लाइव टीवी

1000 छक्के का रिकॉर्ड, 99 पर हुए आउट, क्रिस गेल ने खेल डाली एक और विस्फोटक पारी

Updated Oct 30, 2020 | 21:16 IST

Chris Gayle Record: किंग्स इलेवन पंजाब के कैरेबियाई बल्लेबाज क्रिस गेल ने आईपीएल 2020 में एक और धमाकेदार पारी से फैंस का मनोरंजन किया और अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspPTI
क्रिस गेल
मुख्य बातें
  • क्रिस गेल की एक और शानदार पारी, जड़ा आईपीएल 2020 का तीसरा अर्धशतक
  • गेल ने फिर लगाए रिकॉर्डतोड़ छक्के, राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाजों को बनाया निशाना
  • आईपीएल 2020 में क्रिस गेल का छठा मुकाबला था, वो 99 रन पर आउट हुए

नई दिल्लीः इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें संस्करण में एक बार फिर कैरेबियाई बल्लेबाज क्रिस गेल का धमाल देखने को मिला। उन्होंने आईपीएल 2020 में अपना तीसरा अर्धशतक लगाया और छक्कों का बड़ा रिकॉर्ड भी बना डाला। बस दुर्भाग्यवश वो 99 रन के स्कोर पर आउट हो गए। किंग्स इलेवन पंजाब और राजस्थान रॉयल्स के बीच अबु धाबी में मैच के दौरान 41 वर्षीय क्रिस गेल ने धुआंधार बैटिंग की और अपने ही अंदाज में राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाजों के पसीने छुड़ा दिए।

किंग्स इलेवन पंजाब को इस मैच में पहले बैटिंग करते हुए पहला झटका 1 रन के स्कोर पर लग गया था, जब जोफ्रा आर्चर ने मनदीप सिंह (0) को आउट कर दिया। लेकिन क्रिस गेल अलग ही मूड में थे। उन्होंने 33 गेंदों पर इस सीजन का अपना तीसरा अर्धशतक पूरा किया। उसके बाद भी वो थमे नहीं। उन्होंने केएल राहुल के साथ दूसरे विकेट के लिए 120 रनों की साझेदारी की। राहुल तो 46 रन बनाकर आउट हो गए लेकिन गेल का धमाल जारी रहा।

99 पर आउट

गेल का आईपीएल करियर का ये 31वां अर्धशतक था। क्रिस गेल ने 63  गेंदों पर 99 रनों की पारी खेली। उन्होंने इस दौरान राजस्थान रॉयल्स के तकरीबन हर गेंदबाज की धुनाई की। उनकी इस शानदार पारी में 8 छक्के और 6 चौके शामिल रहे। इसके साथ ही गेल ने कुछ खास रिकॉर्ड भी अपने नाम कर डाले।

छक्कों का अद्भुत रिकॉर्ड, 1000 छक्के पूरे

इसके साथ ही क्रिस गेल टी20 क्रिकेट इतिहास में 1000 छक्के जड़ने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर बन गए। इस मुकाबले से पहले क्रिस गेल के नाम 993 छक्के दर्ज थे और उन्होंने सातवां छक्का जड़ते ही 1000 छक्के पूरे कर लिए। गेल ने 410 टी20 मैचों में ये कमाल किया है। अब उनके नाम 1001 छक्के हो चुके हैं।

दूसरे नंबर पर मौजूद उनके हमवतन कीरोन पोलार्ड काफी पीछे हैं। पोलार्ड के नाम 690 छक्के दर्ज हैं। वो आईपीएल इतिहास में पावरप्ले के अंदर भी सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले क्रिकेटर बन गए हैं।

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।