लाइव टीवी

शतक से चूके गप्टिल ने गजब रिकॉर्ड बना डाला, टी20 क्रिकेट में पहली बार हुआ ऐसा, विराट के क्लब में भी की एंट्री

Updated Nov 03, 2021 | 18:20 IST

Martin Guptill in T20I Cricket: ओपनर मार्टिन गप्टिल बुधवार को स्कॉटलैंड के खिलाफ शतक जड़ने से चूक गए। वह 19वें ओवर में आउट होकर पवेलियन लौटे।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspAP
मार्टिन गप्टिल
मुख्य बातें
  • मार्टिन गप्टिल ने स्कॉटलैंड के सामने अच्छी बैटिंग
  • ओपनर गप्टिल 7 रन से सैकड़ा जमाने से रह गए
  • उन्होंने मुश्किल वक्ट में टिककर बल्लेबाजी की

Martin Guptill against Scotland in T20 World Cup 2021: टी20 विश्व 2021 के सुपर-12 राउंड में बुधवार को न्यूजीलैंड और स्कॉटलैंड के बीच मुकाबला खेला गया। मैच में न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल का जलवा देखने को मिला। उन्होंने 56 गेंदों में 6 चौकों और 7 शानदार छक्कों के दम पर 93 रन की पारी खेली। गप्टिल अपने तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय के करीब थे, लेकिन 19वें ओवर में ब्रैडली व्हील का शिकार बन गए। गप्टिल भले ही शतक से चूक गए हों, मगर उसके बावजूद वह दो बड़े कारनामे अंजाम देने में सफल रहे।

मार्टिन गप्टिल ने बनाया ये गजब रिकॉर्ड

गप्टिल ने अपनी आतिशी पारी के दौरान टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 150 छक्के जड़ने का गजब का रिकॉर्ड बना डाला। गप्टिल क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में छक्कों का यह आंकड़ा छूने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। बता दें कि गप्टिल इस साल फरवरी में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे अधिक छक्के मारने वाले बल्लेबाज बने थे और तब से लगातार इस मामले में शीर्ष पर हैं। उनके बाद लिस्ट में दूसरे नंबर पर 'हिटमैन' के नाम से मशहूर रोहित शर्मा (134 छक्के) हैं। वहीं, वेस्टइंडी के क्रिस गेल (122) तीसरे और इंग्लैंड के इयोन मोर्गन (119 छक्के) चौथे स्थान पर हैं। न्‍यूजीलैंड के कॉलिन मनरो (107) पांचवें नंबर पर हैं।

गप्टिल ने विराट के इस क्लब में की एंट्री

गप्टिल ने 150 छक्के जमाने के अलावा एक और बड़ा कीर्तिमान अपने नाम किया है। वह भारतीय कप्तान विराट कोहली के बाद पुरुषों के टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तीन हजार पूरे करने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। गप्टिल 105 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 32.65 की औसत और 136.95 के स्ट्राइक रेट से 3069 रन बना चुके हैं। उन्होंने इस दौरान 2 शतक और 18 अर्धसतक लगाए। दूसरी ओर, कोहली ने 91 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 52.02 की औसत और 137.94 के स्ट्राइक रेट से 3225 रन बनाए हैं। उन्होंने 29 फिफ्टी जमाई हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल