लाइव टीवी

MI vs DC Match Report: मुंबई इंडियंस की दिल्‍ली पर शाही जीत, अंक तालिका में बनीं नंबर-1

Updated Oct 12, 2020 | 00:15 IST

IPL 2020, Match 27: मुंबई इंडियंस ने रविवार को आईपीएल 2020 के 27वें मैच में दिल्‍ली कैपिटल्‍स को 5 विकेट से हरा दिया। यह मुंबई इंडियंस की सात मैचों में पांचवीं जीत रही और वह अंक तालिका में नंबर-1 बनी।

Loading ...
शिखर धवन
मुख्य बातें
  • मुंबई इंडियंस ने दिल्‍ली कैपिटल्‍स को आसानी से मात दी
  • मुंबई इंडियंस की टीम इस जीत के साथ ही अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंची
  • दिल्‍ली कैपिटल्‍स की टीम अब अंक तालिका में दूसरे स्‍थान पर खिसक गई है

MI vs DC, IPL 2020, Match 27 Abu Dhabi: क्विंटन डी कॉक (53) और सूर्यकुमार यादव (53) की शानदार पारियों की बदौलत मुंबई इंडियंस ने रविवार को आईपीएल 2020 के 27वें मैच में दिल्‍ली कैपिटल्‍स को 5 विकेट से हरा दिया। अबुधाबी में दिल्‍ली ने टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी की और निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट खोकर 162 रन बनाए। जवाब में मुंबई इंडियंस ने 19.4 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्‍य हासिल कर लिया। किरोन पोलार्ड 11* और क्रुणाल पांड्या 12* रन बनाकर नाबाद रहे।

यह मुंबई इंडियंस की सात मैचों में पांचवीं जीत रही जबकि दिल्‍ली कैपिटल्‍स की सातवें मैच में दूसरी हार। इस जीत के साथ ही मुंबई इंडियंस आईपीएल 2020 की अंक तालिका में शीर्ष स्‍थान पर पहुंच गई है।

मुंबई इंडियंस की पारी का हाल

163 रन के लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस को क्विंटन डी कॉक ने तेज शरूआत दिलाई। रोहित शर्मा (5) कुछ खास नहीं कर सके और अक्षर पटेल की गेंद पर रबाडा को कैच थमा बैठे। इसके बाद क्विंटन डी कॉक ने सूर्यकुमार यादव के साथ दूसरे विकेट के लिए 46 रन की साझेदारी की। इस दौरान क्विंटन डी कॉक ने 33 गेंदों में चार चौके और तीन छक्‍के की मदद से अर्धशतक पूरा किया। वह 36 गेंदों में चार चौके और तीन छक्‍के की मदद से 53 रन बनाने के बाद अश्विन का शिकार बने।

डी कॉक के आउट होने के बाद सूर्यकुमार यादव (53) को ईशान किशन का साथ मिला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी की। इस दौरान सूर्यकुमार ने अपना अर्धशतक पूरा किया। फिर रबाडा की गेंद पर गैरजरूरी शॉट खेलकर सूर्यकुमार यादव ने मिड ऑफ में श्रेयस अय्यर को आसान कैच थमा दिया। यादव ने 32 गेंदों में 6 चौके और एक छक्‍के की मदद से 53 रन बनाए। इसके बाद स्‍टोइनिस ने हार्दिक पांड्या को खाता भी नहीं खोलने दिया और विकेटकीपर एलेक्‍स कैरी के हाथों कैच आउट कराकर मुंबई को चौथा झटका दिया।

ईशान किशन ने 14 गेंदों में 28 रन की उम्‍दा पारी खेली, लेकिन रबाडा की गेंद पर वो डीप कवर्स में अक्षर पटेल को कैच थमाकर डगआउट लौटे। दिल्‍ली कैपिटल्‍स की तरफ से कगिसो रबाडा ने दो विकेट झटके। अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन और मार्कस स्‍टोइनिस को एक-एक सफलता मिली।

दिल्‍ली कैपिटल्‍स की पारी का हाल

इससे पहले शिखर धवन (69*) की अर्धशतकीय पारी की बदौलत दिल्‍ली कैपिटल्‍स ने रविवार को आईपीएल 2020 के 27वें मैच में मुंबई इंडियंस के सामने 163 रन का लक्ष्‍य रखा है। दिल्‍ली कैपिटल्‍स ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 162 रन बनाए।

टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी दिल्‍ली कैपिटल्‍स की शुरूआत अच्‍छी नहीं रही। ट्रेंट बोल्‍ट ने पारी के पहले ही ओवर में पृथ्‍वी शॉ (4) को क्रुणाल पांड्या के हाथों कैच आउट कराकर दिल्‍ली को झटका दिया। इसके बाद क्रुणाल पांड्या ने अजिंक्‍य रहाणे (15) को एलबीडब्‍ल्‍यू आउट करके दिल्‍ली को दूसरा झटका दिया।

यहां से शिखर धवन और कप्‍तान श्रेयस अय्यर (42) ने जिम्‍मेदारी से खेलते हुए दिल्‍ली की पारी आगे बढ़ाई। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 85 रन की साझेदारी करते हुए दिल्‍ली का स्‍कोर 100 रन के पार पहुंचाया। क्रुणाल पांड्या ने अय्यर का कैच बोल्‍ट के हाथों कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद मार्कस स्‍टोइनिस (13) ज्‍यादा समय क्रीज पर नहीं टिक सके और सूर्यकुमार यादव व राहुल चाहर के संयुक्‍त प्रयास पर रनआउट होकर डगआउट लौट गए।

यहां से धवन और एलेक्‍स कैरी (14*) ने दिल्‍ली को सम्‍मानजनक स्‍कोर तक पहुंचाया। शिखर धवन ने 52 गेंदों में 6 चौके और एक छक्‍के की मदद से नाबाद 69 रन बनाए। मुंबई इंडियंस की तरफ से क्रुणाल पांड्या को दो जबकि ट्रेंट बोल्‍ट को एक विकेट मिला।

इससे पहले आईपीएल 2020 में रविवार को खेले जा रहे दूसरे मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियन्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। दोनों ही टीमों का प्रदर्शन अबतक शानदार रहा है। दिल्ली 6 मैच में से पांच में जीत दर्ज कर पहले और मुंबई 6 मे से चार मैच जीतकर दूसरे पायदान पर है। रोहित शर्मा आईपीएल में मुंबई इंडियन्स के लिए 150वां मैच खेल रहे हैं। कुछ मैच पहले इसी सीजन में किरोन पोलार्ड ने भी ये उपलब्धि हासिल की थी।

दिल्ली की टीम ने चोटिल रिषभ पंत की जगह ऑस्ट्रेलियाई विकेटीकीपर एलेक्स कैरी को टीम में शामिल किया है। वहीं शेमरॉन हेटमायर की जगह अजिंक्य रहाणे को टीम में जगह मिली है। मुंबई इंडियन्स ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है। 


मुंबई इंडियंस: क्विंटन डिकॉक, रोहित शर्मा, सूर्य कुमार यादव, इशान किशन, हार्दिक पांड्या, किरोन पोलार्ड, हार्दिक पांड्या, जेम्स पैटिनसन, राहुल चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह

दिल्ली कैपिटल्स: पृथ्वी शॉ, शिखर धवन, श्रेयस अय्यर, अजिंक्य रहाणे, मार्कस स्टोइनिस, एलेक्स केरी, अक्षर पटेल, आर अश्विन, हर्षल पटेल, कगिसो रबाडा, एनरिक नॉर्टजे

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।