लाइव टीवी

अयोध्या में 'श्री राम मंदिर' के भूमि पूजन पर बोले मोहम्मद कैफ, कई अन्य खिलाड़ियों ने लिखा संदेश

Updated Aug 05, 2020 | 22:00 IST

Mohammad Kaif tweets on Sri Ram Mandir Bhoomi Pujan, 5th August 2020: अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि के भूमि पूजन व शिलान्यास पर क्या कहा पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ व अन्य खिलाड़ियों ने, आइए जानते हैं।

Loading ...
मोहम्मद कैफ ने भूमि पूजन पर किया ट्वीट। (AP/BCCL)
मुख्य बातें
  • श्री राम जन्मभूमि मंदिर के भूमि पूजन पर खिलाड़ियों ने भावनाएं व्यक्त की
  • भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ, शिखर धवन, सुरेश रैना ने भी किए ट्वीट
  • अन्य खेलों के खिलाड़ियों ने भी जाहिर की खुशी

नई दिल्ली: बुधवार का दिन ऐतिहासिक रहा जब अयोध्या में भूमि पूजन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'श्री राम जन्मभूमि मंदिर’ का शिलान्यास किया। देश-विदेश में आज दिन भर इसी की चर्चा रही और तमाम हस्तियों ने सोशल मीडिया पर आकर अपने विचार व्यक्त किए। भारतीय खेल जगत से भी कई दिग्गजों ने अपने विचार जाहिर किए।

भारत के शीर्ष बल्लेबाज शिखर धवन ने अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के भूमि पूजन को ऐतिहासिक दिन करार दिया जबकि पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने देश को शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व की संस्कृति की याद दिलायी। धवन ने अपने ट्विटर पेज पर लिखा, ‘‘आज का दिन जश्न मनाने का दिन है जो इतिहास की किताब में दर्ज हो जायेगा। इसमें जो लोग शामिल हैं, उन सभी को बधाई।’’

भारत के लिये 125 वनडे और 13 टेस्ट में खेल चुके मोहम्मद कैफ ने ट्वीट किया, ‘‘गंगा-जमुना संस्कृति वाले शहर इलाहाबाद में बड़ा हुआ और मुझे रामलीला देखना बहुत पसंद था जो करुणा, सह-अस्तित्व, सम्मान की गाथा है। भगवान राम ने सभी में अच्छाई देखी और हमारे आचरण में उनकी विरासत का प्रतिबिंब दिखना चाहिए।’’ उन्होंने लिखा, ‘‘नफरत करने वालों को एकता और प्यार के बीच नहीं आने दें।’’

ऑलराउंडर सुरेश रैना ने भी इसके बाद शांति और खुशियों के कायम रखने की उम्मीद जतायी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘राम जन्मभूमि अयोध्या में शिलान्यास करने के लिये देशवासियों को बधाई और शुभकामनायें। मेरी इच्छा है कि इससे देश में भाईचारा, शांति और खुशियां बढ़ें।’’

विश्व रजत पदकधारी पहलवान बजरंग पूनिया ने बधाई संदेश में लिखा, ‘‘यह दिन इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जायेगा। श्रीराम मंदिर के शिलान्यास के साथ सभी भक्तजनों का सपना साकार हो गया।’’

ओलंपिक कांस्य पदकधारी पहलवान साक्षी मलिक ने लिखा, ‘‘राम हमारा अस्तित्व हैं। हम भगवान राम की पूजा करते हैं। वही हमारी जिंदगी हैं।’’

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल