लाइव टीवी

क्रिकेट जगत में फैली शोक की लहर, मध्‍यप्रदेश के पूर्व रणजी कप्‍तान अशोक जगदाले का हुआ निधन

Updated Jul 26, 2022 | 09:46 IST

Ashok Jagdale demise: क्रिकेट जगत में शोक की लहर फैल गई है। मध्‍यप्रदेश के पूर्व रणजी कप्‍तान अशोक जगदाले का 76 की उम्र में निधन हो गया। जानकारी मिली कि आंतरिक रक्‍तस्राव के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी और कुछ समय बाद उनका देहांत हो गया।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
अशोक जगदाले का हुआ निधन
मुख्य बातें
  • मध्‍यप्रदेश के पूर्व रणजी कप्‍तान अशोक जगदाले का हुआ निधन
  • अशोक जगदाले ने 76 की उम्र में आखिरी सांस ली
  • इंदौर के एक निजी अस्‍पताल में अशोक जगदाले का निधन हुआ

इंदौर: मध्यप्रदेश की रणजी टीम के पूर्व कप्तान और हरफनमौला खिलाड़ी अशोक जगदाले का सोमवार को इंदौर में 76 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके परिवार के एक सदस्य ने यह जानकारी दी।

जगदाले के छोटे भाई और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के पूर्व सचिव संजय जगदाले ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि उनके बड़े भाई अशोक जगदाले रविवार देर रात नाक से खून बहने के बाद बेसुध हो गए थे और उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने बताया कि आंतरिक रक्तस्राव से उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई और डॉक्टर उनकी जान नहीं बचा सके।

अशोक जगदाले ने 76 प्रथम श्रेणी मैचों में चार शतकों के साथ 2,954 रन बनाए थे और 182 विकेट भी झटके थे। क्रिकेट इतिहास के जानकार सूर्यप्रकाश चतुर्वेदी ने कहा, 'जगदाले मध्यप्रदेश के बेहतरीन हरफनमौला क्रिकेटरों में से एक थे। पहले वह दाएं हाथ से फिरकी गेंद फेंकते थे और बाद में उन्होंने मध्यम गति के गेंदबाज के रूप में राज्य की टीम को अपनी सेवाएं दीं।'

उन्होंने याद किया कि एक बार जब सेंट्रल जोन की टीम दलीप ट्रॉफी जीती, तो इसमें जगदाले और सलीम दुर्रानी के हरफनमौला प्रदर्शन का बड़ा हाथ था।
जगदाले के निधन पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत कई हस्तियों ने शोक जताया है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल