लाइव टीवी

WTC Final 2021: 'हिटमैन' रोहित शर्मा ने बताया फाइनल के लिए क्या है उनका प्लान, ऐसे करेंगे बल्लेबाजी

Updated Jun 18, 2021 | 18:58 IST

Rohit Sharma speaks on WTC Final against New Zealand: हिटमैन के नाम से मशहूर भारतीय क्रिकेट टीम के धुरंधर व अनुभवी ओपनर रोहित शर्मा ने फाइनल के लिए अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं।

Loading ...
Rohit Sharma (BCCI)
मुख्य बातें
  • भारत बनाम न्यूजीलैंड - डब्ल्यूटीसी फाइनल
  • रोहित शर्मा ने जाहिर किए अपने इरादे, कैसा रुख अपनाएंगे फाइनल मैच में
  • न्यूजीलैंड के खिलाफ हिटमैन रोहित शर्मा से काफी उम्मीदें

भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (Rohit Sharma) मानना है कि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल में न्यूजीलैंड जैसी दमदार टीम के खिलाफ चीजों को सरल और यथार्थवादी बनाये रखना जरूरी है। भारी बारिश के कारण शुक्रवार को फाइनल के पहले दिन का खेल प्रभावित रहा। इंग्लैंड में टेस्ट मैचों में पहली बार सलामी बल्लेबाज की भूमिका निभा रहे रोहित को न्यूजीलैंड के आक्रमण का अच्छी तरह से सामना करने का पूरा विश्वास है क्योंकि वह छोटे प्रारूपों में कई बार उनका सामना कर चुके हैं।

रोहित ने आधिकारिक प्रसारक ‘स्टार स्पोर्ट्स’ से कहा, ‘‘मैं उन गेंदबाजों का पहले सामना कर चुका हूं तथा उनके मजबूत और कमजोर पक्षों को जानता हूं। यह सब परिस्थितियों, टीम की स्थिति और हम पहले खेल रहे हैं या बाद में, इस पर निर्भर करेगा।’’ इस ऐतिहासिक मैच के पहले दिन शुरुआती सत्र का खेल बारिश की भेंट चढ़ गया।

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में एक सलामी बल्लेबाज के रूप में 1000 से अधिक रन बनाने वाले रोहित ने कहा, ‘‘यह मायने रखेगा और इस बारे में ज्यादा न सोचना भी महत्वपूर्ण है। एक मजबूत टीम के खिलाफ चीजों को सरल और यथार्थवादी रखना भी महत्वपूर्ण होता है।’’ सीमित ओवरों के सुपर स्टार रोहित को भी खेल का पारंपरिक प्रारूप ही पसंद हैं क्योंकि यह आपके सामने लगातार चुनौती पेश करता है।

उन्होंने कहा, ‘‘आपको पांच दिन तक चुनौती का सामना करना होता है और मुझे लगता है कि ऐसा किसी अन्य खेल में नहीं होता है। यहां हर दिन अलग तरह की चुनौती होती है। लंबी अवधि के खेल में आपको धैर्य बनाये रखना होता है। आप भिन्न परिस्थितियों में खेलते हो और यह आसान नहीं है। ’’ रोहित ने कहा, ‘‘आपको पांच दिन तक मानसिक रूप से तरोताजा रहना होगा और मैदान पर अच्छे फैसले करने होंगे। आपको इन चुनौतियों से निबटने के लिये शारीरिक रूप से फिट रहना होगा।’’

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल