लाइव टीवी

सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली के साथ स्पेशल क्लब में शामिल हुए हर्षल पटेल

Updated Oct 16, 2021 | 12:00 IST

Harshal Patel Man of The tournament: आरसीबी के लिए खेलते हुए अपनी धारदार और शानदार गेंदों से धमाल मचाने वाले हर्षल पटेल ने आईपीएल इतिहास में भारतीय खिलाड़ियों के स्पेशल क्लब में एंट्री कर ली है।

Loading ...
हर्षल पटेल( साभार IPL)
मुख्य बातें
  • आईपीएल 2021 के मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर चुने गए हर्षल पटेल
  • बने ये उपलब्धि हासिल करने वाले तीसरे भारतीय प्लेयर
  • हर्षल ने 15 मैच में आरसीबी के लिए खेलते हुए चटकाए 32 विकेट, लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी

दुबई: आईपीएल 2021 में आरसीबी के लिए खेलने वाले दांए हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज हर्षल पटेल के लिए ये सीजन बेहद यादगार साबित हुआ। उन्होंने अपनी शानदार और धारदार गेंदबाजी के बल पर आरसीबी को प्लेऑफ तक पहुंचानेमें अहम भूमिका अदा की। हर्षल ने 15 मैच खेले और इस दौरान 14.34 के शानदार औसत और 8.14 की इकोनॉमी के साथ कुल 32 विकेट झटके।

नौंवी बार आईपीएल में खेल रहे 30 वर्षीय हर्षल ने अपने अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को पीछे छोड़ते हुए रिकॉर्ड तोड़ गेंदबाजी की। वो न केवल सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेकर पर्पल कैप अपने नाम करने में सफल रहे बल्कि उन्हें टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी( मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर) भी चुना गया। 

प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनने वाले तीसरे भारतीय
14 साल के आईपीएल इतिहास में वो टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने जाने वाले तीसरे भारतीय हैं। इससे पहले साल 2010 में मुंबई इंडियन्स के कप्तान सचिन तेंदुलकर को और साल 2016 में आरसीबी के कप्तान विराट कोहली को सीजन का मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर चुना गया था। पांच साल बाद इस क्लब में किसी भारतीय खिलाड़ी की एंट्री हुई है। हर्षल इस क्लब में शामिल होने वाले पहले गेंदबाज हैं।

रिकॉर्ड्स की लगाई झड़ी, हैट्रिक भी झटकी 
हर्षल पटेल ने आईपीए 2021 में अपना अबतक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। वो आईपीएल के एक सीजन में 30 से ज्यादा विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने और सीजन का अंत ड्वेन ब्रावो के 32 विकेट की बराबरी के साथ किया। उन्होंने आईपीएल 2021 की शुरुआत मुंबई इंडियन्स के खिलाफ धमाकेदार अंदाज में की और इस मैच में 27 रन देकर पांच विकेट झटके। इसके बाद उन्होंने टूर्नामेंट में पीछे मुड़कर नहीं देखा यूएई लेग में उन्होंने मुंबई को एक बार फिर अपने निशाने पर लिया और इस बार उसके खिलाफ 17 रन देकर चार विकेट झटक लिए जिसमें हैट्रिक भी शामिल थी।

आईपीएल में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट( मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर) 

2008:     शेन वॉटसन 
2009:     एडम गिलक्रिस्ट
2010:    सचिन तेंदुलकर 
2011:    क्रिस गेल 
2012:     सुनील नरेन 
2013:     शेन वॉटसन 
2014:     ग्लैन मैक्सवेल 
2015:     आंद्रे रसेल 
2016:     विराट कोहली 
2017:     बेन स्टोक्स 
2018:     सुनील नरेन 
2019:     आंद्रे रसेल 
2020:     जोफ्रा आर्चर 
2021:     हर्षल पटेल 


 ऐसा है आईपीएल में रिकॉर्ड
आईपीएल में हर्षल पटेल अबतक कुल 63 मैच खेल चुके हैं जिसमें उन्होंने 23.17 की औसत और 8.58 की इकोनॉमी के साथ कुल 78 विकेट चटकाए हैं। इस सीजन से पहले उनके खाते में 48 मैच में 46 विकेट दर्ज थे और साल 2015 में आरसीबी की ओर से खेलते हुए 17 विकेट झटके थे। 6 साल बाद आरसीबी के लिए खेलते हुए ही वो अपने आईपीएल करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में सफल हुए हैं।
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।