लाइव टीवी

IND vs SA 2nd Test: भारत ने दक्षिण अफ्रीका को पुणे टेस्ट में दी करारी मात, किया सीरीज पर कब्जा 

Updated Oct 13, 2019 | 09:43 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

IND vs SA, 2nd Test: भारत ने दक्षिण अफ्रीका को पुणे टेस्ट में पारी और 137 रन के अंतर से मात देकर तीन मैच की सीरीज में 2-0 की निर्णायक बढ़त हासिल कर ली है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspAP
भारतीय क्रिकेट टीम
मुख्य बातें
  • दूसरी पारी में फॉलोऑन खेलते हुए 169 रन पर हुई ढेर
  • पारी और 137 रन के अंतर से भारतीय टीम ने जीता मैच
  • पहली पारी में 601/5 रन बनाने के बाद हासिल की थी 326 रन की बढ़त

पुणे: विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने फॉफ डुप्लेसी की कप्तनी वाली दक्षिण अफ्रीकी टीम को लगातार दूसरे मैच में मात देकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की निर्णायक बढ़त हासिल कर ली है। पुणे टेस्ट के चौथे दिन पहली पारी में 326 रन से पछड़ने के बाद फॉलो ऑन खेलने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम चायकाल के बाद 189 रन बनाकर ढेर हो गई और भारतीय टीम ने पारी और 137 रन से मैच अपने नाम कर लिया। 

दूसरी पारी में भी दक्षिण अफ्रीका का टॉप ऑर्डर धराशाई हो गया। कोई भी दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों का सामना नहीं कर सका। पहली पारी की तरह केशव महाराज और वर्नान फिलेंडर की जोड़ी कुछ देर पिच पर टिक सकी। इस जोड़ी के टूटते ही एक बार फिर मेहमान टीम रन पर धराशाई हो गई। दूसरी पारी में भारत के लिए सबसे ज्यादा 3 विकेट उमेश यादव ने लिए। वहीं अश्निन जडेजा ने 2-2 विकेट लिए।  

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पुणे में खेले जा रहे सीरीज के दूसरे टेस्ट की चौथे दिन भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को फॉलोऑन देने का फैसला किया। शनिवार को पहली पारी में मेहमान टीम को 275 रन पर ढेर करने के बाद टीम इंडिया ने 326 रन की बढ़त हासिल कर ली है। टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी 601/5 के स्कोर पर घोषित की थी।

जीती घर पर लगातार 11वीं सीरीज 
भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को पुणे टेस्ट में मात देकर घर पर लगातार 11वीं टेस्ट सीरीज जीतकर नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने दो बार अपने घर पर लगातार 10 सीरीज जीती थी। 

मध्यक्रम फिर हुआ ध्वस्त  

12.1 ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने दूसरी पारी में 50 रन के आंकड़े को पार किया। दक्षिण अफ्रीका को तीसर झटका कप्तान फॉफ डुप्लेसिस के तौर पर लगा। डुप्लेसिस को आर अश्विन ने 24वें ओवर की तीसरी गेंद पर पवेलियन की राह दिखाई। इसके बाद टिककर बल्लेबाजी कर रहे डीन एल्गर अपना विकेट गंवा बैठे। वह अर्धशतक पूरा नहीं कर पाए और 48 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने 26वें ओवर की दूसरी गेंद पर उठाकर मारने की फिराक में उमेश यादव को कैच थमा दिया। क्विंटन डिकॉक 5 रन के निजी स्कोर पर पांचवें बल्लेबाज के रूप में आउट हुए। दक्षिण अफ्रीका की आधी टीम 79 रन के कुल स्कोर पर पवेलियटन लौट गई। इसके बाद टेमबा बवूमा ने मुथुस्वामी के साथ पारी को संभालने की कोशिश की लेकिन वो भी 38 रन बनाकर जडेजा की गेंद पर स्लिप पर रहाणे के हाथों लपके गए। इसके बाद मुथुस्वामी मोहम्मद शमी की गेंद पर ्स्लिप में रोहित शर्मा के हाथों लपके गए। उन्होंने 9 रन बनाए। 

दूसरी पारी में दक्षिण अफ्रीका का खराब शुरुआत 
फॉलो ऑन खेलने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही। दूसरी पारी के पहले ही ओवर में एडन मार्करम इशांत की दूसरी गेंद पर एलबीडब्ल्यू होकर पवेलियन लौट गए। वो अपना खाता भी नहीं खोल पाए। इसके बाद नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने आए डि ब्रायन भी ज्यादा देर तक पिच पर नहीं टिक सके और उमेश यादव की गेंद पर विकेटकीपर साहा के हाथों शानदार तरीके से लपके गए। वो 18 गेंद पर केवल 8 रन बना सके। 

 

विराट कोहली ने अपनी कप्तानी में सातवीं बार किसी टीम को फॉलोऑन दिया है। भारतीय टीम के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका को पहली बार फॉलोऑन के लिए मजबूर होना पड़ा है। दक्षिण अफ्रीकी टीम के सामने पिछले 11 साल में ऐसी स्थिति खड़ी हुई है। आखिरी बार उसे साल 2008 में लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर इंग्लैंड ने फॉलोऑन के लिए मजबूर किया था। 

 

 

 

टीमें इस प्रकार हैं:

भारत: रोहित शर्मा, मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, रिद्धिमान साहा, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्निन, इशांत शर्मा, मोहम्मद शमी, उमेश यादव

दक्षिण अफ्रीका: एडेन मार्करम, डीन एल्गर, डी ब्रुयन, टेम्बा बमुवा, फॉफ डुप्लेसी, क्विंटन डिकॉक, मुथुस्वामी, वर्नान फिलेंडर, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, एनरिक नॉर्टजे। 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल