनों की साझेदारी 509 गेंद लंबी रही थी। जबकि घर पर आखिरी बार ऐसा ब्रॉड और ट्रॉट ने 2010 में किया था। 

तोड़ा स्टीव स्मिथ और माइकल क्लार्क का रिकॉर्ड 
रनों के हिसाब से देखा जाए तो स्टोक्स और सिबली के बीच हुई साझेदारी ओल्ड ट्रैफर्ड में चौथे विकेट के लिए हुई सबसे लंबी साझेदारी है। इससे पहले ये रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के माइकल क्लार्क और स्टीव स्मिथ की जोड़ी के नाम दर्ज था। दोनों ने साल 2013 में इसी मैदान में चौथे विकेट के लिए 214 रन जोड़े थे। ऐसे में सात साल पुराना कंगारू जोड़ी का रिकॉर्ड स्टोक्स और सिबली की जोड़ी ने अपने नाम कर लिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल