लाइव टीवी

युवराज के बाद इन खिलाड़ियों ने जड़े हैं टी20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज अर्धशतक

Updated Sep 05, 2021 | 06:45 IST

Fastest Fifty by Players in T20 World Cup: इन खिलाड़ियों ने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में युवराज सिंह के बाद सबसे कम गेंदों में अर्धशतक जड़ने का कारनामा कर दिखाया है। 

Loading ...
टी20 विश्व कप में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले खिलाड़ी
मुख्य बातें
  • टॉप 6 खिलाड़ियों की सूची में 2 बार है एक खिलाड़ी का नाम
  • दूसरे पायदान पर है नीदरलैंड के अनजान खिलाड़ी का नाम
  • टॉप 6 में नहीं है दो बार की चैंपियन वेस्टइंड़ीज का कोई खिलाड़ी

नई दिल्ली: टी20 क्रिकेट की वर्तमान में पूरी दुनिया में लोकप्रियता की बड़ी वजह ताबड़तोड़ बल्लेबाजी और चौकों छक्कों की बारिश है। प्रशंसक मैदान और टीवी पर चौके छक्के लगते देखना चाहता है। ऐसे में 17 अक्टूबर से यूएई में आयोजित होने जा रहे सातवें टी20 विश्व कप से पहले ये जानते हैं कि फटाफट क्रिकेट के महाकुंभ में युवराज सिंह के बाद सबसे तेज अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड किन खिलाड़ियों के नाम दर्ज है। 

युवराज से साल 2007 के वर्ल्ड कप के दौरान इंग्लैंड के खिलाफ ये धमाकेदार पारी खेली थी और इसी पारी के दौरान स्टुअर्ट ब्रॉड की 6 गेंदों में 6 छक्के जड़ने का कारनामा भी कर दिखाया था। 14 साल से टी20 वर्ल्ड कप में युवराज का ये वर्ल्ड रिकॉर्ड बरकरार है। आईए जानते हैं कि युवराज सिंह के अलावा टी20 वर्ल्डकप में किन खिलाड़ी ने सबसे तेज पचासे जड़े हैं। 

स्टीफन मायबर्ग(2014)
युवराज सिंह के बाद टी20 वर्ल्ड कप में दूसरा सबसे तेज अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड नीदरलैंड के बल्लेबाज स्टीफन मायबर्ग के नाम दर्ज है। उन्होंने साल 2014 में बांग्लादेश में आयरलैंड के खिलाफ मुकाबले में 17 गेंद में पचासा जड़ा था। इस पारी के दौरान उन्होंने 4 चौके और 7 छक्के की मदद से 23 गेंद में 63 रन बनाए थे। 

ग्लेन मैक्सवेल(2014)
टी20 वर्ल्डकप इतिहास का तीसरा सबसे तेज अर्धशतक ऑस्ट्रेलिया के आतिशी बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल के नाम दर्ज है। मैक्सवेल ने साल 2014 में बांग्लादेश में आयोजित टी20 वर्ल्डकप के दौरान पाकिस्तान के खिलाफ 18 गेंद में पचासा जड़ा था। अपनी इस आतिशी पारी के दौरान उन्होंने 33 गेंद में 74 रन जड़े थे। इस क्रम में उनके बल्ले से 7 चौके और 6 छक्के निकले थे। 

मोहम्मद अशरफुल(2007)
टी20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले खिलाड़ियों की सूची में चौथे पायदान पर बांग्लादेश के पूर्व धाकड़ बल्लेबाज मोहम्मद अशरफुल हैं। अशरफुल ने साल 2007 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 20 गेंद में अर्धशतक जड़ा था। इस दौरान उनके बल्ले से 7 चौके और 3 छक्के निकले थे। 

युवराज सिंह(2007)
इस सूची में पांचवें पायदान पर भी युवराज सिंह काबिज हैं। युवराज ने साल 2007 में ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप के दौरान 20 गेंद में ही अर्धशतक पूरा कर लिया था। इस पारी के दौरान युवी ने 30 गेंद पर 70 रन बनाए थे और अपने जाने पहचाने अंदाज में 5 चौके और पांच छक्के जड़े थे।

महेला जयवर्धने(2007)
महेला जयवर्धने ने साल 2007 में कीनिया के खिलाफ पहले वर्ल्ड कप के दौरान 21 गेंद में अर्धशतक जड़ा था। यह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अबतक का छठा सबसे तेज अर्धशतक है। इस पारी के दौरान जयवर्धने ने 27 गेंद पर 65 रन जड़े थे और उनके बल्ले से 9 चौके और 2 छक्के निकले थे। 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल