लाइव टीवी

Mithali Raj Records: इन 10 खास रिकॉर्ड्स के साथ मिताली राज का करियर हुआ खत्म

Updated Jun 08, 2022 | 16:51 IST

Mithali Raj retirement news, career records: भारतीय क्रिकेट इतिहास की सबसे सफल खिलाड़ी मिताली राज ने बुधवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
मिताली राज
मुख्य बातें
  • मिताली राज ने लिया अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास
  • भारतीय महिला क्रिकेट में एक युग का अंत
  • मिताली राज के करियर के 10 खास रिकॉर्ड्स

Mithali Raj's achievements: भारतीय क्रिकेट इतिहास को सबसे लंबे समय तक अपना योगदान देने वाली और दुनिया भर में अपना व देश का नाम गौरवान्वित करने वाली मिताली राज ने बुधवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया। भारत की 39 वर्षीय मिताली राज ने 23 साल तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला और वो ऐसा करने वाली पहली महिला क्रिकेटर भी रहीं। इस दौरान उन्होंने कई शानदार रिकॉर्ड्स भी अपने नाम किए।

मिताली राज ने कप्तान और एक बल्लेबाज के रूप में भारतीय क्रिकेट में काफी कुछ हासिल किया। ना सिर्फ उनकी कप्तानी में टीम के रूप में भारत ने जलवा बिखेरा, बल्कि उनका व्यक्तिगत बैटिंग रिकॉर्ड भी लाजवाब रहा। 232 वनडे मैचों में 7805 रन बनाने वाली मिताली राज ने कौन से 10 सबसे बड़े रिकॉर्ड्स अपने नाम किए, आइए जानते हैं..

1. मिताली राज भारतीय महिला क्रिकेट इतिहास में हर प्रारूप में सर्वाधिक रन बनाने वाली खिलाड़ी हैं। वो विश्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाली खिलाड़ी भी हैं।

2. वो पहली भारतीय और पांचवीं महिला क्रिकेटर बनीं जिन्होंने 1000 विश्व कप रन बनाए।

3. मिताली राज विश्व महिला वनडे क्रिकेट इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने वाली खिलाड़ी हैं। उनके नाम 7805 रन दर्ज हैं।

4. उनके नाम महिला वनडे क्रिकेट में दुनिया में सर्वाधिक 71 अर्धशतक का रिकॉर्ड दर्ज है।

5. मिताली राज एकमात्र ऐसी महिला क्रिकेटर हैं जिन्होंने 3 देशों के खिलाफ सर्वाधिक वनडे रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया है। उनके नाम इंग्लैंड के खिलाफ 2005 रन, श्रीलंका के खिलाफ 1103 रन और वेस्टइंडीज के खिलाफ सर्वाधिक 701 रन दर्ज हैं।

ये भी पढ़ेंः मिताली राज ने संन्यास लेने के बाद अपने बयान में क्या कुछ कहा, यहां जानिए

6. मिताली राज के नाम सर्वाधिक महिला वनडे मैच खेलने का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने 232 वनडे खेले। इसके साथ ही वनडे कप्तान के रूप में भी सर्वाधिक 155 वनडे मैच खेले। वो एकमात्र ऐसी खिलाड़ी रहीं जिन्होंने दो विश्व कप फाइनल (2005 और 2017) में भारत की कप्तानी की। 

7. उनके नाम 2004 से 2013 के बीच लगातार बिना कोई मैच छोड़े 109 मैच खेलने का अनोखा व शानदार रिकॉर्ड भी दर्ज है।

8. मिताली राज के नाम भारत के लिए महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक 17 अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड दर्ज है। इसके अलावा भारतीय क्रिकेट (पुरुष या महिला) में 2000 रन बनाने वाली वो पहली खिलाड़ी बनीं।

9. मिताली के नाम महिला विश्व टेस्ट क्रिकेट में दूसरा व भारत के लिए इस प्रारूप में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर दर्ज है। जब उन्होंने 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ टॉन्टन में 214 रनों की पारी खेली थी।

10. मिताली राज ने टेस्ट क्रिकेट में झूलन गोस्वामी के साथ इंग्लैंड के खिलाफ खेलते हुए 7वें विकेट के लिए टेस्ट की सबसे बड़ी साझेदारी (157 रन) का रिकॉर्ड दर्ज है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल