लाइव टीवी

दक्षिण अफ्रीका में विराट कोहली के तूफान के लिए हो जाइए तैयार, निशाने पर हैं इन दिग्गजों के रिकॉर्ड 

Updated Dec 16, 2021 | 06:00 IST

तीसरी बार दक्षिण अफ्रीका दौरे पर जा रहे टीम इंडिया के टेस्ट कप्तान विराट कोहली ने निशाने पर इस बार कई दिग्गजों को पीछे छोड़ने का मौका है। टीम के नए कोच राहुल द्रविड़ का नाम भी उसमें शामिल हैं।

Loading ...
सेंचुरियन टेस्ट में शतक का जश्न मनाते विराट कोहली
मुख्य बातें
  • तीसरी बार दक्षिण अफ्रीका दौरे पर जा रहे हैं विराट कोहली, पिछले दो दौरों पर जड़ चुके हैं टेस्ट शतक
  • अब तक द. अफ्रीकी सरजमीं पर विराट ने 5 टेस्ट खेलते हुए बनाए हैं 558 रन
  • दक्षिण अफ्रीका में विराट का खूब चलता है बल्ला, करियर औसत से ज्यादा से बनाते हैं यहां रन,

मुंबई: भारतीय क्रिकेट टीम बुधवार को दक्षिण अफ्रीका दौरे पर रवाना हो गई। टीम इंडिया दौरे की शुरुआत तीन मैच की टेस्ट सीरीज के साथ करेगी। 26 दिसंबर को सीरीज का पहला टेस्ट मैच खेला जाएगा। 

टेस्ट टीम के कप्तान विराट कोहली का ये तीसरा दक्षिण अफ्रीका दौरा होगा। साल 2013 और 2018 में वो दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर जा चुके हैं। दोनों ही बार विराट दक्षिण अफ्रीकी सरजमीं पर अपने बल्ले का जादू दिखाने में सफल रहे हैं। ऐसे में एक बार फिर उनसे फिर ऐसे ही प्रदर्शन की आशा है। 

साल 2018 में की थी धमाकेदार बल्लेबाजी 
तीस साल पहले साल 2018 में टेस्ट सीरीज में विराट ने 3 टेस्ट की 6 पारियों में 47.67 की औसत से 286 रन बनाए थे। इसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल था। विराट ने सेंचूरियन में खेले गए सीरीज के दूसरे टेस्ट की पहली पारी में 153 रन बनाए थे। भारतीय टीम सीरीज में1-2 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था लेकिन टीम इंडिया मेजबान टीम को कड़ी चुनौती देने में सफल हुई थी। 

दक्षिण अफ्रीका में शतक के साथ की थी शुरुआत
विराट ने दक्षिण अफ्रीकी सरजमीं पर पहला टेस्ट साल 2013 में खेला था। उन्हें द. अफ्रीकी धरती पर पहली बार टेस्ट क्रिकेट खेलते हुए शतक जड़ा था। जोहान्सबर्ग में खेले गए उस मैच में विराट ने 119 रन की पारी खेली थी। इस मैच का दूसरी पारी में विराट ने 96 रन बनाए थे और द. अफ्रीकी सरजमीं पर टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक जड़ने का अनोखा कारनामा करने वाले पहले भारतीय बनने से महज 4 रन के अंतर से चूक गए थे। 

करियर औसत से अधिक से द. अफ्रीका में बनाते हैं रन 
विराट ने दक्षिण अफ्रीकी सरजमीं पर अबतक खेले 5 टेस्ट मैच की 10 पारियों में 55.80 के औसत से 558 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 2 शतक और 2 अर्धशतक जड़े हैं। विराट का दक्षिण अफ्रीका में औसत उनके करियर औसत से अधिक है। वो भी तब जब विराट यहां एक बार भी नाबाद नहीं रहे हैं।

सचिन हैं दक्षिण अफ्रीका में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय 
विराट कोहली का बल्ला अगर इस बार दक्षिण अफ्रीका दौरे पर चल निकला तो उनके निशाने पर सचिन तेंदुलकर का यहां सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड होगा। सचिन ने दक्षिण अफ्रीका में खेले 15 टेस्ट मैच की 28 पारियों में 46.44 की औसत से 1161 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 5 शतक और 3 अर्धशतक निकले हैं।

सचिन को पीछे छोड़ने के लिए मचाना होगा धमाल
विराट सचिन के सबसे ज्यादा रनों के रिकॉर्ड से 603 रन पीछे हैं। अगर विराट अपने रंग में इस बार नजर आए तो वो सचिन के रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंच जाएंगे। अगर विराट सचिन का रिकॉर्ड नहीं भी तोड़ पाएं तो भी वो दक्षिण अफ्रीका में 1 हजार टेस्ट रन बनाने वाले भारतीय बन जाएंगे। 

द्रविड़ और लक्ष्मण को पछाड़ने का है शानदार मौका
भारत के कई पूर्व दिग्गज क्रिकेटर विराट से पीछे हो जाएंगे। द. अफ्रीका में वीवीएस लक्ष्मण ने 10 टेस्ट में 566 रन बनाए हैं। वहीं टीम के मौजूदा कोच राहुल द्रविड़ के नाम 11 टेस्ट में 624 रन दर्ज हैं। विराट को लक्ष्मण और राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ने के लिए क्रमश: 9 और 67 रन की दरकार है। इन खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते ही विराट कोहली का नाम दक्षिण अफ्रीका में अव्वल नंबर से पास होने वाले चुनिंदा खिलाड़ियों की सूची में दर्ज हो जाएगा। 

पूरा कर सकते हैं टेस्ट मैचों का सैकड़ा
अगर सब कुछ सही रहा तो विराट कोहली दक्षिण अफ्रीकी सरजमीं पर करियर का 100वां टेस्ट मैच खेलते नजर आएंगे। अबतक 97 टेस्ट मैच खेल चुके विराट के लिए केपटाउन के न्यूलैंड्स मैदान पर खेला जाने वाल सीरीज का तीसरा और आखिरी टेस्ट करियर का 100वां टेस्ट होगा। वो इस मुकाम पर पहुंचने वाले 12वें भारतीय बन जाएंगे। इशांत शर्मा इस मुकाम पर पहुंचने वाले आखिरी भारतीय थे। 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल