लाइव टीवी

लॉकडाउन में हरभजन सिंह ऐसे बिता रहे हैं समय, हिम्मत बढ़ाने का तरीका भी बताया

Updated Mar 25, 2020 | 20:22 IST

Harbhajan Singh during lockdown: भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने फैंस को बताया है कि वो 21 दिन के लॉकडाउन में आखिर घर पर कैसे समय बिता रहे हैं। जानिए उन्होंने क्या कहा।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspPTI
Harbhajan Singh speaks on his home quarantine during lockdown
मुख्य बातें
  • हरभजन सिंह भी घर पर हैं, 21 दिन के लॉकडाउन का पहला दिन
  • भज्जी ने बताया महामारी के दौर में घर में क्या करके समय बिता रहे हैं
  • भारतीय स्पिनर्स ने फैंस से की अपील और मनोबल बढ़ाने का तरीका भी बताया

नई दिल्ली। दुनिया के ज्यादातर लोग इस समय घरों पर हैं और खबरों से जुड़े हुए हैं। कोरोना वायरस को लेकर क्या कुछ ताजा खबर है, बस यही सुर्खियां हैं। भारतीय खिलाड़ी भी सबसे अलग नहीं हैं। देश पर आए इस संकट की घड़ी से सब जुड़ चुके हैं। क्रिकेटर हरभजन सिंह ने अपने ताजा ट्वीट में बयां किया है कि घर में रहते समय वो ज्यादातर समय क्या कर रहे हैं।

आमतौर पर दिन भर किसी ना किसी प्रकार से क्रिकेट से जुड़े रहने वाले भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह आजकल खेल नहीं बल्कि दुनिया के हर इंसान की तरह कोविड-19 के बारे में सोच रहे हैं और उनका अधिकतर समय इस महामारी को लेकर नयी जानकारी हासिल करने में बीत रहा है।

हरभजन अभी अपने परिवार (पत्नी गीता और पुत्री हिनाया) के साथ मुंबई में हैं और उन्हें उम्मीद है कि वैज्ञानिक और चिकित्सक इस महामारी की दवा ढूंढने में सफल रहेंगे जिसके कारण अब तक दुनिया भर में 20 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।

हरभजन ने पीटीआई से कहा, ‘संकट की इस घड़ी में आप जिंदगी को पूरी तरह अलग नजरिये से देखते हो। ऐसे समय में खेल आपके दिमाग के किसी दूर कोने में चला जाता है। मैं घर में हूं। मैं अपना अधिकतर समय कोविड-19 के बारे में जानकारी हासिल करने में बिता रहा हूं।’

इस जानकारी पर है खास ध्यान

आखिर वो क्या पढ़ रहे हैं, इस पर हरभजन ने कहा, ‘मैं उपलब्ध जानकारी के हर प्रमाणिक हिस्से को पढ़ने की कोशिश करता हूं। वर्तमान परिस्थिति को लेकर सरकार की तरफ से जारी सभी नयी जानकारियां पढ़ रहा हूं। सबसे महत्वपूर्ण मैं यह जानने की कोशिश करता हूं कि वैज्ञानिक, जीव विज्ञानी और चिकित्सक इसका क्या तोड़ ढूंढ रहे हैं।’

सकारात्मक जानकारी बढ़ाती है मनोबल

भज्जी ने कहा, ‘संकट की इस घड़ी में आपको अपना जज्बा बनाये रखना होता है और खुद को प्रेरित करना होता है। कोई भी सकारात्मक जानकारी आपका मनोबल बढ़ाती है।’ इससे पहले भारतीय क्रिकेट के कई खिलाड़ी लगातार फैंस को प्रेरित करते रहे हैं और अपने-अपने अंदाज में उन लोगों को नसीहत भी देते रहे हैं जो इस महामारी की गंभीरता को नहीं समझ रहे हैं।

मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर भी उन्हीं में से एक हैं जिन्होंने बुधवार को एक वीडियो पोस्ट करके उन सभी लोगों से अपील की और लताड़ भी लगाई, जो सरकार द्वारा लागू किए गए संपूर्ण भारत के लॉकडाउन का पालन नहीं कर रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल