लाइव टीवी

मुंबई इंडियंस के नाम दर्ज है आईपीएल में 'छक्कों की बारिश' का दिलचस्प रिकॉर्ड, दूसरे नंबर पर है ये टीम  

Updated Mar 24, 2022 | 08:46 IST

Most Sixes by Team In IPL History: आईपीएल के 14 साल के इतिहास में सबसे छक्के जड़ने का रिकॉर्ड मुंबई इंडियन्स की टीम के नाम दर्ज है। जानिए सभी टीमों ने आईपीएल इतिहास में जड़े हैं सबसे ज्यादा छक्के।

Loading ...
मुंबई इंडियन्स (साभार MI)
मुख्य बातें
  • आईपीएल इतिहास में मुंबई इंडियन्स ने जड़े हैं सबसे ज्यादा छक्के
  • सनराइजर्स हैदराबाद ने जड़े हैं आईपीएल में सबसे कम छक्के
  • राजस्थान के खिलाड़ी जड़ते हैं प्रति मैच सबसे कम छक्के

नई दिल्ली: दुनिया की सबसे लोकप्रिय टी20 लीग यानी आईपीएल के 15वें सीजन के आगाज में अबकुछ ही दिन बचे हैं। सभी टीमों ने अपनी कमर कस ली है। इस बार टूर्नामेंट का आगाज गत विजेता चेन्नई सुपर किंग्स और उपविजेता कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच भिड़ंत के साथ होने जा रहा है। 

आईपीएल 2021 में लगे थे कुल 687 छक्के 
टी20 लीग को प्रशंसक चौको छक्कों की मैदान पर होने वाली बारिश की वजह से बेहद पसंद करते हैं। पिछले सीजन आईपीएल में कुल 687 छक्के सभी टीमों ने जड़े थे। जिसमें से सबसे ज्यादा 115 छक्के चैंपियन चेन्नई के बल्लेबाजों के बल्ले से निकले थे। ऐसे में इस बार भी आशा है कि फैन्स को बड़ी संख्या में खिलाड़ी छक्के जड़ते दिखाई देंगे। ऐसे में आईए ये जानते हैं कि आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड किस टीम के नाम दर्ज है। 

मुंबई पलटन ने जड़े हैं 1308 छक्के 
आईपीएल के 15 साल के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड हिटमैन रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई इंडियन्स के नाम दर्ज है। पिछले 14 सीजन में मुंबई के खिलाड़ियों ने 217 मैच में कुल 1,308 छक्के जड़े हैं। यानी हर मैच में तकरीबन 6 से ज्यादा छक्के जड़ते हैं।

दूसरे पायदान पर है आरसीबी की टीम 
आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के मामले में दूसरे पायदान पर विराट कोहली की आरसीबी है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाड़ियों ने 211 मैच में 1275 छक्के जड़े हैं। आरसीबी के खिलाड़ी भी हर मैच में तकरीबन 6 छक्के (6.04) जड़ते हैं। 

पंजाब और चेन्नई के बीच है एक छक्के का अंतर
आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के मामले में तीसरे पायदान पर पंजाब किंग्स की टीम है। पंजाब किंग्स ने 14 सीजन में खेले 204 मैच में 1166 छक्के जड़े है। यानी हर मैच में पंजाब के खिलाड़ी औसतन 5 से 6 छक्के जड़ते हैं। इस सूची में चौथे पायदान पर एमएस धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स है। सीएसके ने 12 सीजन में खेले 195 मैच में कुल 1165 छक्के जड़े हैं। सीएसके के खिलाड़ी भी हर मैच में लगभग 6 छक्के (5.97) जड़ते हैं।

सनराइजर्स हैदराबाद है आखिरी पायदान पर 
इस सूची में पांचवें पायदान पर कोलकाता नाइट राइडर्स और छठे पर दिल्ली कैपिटल्स की टीम है। केकेआर के खिलाड़ियों ने अबतक 1113 और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ियों ने 1041 छक्के जड़े हैं। वहीं राजस्थान रॉयल्स 874 और सनराइजर्स हैदराबाद 680 छक्के के साथ आठवें पायदान पर है। राजस्थान की टीम के खिलाड़ी हर मैच में औसतन सबसे कम लगभग 5 छक्के (4.93) और सनराइदर्स हैदराबाद की टीम के खिलाड़ी हर मैच में 5 छक्के (4.93) जड़ते हैं। ये दोनों टीमें आईपीएल इतिहास में प्रतिमैच छक्का जड़ने के मामले में सबसे फिसड्डी हैं। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।