लाइव टीवी

एमएस धोनी को सर्वोच्‍च नागरिक सम्‍मान भारत रत्‍न दिया जाए, कांग्रेस विधायक ने की मांग

Updated Aug 17, 2020 | 07:36 IST

MS Dhoni: कांग्रेस विधायक ने समझाया कि एमएस धोनी ने भारतीय क्रिकेट को बुलंदियों तक पहुंचाया और दुनिया में देशवासियों को गौरवान्वित किया। इसलिए उन्‍हें देश के सर्वोच्‍च नागरिक पुरस्‍कार से सम्‍मानित किया जाए।

Loading ...
एमएस धोनी
मुख्य बातें
  • मध्‍यप्रदेश के कांग्रेस विधायक ने एमएस धोनी को देश का गहना करार दिया
  • क्रिकेट में उपलब्धियों के लिए कांग्रेस विधायक ने एमएस धोनी को भारत रत्‍न देने की मांग की
  • एमएस धोनी ने शनिवार को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्‍यास लिया

भोपाल: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्‍तान महेंद्र सिंह धोनी ने शनिवार को अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट से संन्‍यास की घोषणा की। इसके एक दिन बाद मध्‍यप्रदेश के कांग्रेस विधायक ने महान भारतीय विकेटकीपर बल्‍लेबाज को भारत रत्‍न देने की मांग कर डाली। भोपाल के विधायक पीसी शर्मा ने समझाया कि एमएस धोनी ने भारतीय क्रिकेट को बुलंदियों तक पहुंचाया और दुनिया में देशवासियों को गौरवान्वित किया। इसलिए उन्‍हें देश के सर्वोच्‍च नागरिक अवॉर्ड- भारत रत्‍न से सम्‍मानित किया जाना चाहिए।

शर्मा ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा, 'महेंद्र सिंह धोनी, 'देश का महान गहना', जिन्‍होंने दुनियाभर में भारतीय क्रिकेट की जीत स्‍थापित की। उनका सम्‍मान भारत रत्‍न से किया जाना चाहिए।' वहीं मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस विधायक ने कहा, 'एमएस धोनी ने क्रिकेट में देश का नाम काफी ऊंचा किया है। इसलिए उन्‍हें देश के सर्वोच्‍च नागरिक अवॉर्ड से सम्‍मानित किया जाना चाहिए।'

धोनी के रिकॉर्ड्स

एमएस धोनी दुनिया के सर्वश्रेष्‍ठ कप्‍तानों में से एक हैं। उनके नेतृत्‍व में भारत ने 2007 में वर्ल्‍ड टी20, 2011 में 50 ओवर विश्‍व कप और 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता। इसी के साथ धोनी आईसीसी की तीनों ट्रॉफियां जीतने वाले दुनिया के इकलौते कप्‍तान बने। 39 साल के धोनी अपनी तेजतर्रार विकेटकीपिंग के लिए भी मशहूर हैं। उनके नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्‍यादा स्‍टंपिंग (195) का वर्ल्‍ड रिकॉर्ड दर्ज है।

ध्‍यान हो कि एमएस धोनी ने 2014 में टेस्‍ट क्रिकेट को अलविदा कहा था। उन्‍होंने 90 टेस्‍ट में 38.09 की औसत से 4876 रन बनाए थे। अब इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्‍यास ले चुके एमएस धोनी आगामी आईपीएल में चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स का प्रतिनिधित्‍व करते हुए नजर आएंगे। इस साल आईपीएल यूएई में 19 सितंबर से 10 नवंबर तक आयोजित होगा। धोनी की कप्‍तानी में चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स ने तीन बार आईपीएल खिताब जीता है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।