लाइव टीवी

IPL 2022, DC vs SRH Match Highlights: हैदराबाद को पटखनी देकर अंक तालिका में पांचवें पायदान पहुंची दिल्ली, प्लेऑफ की उम्मीदें हैं बरकरार

Updated May 05, 2022 | 23:49 IST

IPL 2022 , DC vs SRH M: आईपीएल 2022 के 50वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 21 रन के अंतर से मात देकर पांचवीं जीत दर्ज की और अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को बरकरार रखा है।

Loading ...
दिल्ली कैपिटल्स (साभार IPL)
मुख्य बातें
  • दिल्ली कैपिटल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को दी 21 रन के अंतर से मात
  • पांचवीं जीत के साथ अंक तालिका में पांचवें पायदान पर पहुंची दिल्ली कैपिटल्स
  • 208 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए हैदराबाद की टीम बना सकी 8 विकेट पर 186 रन

TATA IPL 2022, DC vs SRH Match Highlights: दिल्ली कैपिटल्स ने गुरुवार को सनराइजर्स हैदराबाद को 21 रन से मात देकर पांचवीं जीत दर्ज की और अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। जीत के लिए मिले 208 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद की टीम निकोलस पूरन की 34 गेंद में 62 और एडेन मार्करम की 42 रन की आतिशी पारियों की बदौलत 8 विकेट पर 186 रन बना सकी। हैदराबाद के लिए खलील अहमद ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए, शार्दुल ठाकुर के खाते में 2 विकेट आए। वहीं कुलदीप, मार्श और नॉर्खिया ने 1-1 विकेट हासिल किया। 

जीत के लिए मिला था 208 रन का लक्ष्य
डेविड वॉर्नर(58 गेंद में 92*) और रोवमैन पॉवेल(35 गेंद में 67*) की धमाकेदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने हैदराबाद के सामने जीत के लिए 208 रन का लक्ष्य रखा है। दिल्ली ने 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 207 रन का स्कोर खड़ा किया।

निकोलस पूरन ने जड़ा आतिशी अर्धशतक
कैरेबियाई बल्लेबाज निकोलस पूरन ने मुश्किल स्थिति से टीम को बाहर निकालते हुए 29 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। इस दौरान उन्होंने 1 चौका और 5 छक्के जड़े। एडेन मार्करम के साथ उन्होंने 60 और शशांक सिंह के साथ 12 गेंद में 37 रन की साझेदारी की। इलके बाद उन्होंने तेजी से रन बनाने की कोशिश की लेकिन 34 गेंद पर 62 रन बनाकर शार्दुल ठाकुर की गेंद पर लपके गए। अपनी पारी में पूरन ने 2 चौके और 6 छक्के जड़े। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए कार्तिक त्यागी 5 गेंद में 7 रन बनाकर कुलदीप की गेंद पर बोल्ड हो गए। 

खलील ने खत्म की मार्करम की आतिशी पारी
मुश्किल में दिख रही हैदराबाद की पारी को एडेन मार्करम ने आतिशी पारी खेलकर संभाला लेकिन पारी के 13वें ओवर की पांचवीं गेंद पर खलील अहमद की गेंद पर छक्का जड़ने की कोशिश में वो बाउंड्री पर लपके गए। उन्होंने 25 गेंद में 42 रन बनाए और इस पारी के दौरान 4 चौके और 3 छक्के जड़े। मार्करम और पूरन के बीच चौथे विकेट के लिए 35 गेंद में 60 रन की साझेदारी हुई। इस साझेदारी के टूटते ही हैदराबाद की जीत की संभावनाएं धूमिल हो गईं। मार्करम के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए शशांक सिंह थोड़ी देर पिच पर टिके रहे और 6 गेंद पर 10 रन बनाकर शार्दुल की गेंद पर नार्खिया के हाथों लपके गए। 

त्रिपाठी बने मार्श का शिकार
राहुल त्रिपाठी ने विकेटों की पतझड़ के बीच तेजी से रन बनाने की कोशिश की। लेकिन सातवें ओवर की आखिरी गेंद पर वो डीप बैकवर्ड स्कवैर पर शार्दुल ठाकुर के हाथों मिचेल मार्श की गेंद पर लपके गए। उन्होंने 18 गेंद में 22 रन बनाए और इस दौरान 2 चौके और 2 छक्का जड़ा।

कप्तानी पारी खेलने में नाकाम रहे विलियमसन
208 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही हैदराबाद के कप्तान विलियमसन कप्तानी पारी खेलने में नाकाम हो गए। पारी के पांचवें ओवर की दूसरी गेंद पर एनरिक नॉर्खिया की इनस्विंग गेंद पर गच्चा खा गए और गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेती हुई विकेट के पीछे ऋषभ पंत के हाथों में पहुंच गई। विलियमसन ने 11 गेंद का सामना किया और 5 रन बना सके। 

कमाल नहीं दिखा पाए अभिषेक शर्मा
फॉर्म में चल रहे अभिषेक शर्मा इस बार अपना धमाल नहीं दिखा पाए और दूसरे ओवर में खलील अहमद की तीसरी गेंद पर शॉर्ट फाइन लेग पर खड़े कुलदीप यादव के हाथों लपके गए। अभिषेक ने 6 गेंद का सामना किया और 1 चौके की मदद से 7 रन बना सके।

वॉर्नर-पॉवेल की जोड़ी ने मचाया धमाल
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की शुरुआत खराब रही। 39 के स्कोर पर दो विकेट गंवाने के बाद दिल्ली की पारी को डेविड वॉर्नर और ऋषभ पंत ने संभाला। 16 गेंद पर 26 रन की आतिशी पारी खेलने के बाद पंत दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से बोल्ड हो गए। इसके बाद बैटिंग करने आए रोवमैन पॉवेल ने डेविड वॉर्नर के साथ मोर्चा संभाला और मैदान पर दोनों ने चौकों छक्कों की झड़ी लगा दी।

दोनों ने 63 गेंद में चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी पूरी की। इस जोड़ी ने 66 गेंद में नाबाद 122* रन की साझेदारी करके हैदराबाद के गेंदबाजों के छक्के छुड़ा दिए। हैदराबाद के लिए भुवनेश्वर कुमार, सीन एबॉट और श्रेयस गोपाल ने 1-1 विकेट लिए। डेविड वॉर्नर 58 गेंद में 92* और रोवमैन पॉवेल 35 गेंद में 67* रन बनाकर नाबाद रहे। 

पॉवेल ने जड़ा आतिशी पचासा
रोवमैन पॉवेल ने धमाकेदर अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंद में अपना अर्धशतक छक्के की मदद से पूरा किया। इस दौरान उन्होंने 6 छक्के जड़े और अपनी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। पॉवेल 35 गेंद में 67 रन बनाकर नाबाद रहे। इस दौरान उन्होंने 3 चौके और 6 छक्के जड़े। 

वॉर्नर ने जड़ा आतिशी अर्धशतक
डेविड वॉर्नर ने अपनी पुरानी टीम के खिलाफ 34 गेंद में अर्धशतक जड़ा। इस दौरान उन्होंने 7 चौके और 2 छक्के जड़े। यह वॉर्नर का आईपीएल में 54वां और टी20 क्रिकेट में 89वां अर्धशतक है। वॉर्नर अंत में 58 गेंद में 92 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पिछली टीम के खिलाफ 12 चौके और 3 छक्के जड़े। 

आतिशी पारी खेलकर आउट हुए पंत
दो विकेट जल्दी गिरने के बाद बल्लेबाजी करने आए कप्तान ऋषभ पंत ने धीमी शुरुआत की। लेकिन पारी के 9वें ओवर में उन्होंने स्पिनर श्रेयस गोपाल के खिलाफ हल्ला बोल दिया और लगातार तीन छक्के और एक चौका जड़ दिया। लेकिन ओवर की अंतिम गेंद उनके बल्ले पर लगने के बाद स्टंप्स से जा भिड़ी और इस तरह उनकी आतिशी पारी का दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से अंत हो गया। इस तरह गोपाल ने अपना हिसाब चुकता कर लिया। पंत ने 16 गेंद में  26 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 3 चौके और 1 छक्का जड़ा और वॉर्नर के साथ तीसरे विकेट के लिए 29 गेंद में 48 रन की साझेदारी की। 

एबॉट का शिकार बने मार्श
पाचवें ओवर की दूसरी गेंद पर हमलावर होते दिख रहे मिचेल मार्श को सीन एबॉट ने अपनी गेंद पर फॉलो-थ्रू पर लपककर चलता कर दिया। मार्श ने 7 गेंद में 10 रन बनाए। मार्श ने अपनी पारी के दौरान दो चौके जड़े। उनके आउट होते ही दिल्ली कै स्कोर 4.2 ओवर में 37 रन पर दो विकेट हो गया। लेकिन इसके बाद कप्तान ऋषभ पंत और डेविड वॉर्नर ने मिलकर टीम को 5.5 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। पॉवरप्ले में दिल्ली 2 विकेट के नुकसान पर 50 रन बना सकी।

उमरान मलिक की पहले ओवर में हुई धुनाई
चौथे ओवर में गेंदबाजी करने आए उमरान मलिक के खिलाफ डेविड वॉर्नर ने हमला बोल दिया और इस ओवर में मिचेल मार्श के साथ मिलकर कुल 21 रन बटोर लिए। इस ओवर में वॉर्नर ने 2 चौके और एक छक्का जड़ा।  

दिल्ली की खराब शुरुआत, पहले ही ओवर में मंदीप बने भुवी का शिकार
दिल्ली कैपिटल्स की टीम टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी है। पृथ्वी शॉ की गैरमौजूदगी में मंदीप सिंह डेविड वॉर्नर के साथ पारी का आगाज करने उतरे। वहीं हैदराबाद के लिए गेंदबाजी की शुरुआत भुवनेश्वर कुमार ने की। ऐसे में पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर मंदीप सिंह खाता खोले बगैर पारी की पांचवीं गेंद पर विकेट के पीछे निकोलस पूरन के हाथों लपके गए। 

हैदराबाद ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी का फैसला
सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। कार्तिक त्यागी, सीन एबोट और श्रेयस गोपाल आज सनराइजर्स हैदराबाद के लिए डेब्यू कर रहे हैं। मार्को जेनसन, वॉशिंगटन सुंदर और टी नटराजन इस मैच में नहीं खेल रहे हैं।  कार्तिक त्यागी पिछले सीजन राजस्थान रॉयल्स के सदस्य थे। वहीं दिल्ली कैपिटल्स की टीम में चार बदलाव हुए हैं। पृथ्वी शॉ, अक्षर पटेल, चेतन सकारिया और मुस्तफिजुर रहमान की जगह मंदीप सिंह, खलील अहमद, रिपल पटेल और एनरिक नॉर्खिया को एकादश में मौका मिला है।  

ऐसी है दोनों की प्लेइंग-11:

दिल्‍ली कैपिटल्‍स: मंदीप सिंह, डेविड वार्नर, मिशेल मार्श,  ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), ललित यादव,  रोवमैन पॉवेल, रिपल पटेल,शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, एनरिक नॉर्खिया, खलील अहमद।
सनराइजर्स हैदराबाद: केन विलियमसन (कप्तान),अभिषेक शर्मा, राहुल त्रिपाठी, एडेन मार्कराम, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), शशांक सिंह,सीन एबॉट,  श्रेयस गोपाल, भुवनेश्वर कुमार, कार्तिक त्यागी,  उमरान मलिक

टॉस जीतने वाली टीम चुनेगी गेंदबाजी
आईपीएल 2022 में लगातार टॉस जीतने वाली टीमें गेंदबाजी का फैसला कर रही हैं। ऐसे में ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मुकाबले में भी ऐसा ही होने की संभावना है। कुलदीप यादव की फिरकी का जादू इस मैदान पर जमकर चला है वो तीन बार यहां पर मैन ऑफ द मैच चुने गए हैं। ऐसे में हैदराबाद के बल्लेबाजों को उनसे सावधान रहना होगा। 

ऐसी रही है दोनों के बीच भिड़ंत
आईपीएल इतिहास में दोनों टीमों के बीच अबतक कुल 20 मैच खेले जा चुके हैं जिसमें से 9 में दिल्ली और 11 में हैदराबाद विजयी रही है। दोनों के बीच यह इस सीजन की पहली भिड़ंत है। दोनों के बीच इससे पहले खेले गए पिछले पांच मुकाबलों में से 3 में दिल्ली और 2 में हैदराबाद के हाथ जीत लगी है। ऐसे में इस बार भी मुकाबला बराबरी का होने की संभावना है।  

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।