लाइव टीवी

यशस्वी जायसवाल ने रचा इतिहास, बने सबसे कम उम्र में दोहरा शतक जड़ने वाले बल्लेबाज 

Updated Oct 16, 2019 | 17:17 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

मुंबई के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल विजय हजारे ट्रॉफी में लगातार धमाका कर रहे हैं उन्होंने बुधवार को झारखंड के खिलाफ दोहरा शतक जड़कर अपने नाम रिकॉर्ड बुक्स में दर्ज करा लिया है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
यशस्वी जायसवाल
मुख्य बातें
  • 17 साल 292 दिन की उम्र में यशस्वी जायसवाल ने जड़ा दोहरा शतक
  • बने लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे कम उम्र में दोहरा शतक जड़ने वाले बल्लेबाज
  • विजय हजारे ट्रॉफी 2019 में पांचवां मैच खेलते हुए जड़ा तीसरा शतक

बेंगलुरू: मुंबई के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने बुधवार को विजय हजारे ट्रॉफी में झारखंड के खिलाफ खेले गए मुकाबले में दोहरा शतक जड़ दिया। 17 साल 292 दिन की उम्र में यशस्वी ने ये कारनामा कर दिखाया है। यशस्वी ने झारखंड के बेंगलुरू में खेले गए मुकाबले खिलाफ पारी की शुरुआत करते हुए 154 गेंद में 203 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 17 चौके और 12 छक्के भी जड़े। उनकी इस पारी की बदौलत मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 358 रन का स्कोर खड़ा किया। 

करियर का महज पांचवां लिस्ट ए मुकाबला खेल रहे यशस्वी के बल्ले से निकला ये तीसरा शतक है। इससे पहले वो दो शतक जड़ चुके हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ के खिलाफ डेब्यू किया था और अपने डेब्यू मैच में 62 गेंद पर 44 रन की पारी खेली थी। इस मैच से पहले केरल के खिलाफ भी यशस्वी ने शतक जड़ा था और 132 गेंद में 122 रन की पारी खेली थी। 

मुंबई ने मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। यशस्वी जायसवाल और आदित्य तारे की जोड़ी ने पारी की शुरुआत करते हुए झारखंड के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। 35वें ओवर में मुंबई ने 200 रन के आंकड़े को पार किया लेकिन ओवर की चौथी गेंद पर तारे आउट होकर पवेलियन लौट गए। लेकिन इससे पहले जायसवाल ने अपना तीसरा शतक पूरा कर लिया। तारे के आउट होने के बाद भी जायसवाल ने अपनी आतिशी बल्लेबाजी जारी रखी और दोहरा शतक पूरा कर लिया। पारी के 50वें ओवर की चौथी गेंद पर वो विवेकानंद तिवारी की गेंद पर लपके गए। 

ये मौजूदा विजय हजारे ट्रॉफी के मौजूदा सीजन का दूसरा दोहरा शतक है। इससे पहले केरल के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने दोहरा शतक जड़ा था। उन्होंने गोवा के खिलाफ पिछले सप्ताह 212 रन की पारी खेली थी और विजय हजारे ट्रॉफी में सबसे बड़ी पारी खेलने का कर्ण कौशल का रिकॉर्ड तोड़ा था। 


 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल