लाइव टीवी

मुंबई के फिर से चैंपियन बनने पर कीरोन पोलार्ड ने क्यों किया ड्वेन ब्रावो को याद?

Updated Nov 11, 2020 | 20:34 IST

Kieron Pollard on Dwayne Bravo: आईपीएल 2020 का खिताब जीतने के बाद मुंबई इंडियंस के ऑलराउंजर कीरोन पोलार्ड ने अपने हमवतन ड्वेन ब्रावो को याद किया।

Loading ...
कीरोन पोलार्ड (तस्वीर साभार- BCCI/IPL)

मुंबई इंडियंस ने मंगलवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए आईपीएल 2020 का खिताब अपने नाम कर लिया। मुंबई ने फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को 5 विकेट से हराया। मुंबई का आईपीएल में यह पांचवां खिताब है। मुंबई के पांचवीं बार आईपीएल चैंपियन बनने का साथ ही वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड सबसे ज्यादा टी20 खिताब जतीने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने यह कारनामा अंजाम देने के बाद हमवतन ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो को याद किया। उन्होंने ब्रावो पर चुटकी लेते हुए कहा कि वह आगे निकल गए हैं।

'मुझे कैमरे पर यही कहना है'

पोलार्ड ने फाइनल मैच के बाद कहा, 'ड्वेन ब्रावो, आप मेरे से पीछे हैं (सर्वाधिक टी20 खिताब जीतने की संख्या के मामले में)। मुझे कैमरे पर यही कहना है।' वहीं, पोलार्ड ने मुंबई इंडियंस के फिर से चैंपियन बनने पर कहा, 'यह एक शानदार अहसास है और यह बहुत मायने रखता है। पांचवीं ट्रॉफी। हम यहां 11 साल से हैं। हमारे पास एक शांत उत्सव है। ट्रॉफी की संख्या, प्रतिभाओं की संख्या। आप कह सकते हैं कि मुंबई इंडियंस सबसे अच्छी टी20 टीम है।' पोलार्ड ने दुनिया की अलग-अलग टी20 फ्रेंचाइजियों के साथ मिलकर अब तक 15 खिताब पर कब्जा जमाया, जिसमें से पांच उन्होंने मुंबई इंडियंस के साथ जीते हैं।

पोलार्ड का शानदार स्‍ट्राइक रेट

पोलार्ड आईपीएल 2020 में मुश्किल वक्त में मुंबई के लिए मजबूत दीवार साबित हुए। उन्होंने रोहित शर्मा के चोटिल होने के बाद चार मैचों में कप्तानी की और विपक्षी टीम को धूल चटाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। इसके अलावा उन्होंने कई मैचों में अहम पारियां खेलीं और टीम को संकट से निकाला। उन्होंने मौजूदा सीजन में 191.42 के शानदार स्ट्राइक रेट से 268 रन बनाए हैं। उनका यह स्‍ट्राइक रेट, इस सीजन में सर्वश्रेष्‍ठ था। पोलार्ड को इसके लिए अल्‍ट्रोज कार उपहार में मिली। वह मुंबई के लिए अब तक 3,000 रन बना चुके हैं। 
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।