लाइव टीवी

मोहम्मद रिजवान ने रचा इतिहास, बने अंतरराष्ट्रीय टी20 में ये कारनामा करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज

Updated Nov 11, 2021 | 21:46 IST

Mohammad Rizwan 1000 plus T20I Runs in a Calendar Year: पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में धमाकेदार पारी के दौरान इतिहास रच दिया।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspAP
मोहम्मद रिजवान
मुख्य बातें
  • रिजवान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली 52 गेंद में 67 रन की आतिशी पारी
  • बने अंतरराष्ट्रीय टी20 में एक साल में एक हजार से ज्यादा रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज
  • इस साल 89 की औसत से बनाए हैं रन, हर दूसरी पारी में जड़ा है अर्धशतक

दुबई: अपने क्रिकेट करियर के सबसे बेहतरीन दौर से गुजर रहे पाकिस्तान के विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में बल्ले से वो कारनामा कर दिखाया जो आजतक और कोई नहीं कर पाया। 

पारी की शुरुआत करने आए रिजवान ने 52 गेंद में 67 रन की शानदार पारी खेली और इस दौरान 3 चौके और 4 छक्के जड़े। रिजवान ने अपना अर्धशतक 41 गेंद में 2 चौके और 3 छक्के के साथ पूरा किया। ये उनका टूर्नामेंट में तीसरा अर्धशतक है। 

एक साल में बनाए अंतरराष्ट्रीय टी20 में 1 हजार रन 
अपनी इस पारी के दौरान मोहम्मद रिजवान ने साल 2021 में अंतरराष्ट्रीय टी20 में एक हजार रन पूरे कर लिए। वो सबसे छोटे फॉर्मेट में एक कैलेंडर वर्ष में एक हजार रन के आंकड़े को छूने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज हैं। साल 2021 में रिजवान ने पाकिस्तान के लिए 23 मैच खेले जिसकी 20 पारियों में 8 बार नाबाद रहते हुए उन्होंने 1033 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक शतक और 10 अर्धशतक जड़े। इस दौरान उनका औसत 86.08 और स्ट्राइक रेट 136.45 का रहा है। 

हर दूसरी पारी में जड़ा अर्धशतक 
रिजवान की कंसिस्टेंसी का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि 20 पारी में उनके नाम 50 रन से ज्यादा की 11 पारियां दर्ज हैं यानी हर दूसरी पारी में उनके बल्ले से पचास या उससे ज्यादा रन निकले हैं। 2 बार रिजवान अपना खाता भी नहीं खोल सके। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 104 रन रहा है। साल 2021 में रिजवान ने अंतरराष्ट्रीय टी20 में जमकर चौकों छक्कों की बारिश की है। उन्होंने 23 मैच में खेली 20 पारियों में 88 चौके और 37 छक्के जड़े हैं। 

शानदार रहा है टी20 वर्ल्ड कप में सफर
मोहम्मद रिजवान के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2021 बेहद शानदार रहा है। उन्होंने अबतक खेले 6 मैच की 6 पारियों में 70.25 की औसत औक 127.72 के स्ट्राइक रेट से 281 रन बनाए हैं। टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में रिजवान अपनी टीम के कप्तान बाबर आजम के बाद दूसरे पायदान पर हैं। तीसरे नंबर पर काबिज जोस बटलर के नाम 269 रन हैं। 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल