लाइव टीवी

दादा के अच्छे स्वास्थ्य के लिए दुआओं का दौर जारी, राजनीति से क्रिकेट जगत तक लोगों ने ऐसे की कामना

Updated Jan 02, 2021 | 21:08 IST

बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली को दिल का दौरा पड़ने की खबर आने के बाद सोशल मीडिया पर दादा के जल्दी स्वस्थ होने के संदेशों की बाढ़ आ गई है।

Loading ...
सौरव गांगुली
मुख्य बातें
  • सौरव गांगुली शनिवार को दिल का दौरा पड़ने के बाद कोलकाता के अस्पताल में हुए भर्ती
  • सचिन से लेकर विराट तक, बीसीसीआई से आईसीसी तक क्रिकेट जगत ने की दादा के जल्दी स्वस्थ होने की कामना
  • राजनीति जगत के लोगों ने भी की गांगुली के जल्दी स्वस्थ होने की कामनाएं

कोलकाता: मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और कप्तान विराट कोहली समेत भारतीय क्रिकेट जगत ने बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) अध्यक्ष और राष्ट्रीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के जल्द स्वस्थ होने की कामना की, जो हल्का दिल का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती है। 

शुक्रवार शाम वर्कआउट सत्र के बाद इस 48 साल के पूर्व खिलाड़ी ने सीने में दर्द की शिकायत दी और आज दोबारा ऐसी समस्या के बाद परिवार के सदस्य उन्हें अस्पताल ले गए। गांगुली को अस्पताल की 'क्रिटिकल केयर यूनिट' (सीसीयू) में भर्ती कराया गया है।

भारतीय कप्तान कोहली ने ट्वीट किया, 'आपके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा हूं। जल्द ही ठीक हो जाइये।' टीम में लंबे समय तक गांगुली के जोड़ीदार रहे तेंदुलकर ने कहा, 'अभी सौरव की बीमारी का पता चला, उम्मीद है कि हर गुजरते दिन के साथ आप पूर्ण और शीघ्र स्वस्थ होंगे। जल्द ठीक हो जाइये।'

स्थिर है दादा की स्थिति: जय शाह
बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने बताया कि गांगुली पर उपचार का अच्छा असर हो रहा है। शाह ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, 'मैं गांगुली के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना और प्रार्थना कर रहा हूं। मैंने उनके परिवार से बात की है। दादा (गांगुली) की स्थिति स्थिर हैं और उन्हें उपचार का फायदा हो रहा है।'

बीसीसीआई और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने भी गांगुली के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। बीसीसीआई ने ट्वीट किया, 'बीसीसीआई अध्यक्ष के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।' आईसीसी ने लिखा, 'भारत के पूर्व कप्तान और बीसीसीआई के वर्तमान अध्यक्ष सौरव गांगुली को आज सुबह हल्के स्तर के हृदयाघात का सामना करना पड़ा। उनकी स्थिति अब स्थिर है। हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।'

वीरेंद्र सहवाग, हरभजन सिंह, अनिल कुंबले और गौतम गंभीर जैसे गांगुली के पूर्व साथी खिलाड़ियों ने भी उनके जल्द ठीक होने की कामना की। सहवाग ने ट्वीट किया, 'दादा, जल्दी से ठीक होने का, आपके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहा हूं।' गंभीर ने ट्वीट किया, 'गांगुली के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना। ध्यान रखे और भगवान आपकी रक्षा करें।'

दीदी ने जाना दादा का हाल
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गांगुली के अस्पताल के भर्ती होने पर चिंता जताई है। ममता ने ट्वीट किया, 'गांगुली को हल्का दिल का दौरा पड़ने और उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर सुनकर दु:ख हुआ। उनके जल्द और पूरी तरह से उबरने की कामना करती हूं। मेरी प्रार्थनाएं उनके और उनके परिवार के साथ हैं।'

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने भी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने लिखा, 'दिल का दौरा पड़ने के बाद उपचार करा रहे गांगुली के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहा हूं। वुडलैंड्स अस्पताल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि वह स्थिर हैं।'

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल