लाइव टीवी

Video: आखिरकार सोशल मीडिया पर नए अंदाज में नजर आए एमएस धोनी, CSK का ट्वीट हुआ वायरल

Updated Jul 18, 2020 | 07:15 IST

MS Dhoni on Social Media: टीम इंडिया के पूर्व कप्‍तान एमएस धोनी देश में क्रिकेट फैंस के सबसे चहेते क्रिकेटर्स में से एक हैं। मगर वह सोशल मीडिया पर दुर्लभ ही नजर आते हैं। धोनी का नया अवतार फैंस को बहुत पसंद आया।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
एमएस धोनी का नया लुक
मुख्य बातें
  • एमएस धोनी देश में क्रिकेट फैंस के सबसे चहेते क्रिकेटर्स में से एक हैं
  • एमएस धोनी सोशल मीडिया पर ज्‍यादा सक्रिय नहीं रहते हैं
  • धोनी का सोशल मीडिया पर एक पोस्‍ट तेजी से वायरल हो चुका है

रांची: भारत के सबसे चहेते क्रिकेटर्स में से एक एमएस धोनी सोशल मीडिया पर कम ही सक्रिय दिखते हैं। कोरोना वायरस महामारी के कारण जब देश में क्रिकेट गतिविधियां ठप्‍प पड़ी है, तब धोनी के फैंस उनकी एक झलक पाने के लिए सोशल मीडिया पर टकटकी लगाए रखते हैं, जिसमें उन्‍हें कम ही सफलता हाथ लगती है। हालांकि, पूर्व भारतीय कप्‍तान शुक्रवार को सोशल मीडिया पर कम समय के लिए नजर आए, जिसका वीडियो तेजी से वायरल हो चुका है। यह वीडियो धोनी के फैंस ने सोशल मीडिया पर फैला दिया है।

एमएस धोनी की आईपीएल फ्रेंचाइजी चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स (सीएसके) ने भी यह वीडियो अपने अलग-अलग सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म्‍स जैसे इंस्‍टाग्राम और ट्विटर पर शेयर किया है। सीएसके ने इस वीडियो के साथ कैप्‍शन लिखा, '7 पर सबसे ज्‍यादा सकारात्‍मकता की जरूरत।'

यहां देखिए एमएस धोनी का नया वीडियो

नए अवतार में आए नजर

एमएस धोनी का जो वीडियो सामने आया है, उसमें वह नए अवतार में नजर आ रहे हैं, जो फैंस के बीच चर्चा का विषय बन चुका है। वीडियो में धोनी स्‍क्रीन की तरफ देखकर हाथ हिला रहे हैं। करीब 16 सेकंड के वीडियो से ऐसा पता लग रहा है कि वो किसी से वीडियो कॉल पर बात कर रहे हैं। सीएसके ने जैसे ही यह वीडियो शेयर किया, तो धोनी का वीडियो चंद लम्‍हों में सोशल मीडिया सनसनी बन गया।

कई लोगों ने धोनी के नए अवतार की तारीफ की। कई लोगों ने उम्‍मीद जताई कि वह जल्‍द ही धोनी को मैदान पर चौके-छक्‍के की बरसात करते हुए देखें। धोनी के अलग अवतार से मतलब है कि उनकी दाढ़ी क्रिकेट फैंस को बहुत पसंद आ रही है।

बता दें कि 2019 विश्‍व कप में न्‍यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले के बाद से एमएस धोनी ने कोई प्रतिस्‍पर्धी क्रिकेट नहीं खेला है। वह इस साल आईपीएल में वापसी करने वाले थे, लेकिन कोरोना वायरस महामारी के लिए इसे अनिश्चितकालीन समय के लिए स्‍थगित कर दिया गया है। बीसीसीआई ने हालांकि, इस साल टूर्नामेंट के रद्द करने की संभावनाओं से अभी इंकार किया है। सौरव गांगुली की अध्‍यक्षता में बोर्ड इस बात पर नजर बनाए हुए है कि अगर भारत नहीं तो किसी अन्‍य देश में आईपीएल का आयोजन कराया जा सके।

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।