लाइव टीवी

आईपीएल से बाहर हो सकता है दिल्ली कैपिटल्स का धाकड़ खिलाड़ी, शेन वॉटसन ने दिए संकेत

Updated May 12, 2022 | 23:01 IST

दिल्ली कैपिटल्स के सहायक कोच शेन वॉटसन ने पृथ्वी शॉ के टूर्नामेंट से बाहर होने के संकेत दिए हैं। 

Loading ...
पृथ्वी शॉ( साभार IPL)
मुख्य बातें
  • पृथ्वी शॉ नही खेल पाएंगे दिल्ली कैपिटल्स के लिए बाकी बचे दो मैच
  • पिछल तीन मैच में रहे हैं खराब तबीयत के कारण टीम से बाहर
  • 9 मैच में शॉ ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए बनाए 159.88 के स्ट्राइक रेट से 259 रन

मुंबई: आईपीएल 2022 में प्लेऑफ में पहुंचने के लिए जद्दोजहत कर रही ऋषभ पंत की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स को बड़ा झटका लग सकता है। बीमार चल रहे सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ टूर्नामेंट से बाहर हो सकते हैं इस बात के संकेत दिल्ली के सहायक कोच शेन वॉटसन ने गुरुवार को दिए। 

आखिरी दो मैचों में उपलब्ध नहीं होंगे पृथ्वी
पृथ्वी शॉ पिछले कुछ दिनों से बीमार हैं। उन्हें तेज बुखार की शिकायत के बाद मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां वो स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। शेन वाटसन ने गुरुवार को कहा कि ‘उन्हें पिछले दो हफ्तों से बुखार आ रहा है। मुझे नहीं पता कि जांच में क्या पता चला है। लेकिन उसे पिछले दो हफ्तों से बुखार था इसलिए इसके कारण का पता करना था कि उन्हें क्या हुआ है। उनके नहीं खेलने से हमारा नुकसान होगा। उम्मीद करता हूं कि वह जल्द ही स्वस्थ हो जायें लेकिन दुर्भाग्य से वह हमारे अंतिम दो मैचों तक फिट नहीं हो सकेंगे।'

टायफाइड से जूझ रहे हैं शॉ
बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ने भी राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जीत के बाद पृथ्वी शॉ की तबीयत के बारे में प्रेजेंटेशन के दौरान अपडेट दिए थे। पंत ने कहा था, हमें उनकी कमी महसूस हो रही है लेकिन वह हमारे नियंत्रण में नहीं है। उन्हें टायफाइड या उस जैसी कोई बीमारी हुई है, जैसा कि डॉक्टर ने मुझे बताया है। आशा करता हूं कि वो वापसी करेंगे लेकिन लेकिन कब तक पता नहीं है। अगर वो लौट आते हैं तो हमारी टीम में एक अच्छा खिलाड़ी फिर से शामिल हो जाएगा।

प्लेऑफ में पहुंचने के लिए जीतने होंगे बाकी बचे दो मैच 
पृथ्वी शॉ पिछले तीन मैच में दिल्ली के लिए नहीं खेल पाए हैं। दिल्ली कैपिटल्स का अगला मुकाबला 16 मई को पंजाब किंग्स से होगा। दिल्ली के खाते में 12 मैच में 6 जीत और 6 हार के साथ 12 अंक हो गए हैं। उसे प्लेऑफ में पहुंचने के लिए बाकी बचे दोनों मैच जीतने होंगे। दिल्ली कैपिटल्स को शॉ के बीमार होने के बाद से अच्छी शुरुआत नहीं मिली है। टीम को लगातार उनकी कमी खली है। आईपीएल 2022 में पृथ्वी शॉ ने खेले 9 मैच में 28.78 के औसत और 159.88 के स्ट्राइक रेट से 259 रन बनाए थे। जिसमें दो अर्धशतक शामिल हैं और उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 61 रन रहा है। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।