लाइव टीवी

आखिरी 6 गेंदों का रोमांच: 2 गेंदें डॉट गई, 4 गेंदों में पोलार्ड ने ऐतिहासिक पारी को अंजाम तक पहुंचाया

Updated May 02, 2021 | 06:58 IST

MI vs CSK, IPL 2021, Kieron Pollard in Last Over: मुंबई इंडियंस को आखिरी ओवर में मैच जीतने के लिए 16 रन की दरकार थी। पोलार्ड का साथ निभाने आए थे धवल कुलकर्णी। फिर आखिरी गेंद तक बना रहा रोमांच।

Loading ...
किरोन पोलार्ड
मुख्य बातें
  • मुंबई इंडियंस ने आखिरी गेंद पर चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स को मात दी
  • मुंबई इंडियंस ने पहली बार 200 से ज्‍यादा रन के लक्ष्‍य का सफल पीछा किया
  • आईपीएल इतिहास में मुंबई इंडियंस ने दूसरे सबसे बड़े लक्ष्‍य का पीछा किया

नई दिल्‍ली: मुंबई इंडियंस और चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स के बीच शनिवार की रात आईपीएल 2021 का 27वां मैच वाकई एल क्‍लासिको जैसा हुआ। इसमें रोमांच भी था, ड्रामा भी था, निराशा भी थी और उत्‍साह भी था। फैंस को इस मैच में वो सबकुछ देखने को मिला, जो उन्‍हें चाहिए था। आईपीएल का यह हाईवोल्‍टेज मुकाबला अरुण जेटली स्‍टेडियम में खेला गया। किरोन पोलार्ड के दम पर मुंबई इंडियंस ने रोमांचकारी मुकाबले को 4 विकेट से जीता और इतिहास रच दिया। मुंबई इंडियंस ने पहली बार आईपीएल इतिहास में 200 से ज्‍यादा रन के लक्ष्‍य का सफल पीछा किया। आईपीएल इतिहास में सबसे बड़े लक्ष्‍य का पीछा करने वाली मुंबई इंडियंस दूसरी टीम बनी।

मुंबई इंडियंस आसानी से यह मुकाबला नहीं जीती। यहां दोनों टीमों के बीच ऐसा मुकाबला हुआ, जिसे लंबे समय तक फैंस भूल नहीं पाएंगे। चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स को पहले बल्‍लेबाजी का न्‍योता मिला। अंबाती रायुडू (72*), मोईन अली (58) और फाफ डु प्‍लेसिस (50) की दमदार पारियों की बदौलत सीएसके ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 218 रन बनाए। जवाब में मुंबई इंडियंस की तरफ से किरोन पोलार्ड (87*) योद्धा की तरह डटे रहे और अंत तक हार नहीं मानने का फैसला किया।

मुंबई इंडियंस को आखिरी ओवर में जीत के लिए 16 रन की जरूरत थी। 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर जिमी नीशम बिना खाता खोले आउट हो गए थे। ऐसे में पोलार्ड का साथ निभाने धवल कुलकर्णी क्रीज पर पहुंचे। पोलार्ड जानते थे कि आखिरी ओवर में कुलकर्णी को स्‍ट्राइक पर लाना जोखिम भरा फैसला होगा। लिहाजा, उन्‍होंने 6 गेंदें खेलने की जिम्‍मेदारी अपनी कंधों पर ली। फिर जो हुआ, एक-एक गेंद उसकी गवाह बनती गई। पढ़‍िए आखिरी 6 गेंदों का रोमांच।

आखिरी ओवर का पूरा रोमांच (स्‍ट्राइक पर किरोन पोलार्ड और गेंदबाज लुंगी एनगिडी)

पहली गेंद - नीची फुलटॉस गेंद ऑफ स्‍टंप के पास, पोलार्ड ने डीप स्‍क्‍वायर लेग की दिशा में शॉट खेला। एक रन लेने का मौका, लेकिन पोलार्ड ने मना किया। पोलार्ड को पता है कि वह अपने दम पर कर सकते हैं। वह पहले भी ऐसा कर चुके हैं। यह डॉट गेंद सीएसके का विश्‍वास बढ़ाती हुई। मुंबई को अब 5 गेंदों में 16 रन की दरकार।

दूसरी गेंद - मिडिल स्‍टंप पर यॉर्कर गेंद डाली। पोलार्ड के बल्‍ले का अंदरूनी भाग लगा और गेंद डीप स्‍क्‍वायर लेग के दाएं ओर से बाउंड्री लाइन के पार चली गई। एनगिडी को विश्‍वास नहीं हुआ। अब मुंबई को 4 गेंदों में 12 रन की जरूरत।

तीसरी गेंद - बहुत ही खराब गेंद। यॉर्क कराने की कोशिश में कमर के पास फुलटॉस गेंद डाली। पोलार्ड ने कलाइयों के सहारे शॉट खेला और लांग लेग बाउंड्री के पार गेंद चार रन के लिए गई। पोलार्ड ने नो बॉल का पूछा, अंपायर ने जायज गेंद ठहराई। अब मुंबई को 3 गेंदों में 8 रन की जरूरत।

चौथी गेंद - एक बार फिर यॉर्कर करने में नाकाम हुए एनगिडी। मिडिल स्‍टंप पर फुलटॉस गेंद डाली। पोलार्ड ने लेग साइड में हवाई शॉट खेला, लेकिन गेंद मैदान के काफी अंदर। शार्दुल ठाकुर डीप स्‍क्‍वायर लेग से दौड़कर आए और बाउंड्री नहीं लगने दी। यह ओवर की दूसरी डॉट बॉल बन गई। अब मुंबई को आखिरी दो गेंदों में 8 रन की दरकार।

सांसें थम रही हैं। मुकाबला बेहद रोमांचक मोड़ पर है। लोगों की सोच है कि क्‍या पोलार्ड इतिहास रच पाएंगे। कई लोगों को एमएस धोनी की कप्‍तानी पर भरोसा कि वो यहां से मैच निकाल ले जाएंगे। एनगिडी ने रनअप लेना शुरू किया।

पांचवीं गेंद - 140 किमी प्रति घंटे की गति से फुलटॉस गेंद डाली, जिस पर पोलार्ड ने डीप स्‍क्‍वायर लेग के ऊपर से छक्‍का जमा दिया। शार्दुल ठाकुर गेंद के लिए दर्शक बने रहे। मुंबई को आखिरी गेंद पर दो रन की जरूरत।

छठी गेंद - पोलार्ड ने कर दिखाया। मुंबई इंडियंस की शानदार जीत। एनगिडी ने ऑफ स्‍टंप के बाहर ब्‍लॉकहोल गेंद डाली। पोलार्ड ने बल्‍ला नीचे अड़ाया और मैदान से सटा हुआ हल्‍के हाथों से शॉट खेला। पोलार्ड और कुलकर्णी ने पहला रन तेजी से दौड़ा। फाफ डु प्‍लेसिस तब लांग ऑन से दौड़कर गेंद के पास पहुंचे। धवल कुलकर्णी ने फूर्ति दिखाई और तेजी से दूसरा रन दौड़ गए। पोलार्ड भी नहीं रुके और दौड़ गए। फाफ डु प्‍लेसिस ने जब तक थ्रो किया, तब तक मुंबई इंडियंस की जीत पर मुहर लग गई थी। 

पोलार्ड की पारी अतुल्‍नीय रही। उन्‍होंने 34 गेंदों में 6 चौके और 8 छक्‍कों की मदद से नाबाद 87 रन बनाए। पोलार्ड के वन मैन शो की बदौलत मुंबई इंडियंस ने न केवल सीएसके पर यादगार जीत दर्ज की बल्कि रिकॉर्ड्स बुक में भी अपना नाम दर्ज कराया। मुंबई ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 219 रन बना लिए। वाकई पोलार्ड ने अविश्‍वसनीय पारी खेली, जिसे क्रिकेट फैंस लंबे समय नहीं भूल पाएंगे। मुंबई इंडियंस की तरफ से किरोन पोलार्ड का एकतरफा प्रदर्शन रहा। जहां बल्‍लेबाजी में उन्‍होंने नाबाद 87 रन की तूफानी पारी खेली और मौजूदा सीजन का सबसे तेज अर्धशतक जमाया। वहीं गेंदबाजी में भी उन्‍होंने कमाल दिखाते हुए दो ओवर में 12 रन देकर दो विकेट चटकाए थे।

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।