लाइव टीवी

केकेआर के खिलाफ पृथ्वी शॉ ने फिर खेली ताबड़तोड़ पारी, तोड़ा वीरेंद्र सहवाग का धमाकेदार रिकॉर्ड

Updated Apr 10, 2022 | 18:54 IST

Prithvishaw Fifty: पृथ्वी शॉ का बल्ला केकेआर के खिलाफ जमकर रन उगलता है इस सिलसिले को रविवार को जारी रखते हुए पृथ्वी शॉ ने वीरेंद्र सहवाग का एक रिकॉर्ड तोड़ दिया। 

Loading ...
कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अर्धशतक पूरा करने के बाद पृथ्वी शॉ (साभार IPL)
मुख्य बातें
  • पृथ्वी शॉ ने केकेआर के खिलाफ सातवीं पारी खेलते हुए जड़ा पांचवां अर्धशतक
  • बने दिल्ली के लिए पॉवरप्ले में 1 हजार रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज
  • तोड़ा वीरेंद्र सहवाग का पॉवरप्ले में सबसे तेजी से एक हजार रन पूरे करने का रिकॉर्ड

मुंबई: दिल्ली कैपिटल्स के सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ का शानदार फॉर्म रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ जारी रहा। पृथ्वी शॉ ने 29 गेंद में 51 रन की धमाकेदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 7 चौके और 2 छक्के जड़े। यह आईपीएल 2022 में उनका दूसरा और आईपीएल करियर का 12वां अर्धशतक है। शॉ ने डेविड वॉर्नर के साथ दिल्ली के लिए पारी की शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 93 रन का साझेदारी 8.4 ओवर में की। 

आईपीएल में सबसे तेज पॉवरप्ले में 1 हजार रन
अपनी इस ताबड़तोड़ पारी के दौरान पृथ्वी शॉ दिल्ली कैपिटल्स के लिए पॉवरप्ले में 1 हजार से ज्यादा रन बनाने वाले वीरेंद्र सहवाग के बाद दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। लेकिन इसी दौरान उन्होंने सहवाग को एक मामले में पीछे भी छोड़ दिया। वो आईपीएल में सबसे तेज गति से पॉवरप्ले में 1 हजार रन बनाने के मामले में केएल राहुल के बाद दूसरे पायदान पर आ गए हैं। केएल राहुल ने 57 पारियों में ये मुकाम हासिल किया था। वहीं पृथ्वी 57 पारियों में ऐसा कर पाने में सफल हुए हैं। वहीं सहवाग को इसके लिए 59 पारियां खेलनी पड़ी थीं। 

केकेआर के खिलाफ सबसे ज्यादा रन
साल 2018 में आईपीएल डेब्यू के बाद से पृथ्वी शॉ केकेआर के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में विराट कोहली के बाद दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। कोलकाता के खिलाफ पृथ्वी का बल्ला हमेशा चलता है। केकेआर के खिलाफ 7 मैच की 7 पारियों में पृथ्वी ने कुल 392 रन (62,99,14,66,82,18,51) बनाए हैं। उनसे ज्यादा 395 रन विराट कोहली ने बनाए हैं। केकेआर के खिलाफ सात पारी में पृथ्वी ने 5 अर्धशतक जड़े हैं।

कोलकाता है पृथ्वी की फेवरेट टीम
केकेआर के खिलाफ पृथ्वी शॉ को बल्लेबाजी बहुत रास आती है। उन्होंने केकेआर के खिलाफ 56 की औसत से रन बनाए हैं। जो कि अन्य टीमों के मुकाबले सबसे ज्यादा है। उनका स्ट्राइक रेट भी कोलकाता के खिलाफ 171 का है। केकेआर के खिलाफ दूसरे नंबर पर सबसे ज्यादा औसत से पृथ्वी ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ रन बनाए हैं जो कि 27.30 का है। वहीं सनराइजर्स के खिलाफ उन्होंने 26.38 की औसत से रन बनाए हैं। इस आंकड़े से यह साफ तौर पर जाहिर हो जाता है कि कोलकाता के खिलाफ पृथ्वी का बल्ला जमकर बोलता है। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।