लाइव टीवी

जानिए धोनी को लेकर बेबाकी से बयान देने वाले गौतम गंभीर ने उनके संन्यास पर क्या कहा

Updated Aug 15, 2020 | 22:55 IST

Gautam Gambhir's statement on retirement of MS Dhoni : पूर्व कप्तान एम एस धोनी की कई बार आलोचनाएं कर चुके गौतम गंभीर ने उनके संन्यास पर क्या कहा, आइए जानते हैं।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspPTI
गौतम गंभीर और एमएस धोनी।
मुख्य बातें
  • महेंद्र सिंह धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कहा अलविदा
  • धोनी पर बेबाक बयानबाजी और आलोचनाएं करने वाले गौतम गंभीर ने भी किया सलाम
  • एम एस धोनी को लेकर सोशल मीडिया पर संदेशों की बौछार

आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2011 के फाइनल में मिली जीत के दो सबसे बड़े हीरो थे- गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) और महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni)। गंभीर ने जहां 97 रनों की शानदार पारी खेली थी, वहीं धोनी टीम को जीत दिलाकर ही वापस आए। हालांकि करियर के बाद इन दोनों के रिश्ते में खटास की खबरें आती रहीं। गंभीर ने अपने संन्यास के बाद कई बार खुलकर धोनी की आलोचना भी की। अपने बेबाक अंदाज के लिए मशहूर गौतम गंभीर ने अब धोनी के संन्यास पर क्या कहा है, आप भी जानिए।

महेंद्र सिंह धोनी ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने का फैसला सुनाया तो देश-विदेश से आम और खास..सभी के संदेश आना शुरू हो गए। इस दौरान सबकी नजरें गौतम गंभीर के बयान को भी ढूंढ रही थीं जिन्होंने हाल के समय में कई बार धोनी पर निशाना साधा। आखिरकार गंभीर का ट्वीट भी आया और उन्होंने धोनी के संन्यास पर अपना खास संदेश लिखा।

गौतम गंभीर का ट्वीट

गौतम गंभीर ने अपने ट्वीट में लिखा, 'इंडिया-ए से द इंडिया तक, हमारा सफर कई सवालों और ठहराव से भरा रहा। अब जब तुम अपने अध्याय को समाप्त कर रहे हो, ऐसे में तुमको इतना बता सकता हूं कि जिंदगी की नई पारी भी बेहद दिलचस्प है और यहां DRS की भी कोई सीमा नहीं है। अच्छा खेले एमएस धोनी।'

गौतम गंभीर और एमएस धोनी ने एक साथ काफी समय बिताया है। दोनों अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के शुरुआती दिनों में बेहद करीबी माने जाते थे। दोनों ने मिलकर भारत के लिए दो विश्व कप भी जीते (टी20 विश्व कप 2007 और 2011 वनडे विश्व कप)।

बेशक कुछ चीजों को लेकर गंभीर खुश नहीं थे जिसको उन्होंने अपने अंदाज में जाहिर किया और धोनी ने भी कभी पलटकर जवाब व उन चीजों को हवा नहीं दी। दोनों का करियर बेहतरीन रहा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल