लाइव टीवी

पुणे टेस्ट में विराट कोहली ने तोड़ा सर डॉन ब्रैडमैन का रिकॉर्ड  

Updated Oct 11, 2019 | 13:39 IST

Virat Kohli Most 150+ Score as test Captain: विराट कोहली ने शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पुणे टेस्ट में 150 रन के आंकड़े को पार करते ही सर डॉन ब्रैडमैन का एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

Loading ...
विराट कोहली और सर डॉन ब्रैडमैन
मुख्य बातें
  • बतौर कप्तान खेली 9वीं 150 रन से ज्यादा की पारी
  • ऑस्ट्रेलिया की कमान संभालते हुए ब्रैडमैन केवल 8 बार कर पाए थे ऐसा
  • टीम इंडिया की कप्तानी करते हुए विराट जड़ चुके हैं पांच दोहरे शतक

पुणे: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने शुक्रवार को पुणे में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ करियर का 26वां शतक पूरा किया। 10 पारियों के लंबे अंतराल के बाद विराट के बल्ले से टेस्ट शतक निकला तो उन्होंने इसे एक बार फिर लंबी पारी में तब्दील करने का फैसला किया। मैच के दूसरे दिन विराट ने 173 गेंद में अपना शतक पूरा किया। लंच के बाद भी वो पिच पर टिके रहे और 241 गेंद पर 23 चौकों की मदद से 150 रन के आंकड़े को पार किया। इसी के साथ ही विराट ने ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज सर डॉन ब्रैडमैन का एक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। 

विराट टेस्ट क्रिकेट में बतौर कप्तान 150 या उससे ज्यादा रन की सबसे ज्यादा पारियां खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में सर डॉन ब्रैडमैन को पीछे छोड़ा। टीम इंडिया की कमान संभालते हुए पुणे में विराट के बल्ले से  निकली पारी 150 से ज्यादा रन की 9वीं पारी है। जबकि बैडमैन ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी संभालते हुए केवल 8 बार ऐसा कर सके थे। विराट और ब्रैडमैन के बाद इस सूची में तीसरे पायदान पर साझा रूप से ऑस्ट्रेलिया के माइकल क्लार्क, श्रीलंका के महेला जयवर्धने, वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा और दक्षिण अफ्रीका के ग्रीह्म स्मिथ हैं। इन सभी ने अपनी-अपनी टीम की कमान संभालते हुए सात-सात बार एक पारी में 150 रन के आंकड़े को पार किया था। 

विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में अबतक कुल छह दोहरे शतक जड़े हैं। ये सभी उन्होंने अपनी कप्तानी में ही बनाए हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर 243 रन है। यह पारी उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ दिल्ली के फिरोज शाह कोटला मैदान पर खेली थी। 

विराट की अपनी कप्तानी में खेली 150+ रन की पारियां 

200       वेस्टइंडीज             नॉर्थ साउंड 
211       न्यूजीलैंड               इंदौर 
167       इंग्लैंड                   विशाखापट्टनम 
235       इंग्लैंड                   मुंबई 
204       बांग्लादेश               हैदराबाद 
213       श्रीलंका                  नागपुर 
243       श्रीलंका                  दिल्ली 
153       दक्षिण अफ्रीका       सेंचुरियन 
150*      दक्षिण अफ्रीका      पुणे 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल