लाइव टीवी

अजिंक्य रहाणे की भूल पड़ी विराट कोहली को भारी, शतक से चूके लेकिन बनाए कई रिकॉर्ड 

Updated Dec 17, 2020 | 17:28 IST

विराट कोहली गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जा रहे डे-नाइट टेस्ट में अजिंक्य रहाणे की भूल के कारण शतक जड़ने से चूक गए लेकिन इस पारी के दौरान कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।

Loading ...
विराट कोहली
मुख्य बातें
  • विराट कोहली एडिलेड टेस्ट में शतक से चूके
  • अजिंक्य रहाणे की भूल के कारण गंवाया अपना विकेट
  • लेकिन अपने फेवरेट मैदान पर नाम किए कई रिकॉर्ड

एडिलेड: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मैच की सीरीज के पहले टेस्ट में टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली शतक से चूक गए। विराट कोहली जब बल्लेबाजी के लिए उतरे थे तब टीम इंडिया का स्कोर 32 रन था। इसके बाद विराट ने चेतेश्वर पुजारा के साथ 68(191) और अजिंक्य रहाणे के साथ 88(168)की साझेदारी करके टीम इंडिया को मुश्किल से उबारा।

विराट ने शानदार और सधे हुए अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 123 गेंद में 5 चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया और अपने फेवरेट मैदान पर एक बार फिर शतक की ओर बढ़ते दिख रहे थे लेकिन नई गेंद लिए जाने से ठीक पहले 77वें ओवर की आखिरी गेंद पर विराट ने बड़े ही दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से अपना विकेट गंवा दिया। विराट ने 180 गेंद पर 74 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 8 चौके जड़े।

नाथन लॉयन की गेंद को रहाणे ने मिडऑफ की दिशा में खेलने की कोशिश की। गेंद जैसे ही बल्ले पर लगी उन्होंने विराट को रन लेने के लिए कॉल किया लेकिन जोश हेजलवुड को तेजी से गेंद पकड़कर थ्रो करता देखा तो विराट को रोकने की कोशिश की लेकिन तब तक विराट हाफ पिच पर पहुंच चुके थे और उनके पास वापस पहुंचने का कोई मौका नहीं था। ऐसे में हेजलवुड के थ्रो पर लॉयन ने आसानी से गिल्लियां बिखेर दीं और विराट को पवेलियन वापस लौटना पड़ा।

8 साल बाद उसी मैदान पर हुए टेस्ट में रन आउट
विराट कोहली टेस्ट क्रिकेट में आठ साल बाद रन आउट हुए हैं। साल 2012 में विराट कोहली एडिलेड टेस्ट में ही रन आउट हुए थे उसके बाद साल 2020 में वो एक इसी मैदान पर उन्होंने आउट होने की तरीके को दोहरा दिया। 

एडिलेड में 500 टेस्ट रन बनाने वाले पहले भारतीय
विराट कोहली ने भले ही 74 रन बनाए लेकिन उन्होंने इस पारी के दौरान एडिलेड के मैदान पर 500 से ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए। विराट(503) इस मुकाम पर पहुंचने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज हैं। इस मामले में विराट के बाद दूसरे पायदान पर राहुल द्रविड़(401) तीसरे पर वीरेंद्र सहवाग(388) और चौथे पर वीवीएस लक्ष्मण(337) और पांचवें पर चेतेश्वर पुजारा(331) हैं।

विराट के इस रिकॉर्ड की सबसे रोचक बात यह है कि विराट कोहली ने जितने रन एडिलेड में 7 पारियों में बनाए हैं उतने रन टेस्ट क्रिकेट में दिल्ली के फिरोज शाह कोटला(467), मुंबई के इडेन गार्डन्स(433), हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम(379) और नागपुर के व्हीसीए स्डेयिम(354) में भी नहीं बनाए हैं। 

चार पारियों में बनाए 50 से ज्यादा रन 
विराट कोहली एडिलेड के मैदान पर चार पारियों में 50 से ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के दूसरे मेहमान बल्लेबाज हैं। उनसे ज्यादा बार इस मैदान पर विवियन रिचर्ड्स ही 50 से ज्यादा रन की 6 पारियां खेल चुके हैं। 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल