लाइव टीवी

रोहित शर्मा बोले- 'धोनी अंडरग्राउंड हो गए हैं, पता नहीं उनके साथ क्या हो रहा है क्योंकि..'

Updated Apr 24, 2020 | 20:38 IST

Rohit Sharma speaks on MS Dhoni: टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज व सीमित ओवर टीम के उप-कप्तान रोहित शर्मा से जब महेंद्र सिंह धोनी के बारे में सवाल पूछा गया तो उन्होंने कुछ ऐसा जवाब दिया।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspPTI
Rohit Sharma and MS Dhoni
मुख्य बातें
  • रोहित शर्मा और हरभजन सिंह के बीच हुई इंस्टाग्राम चैट
  • धोनी के सवाल पर रोहित शर्मा ने दिया मजाकिया बयान
  • आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2019 सेमीफाइनल में आखिरी बार धोनी खेलते दिखे थे

नई दिल्ली: महेंद्र सिंह धोनी कहां गायब हैं, धोनी क्यों किसी से बातचीत नहीं कर रहे, आखिर धोनी का प्लान क्या है, माही कब संन्यास लेंगे, वो टी20 विश्व कप में खेलेंगे या नहीं..ऐसे तमाम सवाल हैं जो भारतीय क्रिकेट फैंस काफी समय से पूछ रहे हैं। विश्व कप 2019 के बाद से मैदान से दूर धोनी को लेकर ऐसे ही सवाल उनके साथी खिलाड़ियों से भी आए दिन पूछ लिए जाते हैं। इंस्टाग्राम लाइव चैट के दौरान जब टीम इंडिया के धाकड़ बल्लेबाज रोहित शर्मा से ये सवाल पूछा गया तो उन्होंने अपने ही अंदाज में दिलचस्प जवाब दिया।

भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह के साथ इंस्टाग्राम लाइव चैट के दौरान रोहित शर्मा से जब धोनी को लेकर चर्चा की गई तो वो बोले कि उन्होंने पिछले साल विश्व कप के बाद से ही महेंद्र सिंह धोनी के बारे में कुछ नहीं सुना है और उन्हें नहीं पता कि उनके साथ क्या हो रहा है। आईपीएल अनिश्चितकाल के लिये टाल दिया गया है और ऐसे में धोनी के लिये टीम इंडिया में वापसी की संभावना भी क्षीण पड़ गयी है। उन्होंने कई महीनों से क्रिकेट नहीं खेला है।

वो अंडरग्राउंड हैं, जानना है तो रांची जाओ

रोहित शर्मा ने कहा, ‘हमें नहीं पता कि उनके साथ क्या हो रहा है। हमने उनके बारे में कोई खबर नहीं सुनी है। विश्व कप का आखिरी मैच जुलाई में था। तब से लेकर अब तक हमने कुछ नहीं सुना है। मुझे कुछ पता नहीं है।’ रोहित ने कहा कि अगर कोई धोनी के बारे में जानना चाहता है तो उन्हें उनके साथ निजी संपर्क करना चाहिए। जब धोनी क्रिकेट नहीं खेल रहे होते हैं तो उनसे संपर्क करना मुश्किल होता है। वह भूमिगत (अंडरग्राउंड) हो जाते हैं। जो भी उनके बारे में जानना चाहता है तो आप सीधे उनके पास जा सकते हैं। आप जानते हैं कि वह रांची में रहते हैं।’ रोहित ने कहा, ‘आप अभी नहीं जा सकते लेकिन लॉकडाउन समाप्त होने के बाद कार, बाइक या उड़ान लेकर उनके पास जाना और उनसे पूछना, ‘आपकी क्या योजना है। आप खेलोगे या नहीं।’

हरभजन सिंह ने भी दिया बयान

इस चैट के दौरान हरभजन सिंह से भी धोनी के बारे में सवाल हुआ। भज्जी आईपीएल में धोनी की अगुवाई वाली चेन्नई सुपर किंग्स का ही हिस्सा हैं। हरभजन सिंह को लगता है कि अब फैंस धोनी को कभी दोबारा भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी में नहीं देखेंगे। भज्जी के मुताबिक शायद धोनी ने विश्व कप 2019 से पहले ही ये फैसला कर लिया था कि वो टूर्नामेंट के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी नहीं करेंगे। वैसे, लॉकडाउन से पहले धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के साथ उनके अभ्यास सत्र में जुड़े थे और जमकर अभ्यास भी किया था लेकिन लॉकडाउन घोषित होने के बाद एक बार फिर वो रांची में अपने परिवार तक सीमित हो गए। आए दिन उनकी पत्नी साक्षी कुछ वीडियो जरूर शेयर करती रहती हैं जिसमें धोनी अपनी बेटी जीवा के साथ खेलते नजर आते हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल