लाइव टीवी

क्या ये बना कारण? इस लक्ष्य को हासिल करने में जुटे थे शेन वॉर्न, निधन से 4 दिन पहले ही किया था खुलासा

Updated Mar 05, 2022 | 07:33 IST

Shane Warne last Instagram post, Reason of Shane Warne's death: महान पूर्व ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी शेन वॉर्न का शुक्रवार को निधन हो गया। इससे चार दिन पहले वॉर्न ने अपने एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बताया था कि वो किस लक्ष्य पर काम कर रहे थे।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspInstagram
शेन वॉर्न का अंतिम इंस्टाग्राम पोस्ट
मुख्य बातें
  • महान पूर्व ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर शेन वॉर्न का 52 वर्ष की आयु में निधन
  • वॉर्न के अंतिम इंस्टाग्राम पोस्ट से उन्होंने क्या था अपने लक्ष्य का खुलासा
  • वजन घटाकर पुरानी जैसी फिटनेस हासिल करने में जुटे थे शेन वॉर्न, एक पुराना विवाद भी चर्चा में

शुक्रवार का दिन क्रिकेट जगत के लिए और खासतौर पर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के लिए बहुत भारी रहा। जहां सुबह पूर्व दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी रॉड मार्श के निधन की खबर आई, वहीं रात होते-होते ऑस्ट्रेलिया के महान पूर्व स्पिनर शेन वॉर्न के निधन की खबर ने सबको चौंका दिया। पूरा खेल जगत शोक में है और किसी को भरोसा नहीं हो रहा कि 52 वर्ष की आयु में आखिर वॉर्न कैसे दुनिया को अलविदा कह गए। इसी बीच उनके अंतिम इंस्टाग्राम पोस्ट की भी चर्चा है जिसमें उन्होंने चार दिन पहले खुलासा किया था कि वो किस लक्ष्य पर काम कर रहे थे। इसके अलावा एक पुराना किस्सा भी चर्चा में है।

शेन वॉर्न थाईलैंड के एक टूरिस्ट स्थान पर थे जब उनका निधन हुआ। खबरों के मुताबिक वो अपने विला में थे जब उनको दिल का दौरा पड़ा। जब तक उनको लेकर कोई कदम उठाया जाता या इलाज के बारे में सोचा जाता, वो दुनिया छोड़ चुके थे। शेन वॉर्न ने अपने आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट में चार दिन पहले अपनी एक तस्वीर पोस्ट की थी जिसमें वो काफी पतले और फिट नजर आ रहे थे।

वॉर्न ने इस तस्वीर के साथ लिखा था कि, "ऑपरेशन वजन घटाओ शुरू हो चुका है (10 दिन हो चुके हैं)। और लक्ष्य है जुलाई तक उस शेप में आ जाना जैसा कुछ साल पहले था। लेट्स गो।"

वो विवाद..जब प्रतिबंधित डायूरेटिक के सेवन के दोषी पाये गए थे

शेन वॉर्न पहले भी अपने करियर के दौरान वजन घटाने को लेकर कई बार मेहनत कर चुके थे। इससे जुड़ा एक विवादित किस्सा भी था जो उनके नाम के साथ जुड़ा रहा था। दक्षिण अफ्रीका में 2003 विश्व कप से पहले वह प्रतिबंधित डायूरेटिक के सेवन के दोषी पाये गए थे। हालांकि उन्होंने कहा था कि उनकी मां ने वजन कम करने के लिये उन्हें वो दवा दी थी।

ये हैरानी वाली बात ही है कि वो अपनी फिटनेस पर काम कर रहे थे और अंत में उनके स्वास्थ्य ने ही उनका साथ नहीं दिया। शेन वॉर्न ने शुक्रवार को सुबह ही ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर रॉड मार्श के निधन के बाद अपने आखिरी ट्वीट में उनको श्रद्धांजलि दी थी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल