लाइव टीवी

अंडर 19 विश्व कप के बाद भी जारी है यशस्वी जायसवाल का धमाका, अब दोहरे शतक से चूके 

Updated Feb 23, 2020 | 19:36 IST

भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे यशस्वी जायसवाल का बल्ला लगतार रन उगल रहा है। सीके नाइयू ट्रॉफी में वो दोहरा शतक जड़ने से चूक गए।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
Yashashwi jaiswal

मुंबई: अंडर 19 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले यशस्वी जायसवाल का धमाकेदार प्रदर्शन अब भी जारी है। द. अफ्रीका की मेजबानी में खेले गए अंडर 19 विश्व कप में यशस्वी जायसवाल ने 6 मैच में 400 रन बनाए थे और पाकिस्तान के खिलाफ शतक भी जड़ा था। वो टूर्नामेंट में चार अर्धशतक और एक शतक के साथ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने फाइनल में 88 रन की पारी खेली थी लेकिन भारत के विश्व चैंपियन नहीं बना सके। 

दोहरे शतक से चूके, पारी में जड़े 19 चौके 

विश्व कप में धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले यशस्वी ने अपने उस फॉर्म को स्वदेश लौटने के बाद घरेलू क्रिकेट में भी जारी रखा। उन्होंने मुंबई की ओर से सीके नायडू ट्रॉफी में पुद्दुचेरी के खिलाफ 185 रन की धमाकेदार पारी खेल दी। वानखेड़े स्टेडियम में खेली इस पारी के दौरान यशस्वी ने 243 गेंदों का सामना किया और इस दौरान 19 चौके और एक छक्का जड़ा। 

मुंबई ने मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और पुद्दुचेरी की टीम को 209 रन पर ढेर कर दिया। मुंबई के लिए मिलिंद मांजरेकर ने सबसे ज्यादा पांच और तनुष कोटियान ने 3 विकेट लिए। वहीं अर्जुन तेंदुलकर और साईराज पाटिल के खाते में एक-एक सफलता आई। 

मुंबई को मिली 240 रन की बढ़त

इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की टीम ने शानदार शुरुआत की। पहले विकेट के लिए यशस्वी और अमन खान के बीच 98 रन की साझेदारी हुई। अमन 52 गेंद में 64 रन की धमाकेदार पारी खेलकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए अर्जुन तेंदुलकर भी 45 गेंद में महज 6 रन बना सके। ऐसे में लगातार दो विकेट गंवाने के बाद यशस्वी एक छोर थामे रहे। 

यशस्वी को कप्तान हार्दिक तमोरे का साथ मिला। तमोर ने 184 गेंद में 86 रन की पारी खेली और चौथे विकेट के लिए यशस्वी के साथ 207 रन की साझेदारी की। इसी दौरान यशस्वी ने अपना शतक पूरा किया। तमोर के आउट होने के बाद यशस्वी भी अपना दोहरा शतक पूरा करने से चूक गए। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक मुंबई ने 5 विकेट पर 449 रन बना लिए हैं और उसे 240 रन की बढ़त हासिल हो गई है। चिन्मय सुतार 24 और एसएन खान 60 रन बनाकर खेल रहे हैं।  

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल