लाइव टीवी

टेस्ट क्रिकेट इतिहास में ये अनोखा कारनामा करने वाले दुनिया के पहले ओपनर बने रोहित शर्मा

Updated Oct 05, 2019 | 17:44 IST

Rohit Sharma: रोहित शर्मा ने टेस्ट करियर की दोनों पारियों में शतक जड़ने वाले छठे भारतीय बन गए हैं। उन्होंने इसी के साथ ही एक ऐसी उपलब्धि हासिल कर ली है जो उनसे पहले दुनिया का और कोई बल्लेबाज नहीं कर सका।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspAP
रोहित शर्मा
मुख्य बातें
  • 41 साल बाद किसी भारतीय ओपनर ने टेस्ट की दोनों पारियों में जड़ा शतक
  • 1978 में सुनील गावस्कर ने पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के खिलाफ दोनों पारियों में जड़े थे शतक
  • रोहित ने पहली बार ओपनिंग करते हुए दोनों पारियों में शतक जड़ने का कारनामा

विशाखापट्टनम: रोहित शर्मा के लिए एक बार फिर पारी की शुरुआत ने तकदीर बदल दी। वनडे और टी-20 क्रिकेट में बतौर ओपनर धमाल मचाकर हिटमैन की उपाधि हासिल करने वाले रोहित ने पहली बार टेस्ट क्रिकेट में पारी की शुरुआत करने हुए वो कारनामा कर दिखाया जो टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में अब तक और कोई खिलाड़ी नहीं कर सका। रोहित पहली पारी की शुरुआत करते हुए एक टेस्ट मैच को दोनों पारियों में शतक जड़ने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। 

विशखापट्टनम में पहली बार सफेद कपड़ों में पारी की शुरुआत करते हुए 176 रन की पारी खेली। इसके बाद दूसरी पारी में 127 रन जड़ दिए। रोहित से पहले दुनिया को और कोई आरंभिक बल्लेबाज पहली बार ओपनिंग करते हुए ऐसा नही कर सका था। इसी के साथ ही रोहित का नाम क्रिकेट इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज हो गया। 

रोहित एक टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जड़ने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज है। भारत के लिए ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी विजय हजारे थे। इसके बाद सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, विराट कोहली और अंजिक्य रहाणे ऐसा कर चुके हैं। सुनील गावस्कर ने तीन बार जबकि राहुल द्रविड़ ने  दो बार एक टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जड़े थे। 

दोनों पारियों में स्टंपिंग होने वाले पहले भारतीय 

रोहित की दोनों पारियों का अंत भी एक ही तरह से हुआ। दोनों पारियों में वह केशव महाराज की गेंद पर स्टंपिग होकर पवेलियन लौटे। इसी के साथ ही वो एक टेस्ट की दोनों पारियों में स्टंपिंग होने वाले पहले भारतीय भी बन गए हैं। इससे पहले अब तक खेली 137 प्रथमश्रेणी पारियों में रोहित केवल एक बार स्टंपिंग हुए थे।

खत्म हुआ 41 साल का सूखा 
41 साल बाद कोई भारतीय ओपनर किसी टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जड़ने में सफल हुआ है। सुनील गावस्कर रोहित से पहले ऐसा करने वाले एकलौते भारतीय ओपनर थे। उन्होंने तीन बार( 1971, 1978, 1978) में एक टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जड़े थे। 1978 के बाद कितने ओपनर आए और विदा हो गए लेकिन गावस्कर की तरह दोनों पारियों में शतक कोई भी नहीं जड़ सका। लेकिन रोहित शर्मा ने 41 साल के इस सूखे को विशाखापट्टन में खत्म कर दिया।   

बतौर ओपनर पहले टेस्ट में सबसे ज्यादा रन 
रोहित शर्मा बतौर ओपनर पहले टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले ये रिकॉर्ड श्रीलंका के तिलकरत्न दिलशान के नाम दर्ज था। दिलशान ने टेस्ट क्रिकेट में श्रीलंका के लिए पहली बार पारी का आगाज करते हुए गॉल में दोनों पारियों में 92 और 123* रन की पारियों सहित मैच में कुल 215 रन बनाए थे। वहीं रोहित शर्मा ने पहली पारी में 176 और दूसरी में 127 रन की पारी खेलकर कुल 303 रन बनाकर दिलशान को बड़े अंतर से पीछे छोड़ दिया है। 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल