लाइव टीवी

IPL 2022: कौन है आईपीएल में सर्वाधिक उम्र में शतक जड़ने वाला खिलाड़ी, 11 साल से कायम है रिकॉर्ड 

Updated Mar 21, 2022 | 06:15 IST

Oldest Player to Score Century in IPL: जानिए किस खिलाड़ी के नाम दर्ज है आईपीएल इतिहास में सबसे अधिक उम्र में शतक जड़ने का रिकॉर्ड? 11 साल से जस का तस है कायम।

Loading ...
आईपीएल में शतक जड़ने के बाद सचिन तेंदुलकर
मुख्य बातें
  • आईपीएल इतिहास में अबतक 36 खिलाड़ियों ने जड़े हैं 66 शतक
  • एडम गिलक्रिस्ट हैं आईपीएल में सबसे ज्यादा उम्र में शतक जड़ने वाले
  • सचिन तेंदुलकर के नाम है सबसे अधिक उम्र में आईपीएल शतक का भारतीय रिकॉर्ड

नई दिल्ली: टी20 को शुरुआती दौर में युवा खिलाड़ियों का तेजी से खेला जाने वाला फॉर्मेट बताया गया था। इसी वजह से साल 2007 में दक्षिण अफ्रीका की मेजबानी में आयोजित पहले टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने उस दौर के भारत के कई दिग्गज खिलाड़ी नहीं गए थे। ऐसे में एमएस धोनी की कप्तानी में युवा खिलाड़ियों से सजी टीम को भाग लेने भेजा गया था। जिसने खिताब जीतकर इतिहास दर्ज कर दिया था। 

लेकिन उसके बाद साल 2008 में शुरु हुई इंडियन प्रीमियर लीग में दुनिया भर के युवा और अनुभवी दोनों तरह के खिलाड़ियों ने शिरकत की। 14 साल के सफर में लीग में युवाओं के साथ साथ कई बुजुर्ग खिलाड़ियों ने भी वो कारनामे कर दिखाए जो कई युवा खिलाड़ी अपने पूरे करियर में नहीं कर पाए। ऐसा ही एक कारनामा है आईपीएल में शतक जड़ने का। 

एडम गिलक्रिस्ट(39 साल 184 दिन) 
आईपीएल इतिहास में आजतक कुल 66 शतक 36 खिलाड़ियों ने जड़े हैं। इस सूची में सबसे ज्यादा उम्र में शतक जड़ने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट के नाम दर्ज है। गिलक्रिस्ट के नाम आईपीएल दो शतक दर्ज हैं। उन्होंने आईपीएल के पहले सीजन में डेक्कन चार्जर्स की ओर से मुंबई इंडियन्स के खिलाफ 47 गेंद में 109 रन की नाबाद पारी खेली थी। साल 2011 में उन्होंने पंजाब किंग्स की ओर से खेलते हुए 55 गेंद में ताबड़तोड़ 106 रन बनाए थे। ये पारी उन्होंने 39 साल 184 दिन की उम्र में खेली थी और आईपीएल में शतक जड़ने वाले सबसे उम्रदराद खिलाड़ी बने थे। तब से लेकर अबतक पिछले 11 साल से उनका ये रिकॉर्ड कायम है। 

सनथ जयासूर्या( 38 साल 319 दिन)
गिलक्रिस्ट में साल 2011 में शतक जड़कर सनथ जयसूर्या का रिकॉर्ड तोड़ा था। जयसूर्या ने साल 2008 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ वानखेड़़े में मुंबई इंडियन्स की ओर से खेलते हुए  48 गेंद में नाबाद 114* रन की पारी खेली थी। इस पारी के दौरान जयसूर्या का स्ट्राइक रेट 237. 50 का था और ये सैकड़ा उन्होंने लक्ष्य का पीछा करते हुए जड़ा था। इस पारी के दौरान उन्होंने 9 चौके और 11 छक्के जड़े थे। उन्होंने जब ये धमाका किया था तब उनकी उम्र 38 साल 319 दिन थी। 

क्रिस गेल(38 साल 210 दिन) 
इस सूची में तीसरे पायदान पर यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल का नाम है। आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा 6 शतक जड़ने वाले गेल के बल्ले से आईपीएल में आखिरी शतक साल 2018 में पंजाब किंग्स की ओर से खेलते हुए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 63 गेंद में 104 रन की नाबाद पारी खेली थी। उस दिन उनकी उम्र 38 साल 210 दिन थी। 

सचिन तेंदुलकर(37 साल 356 दिन) 
सबसे अधिक उम्र में आईपीएल में शतक जड़ने का रिकॉर्ड मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है। सचिन ने साल 2011 में कोच्चि टसकर्स के खिलाफ मुंबई इंडियन्स की ओर से 66 गेंद में नाबाद 100* रन की पारी खेली थी। उस दिन उनकी उम्र 37 साल 356 दिन थी। 11 साल से सचिन के भारतीय रिकॉर्ड के करीब भी कोई खिलाड़ी नहीं पहुंच सका। ओवरऑल सबसे उम्रदराज शतकवीरों की सूची में सचिन चौथे पायदान पर हैं। 

शेन वॉटसन( 36 साल, 344 दिन) 
आईपीएल में चार शतक जड़ने वाले कंगारू ऑलराउंडर शेन वॉटसन ने चार शतक जड़े लेकिन उनके बल्ले से आखिरी सैकड़ा साल 2018 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में निकला था। इस मैच में वॉटसन ने 57 गेंद में नाबाद 117* रन बनाए थे। जिस दिन उन्होंने शतक जड़ा था उनकी उम्र 36 साल 344 दिन थी। इसके साथ ही वो सबसे ज्यादा उम्र में आईपीएल शतक जड़ने वाले पांचवें सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए थे।  

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।